GGW vs DCW मुकाबले में आखिरी ओवर में नंदिनी शर्मा की हैट्रिक WPL 2026 का सबसे बड़ा मोमेंट बन गया।
वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) के चौथे मुकाबले में गुजरात जायंट्स वीमेन (GGW) और दिल्ली कैपिटल्स वीमेन (DCW) आमने सामने थीं। नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस दिल्ली कैपिटल्स वीमेन ने जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।
शुरुआती ओवरों में मुकाबला संतुलित नजर आया, लेकिन जैसे-जैसे पारी आगे बढ़ी, मैच का रुख पूरी तरह बदलता चला गया।
सोफी डिवाइन ने खेली विस्फोटक पारी
गुजरात जायंट्स वीमेन की बल्लेबाजी की कमान सोफी डिवाइन ने संभाली। उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में 95 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से सात चौके और आठ छक्के निकले।
डिवाइन की यह पारी गुजरात को बड़े स्कोर की ओर ले गई। वह शतक से सिर्फ पांच रन दूर रह गईं, लेकिन उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने दिल्ली की गेंदबाजी को पूरी तरह दबाव में डाल दिया।
डिवाइन के आउट होने के बाद कप्तान एश्ले गार्डनर ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 26 गेंदों में 49 रन बनाए और गुजरात के स्कोर को मजबूती दी।
19 ओवर के बाद गुजरात जायंट्स वीमेन 201 रन तक पहुंच चुकी थी और साफ लग रहा था कि टीम 215 से ज्यादा का स्कोर बना सकती है। जब 20वां ओवर शुरू हुआ, तब यह टीम पूरी तरह हावी नजर आ रही थी। बल्लेबाज तेजी से रन बटोर रहे थे और दिल्ली कैपिटल्स वीमेन दबाव में दिख रही थी। यहीं से मैच ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने पूरे WPL इतिहास में अपनी जगह बना ली।
नंदिनी शर्मा का ऐतिहासिक आखिरी ओवर
दिल्ली कैपिटल्स वीमेन की ओर से युवा तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा आखिरी ओवर डालने आईं। इस ओवर की पहली गेंद पर कनिका आहूजा ने सिंगल लिया फिट दूसरी गेंद पर काश्वी शर्मा को कैच आउट होकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद तीसरी गेंद पर तनुजा कंवर ने सिंगल ले लिया। अब इसके बाद जो हुआ, वह इतिहास में दर्ज हो गया।
नंदिनी शर्मा ने अपनी चौथी गेंद पर कनिका आहूजा को स्टम्प आउट कराया, फिर अगली गेंद पर उन्होंने राजेश्वरी गायकवाड़ को बोल्ड कर दिया और फिर ओवर की अंतिम गेंद पर रेणुका सिंह भी चकमा खा बैठीं और बोल्ड हो गईं। इस तरह से नंदिनी ने लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर हैट्रिक पूरी कर ली।
बता दें कि, यह WPL इतिहास की चौथी हैट्रिक थी और आखिरी ओवर में ऐसा कारनामा करना इस उपलब्धि को और भी खास बनाता है।
गुजरात जायंट्स वीमेन 209 पर सिमटी
नंदिनी शर्मा की इस शानदार गेंदबाजी के बाद गुजरात जायंट्स वीमेन की पारी 209 रन पर समाप्त हुई। आखिरी ओवर तक जो टीम 215 के पार जाती दिख रही थी, वह अचानक रुक गई। स्टेडियम का माहौल पूरी तरह बदल चुका था और दिल्ली कैपिटल्स वीमेन की टीम इस पल का जश्न मनाती दिखी।
GGW vs DCW मुकाबला WPL 2026 में नंदिनी शर्मा की ऐतिहासिक हैट्रिक के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। यह ओवर न सिर्फ मैच का, बल्कि पूरे टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मोमेंट बन गया।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







