Saturday, February 7

WPL 2026 में स्मृति मंधाना ने सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती, जबकि सोफी डिवाइन ने पर्पल कैप अपने नाम की।

वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वीमेन (RCBW) और दिल्ली कैपिटल्स वीमेन (DCW) के बीच वडोदरा में खेला गया, जहां दर्शकों को एक हाई स्कोरिंग और यादगार मुकाबला देखने को मिला। दिल्ली कैपिटल्स वीमेन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 203 रन बनाए, जो WPL फाइनल इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा।

इसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वीमेन ने स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल की शानदार पारियों की बदौलत 19.4 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 6 विकेट से मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ RCB ने WPL 2026 का खिताब अपने नाम किया। RCB वीमेन ने इस मैच में वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज भी किया। प्रेजेंटेशन के बाद इस सीजन के अवार्ड दिए गए, जिसमें अलग-अलग खिलाड़ी विजेता बने।

प्लेयर ऑफ द मैच (फाइनल) – स्मृति मंधाना

WPL 2026 फाइनल में स्मृति मंधाना ने कप्तानी पारी खेलते हुए 41 गेंदों में 87 रन बनाए। उनकी इस पारी में 12 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। दबाव वाले मुकाबले में स्मृति ने जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी की, उसी ने RCB की जीत की नींव रखी और उन्हें फाइनल प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला।

ऑरेंज कैप (सीजन में सबसे ज्यादा रन) – स्मृति मंधाना

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वीमेन की कप्तान स्मृति मंधाना WPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं, जिसके लिए उन्हें ऑरेंज कैप दिया गया। मंधाना ने इस सीजन 9 मैचों में 53.85 की औसत और 153.25 की स्ट्राइक रेट से 377 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 96 रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी के साथ 3 अर्धशतक भी निकले।

पर्पल कैप (सीजन में सबसे ज्यादा विकेट) – सोफी डिवाइन

गुजरात जायंट्स वीमेन की ऑलराउंडर सोफी डिवाइन WPL 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। उन्होंने इस सीजन 9 मैचों में 17 विकेट हासिल किए और पर्पल कैप अपने नाम की। डिवाइन ने इस सीजन 16.00 की औसत और 11.58 की स्ट्राइक रेट से विकेट किए, जबकि उनकी इकॉनमी 8.28 की रही। इसके अलावा उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/17 का रहा।

इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन – नंदिनी शर्मा

दिल्ली कैपिटल्स वीमेन की युवा तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने WPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन का अवार्ड जीता। उन्होंने इस सीजन 10 मैचों में 17 विकेट अपने नाम किए और डिवाइन के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं।

इस सीजन नंदिनी की गेंदबाजी औसत 18.58 और स्ट्राइक रेट 13.41 रही, जबकि उनकी इकॉनमी 8.31 की रही। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 5/33 का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया।

प्लेयर ऑफ द सीरीज – सोफी डिवाइन

WPL 2026 में प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवार्ड सोफी डिवाइन को मिला। इसके पीछे उनका ऑलराउंड प्रदर्शन सबसे बड़ी वजह रहा। उन्होंने बल्लेबाजी में 9 मैचों में 243 रन बनाए, जहां उनका औसत 30.37 और स्ट्राइक रेट 148.17 रहा। इस सीजन उनका सर्वोच्च स्कोर 95 रन रहा और उन्होंने 2 अर्धशतक लगाए, साथ ही 24 चौके और 13 छक्के भी जड़े।

इसके अलावा, गेंदबाजी में सोफी डिवाइन ने 9 मैचों में 17 विकेट लिए, जहां उनका औसत 16.0 और स्ट्राइक रेट 11.58 रहा। इस दौरान उनकी इकॉनमी 8.28 रही और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/17 रन रहा। इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स वीमेन के खिलाफ उन्होंने दो अलग-अलग मुकाबलों में अंतिम ओवरों में क्रमशः 6 और 8 रन डिफेंड किए, जिससे गुजरात जायंट्स को एलिमिनेटर मुकाबले में पहुंचने में निर्णायक मदद मिली।

फेयरप्ले अवार्ड – मुम्बई इंडियंस

इस सीजन मुंबई इंडियंस ने मैदान पर सबसे अच्छा खेल भावना दिखाया और इसमें उन्हें सबसे ज्यादा अंक मिले। इसीलिए, वह WPL 2026 सीजन में फेयरप्ले अवार्ड विजेता रहे। यह 2023 के बाद दूसरी बार था, जब उन्हें इस अवार्ड के लिए चुना गया। हालांकि, 2025 में खिताब जीतने वाली टीम इस सीजन प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना सकी थी।

WPL 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version