श्रीलंका की टीम इन दिनों ज़िम्बाब्वे के दौरे पर है। जहाँ इन दोनों टीमों के बीच व्हाइट बॉल की सीरीज़ खेली जानी है। इस सीरीज में 2 वनडे और 3 टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। श्रीलंकाई टीम ने इस दौरे के लिए पहले ही टीम का ऐलान कर दिया था और अब मेजबान टीम ने भी इस द्विपक्षीय सीरीज़ के लिए अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। तो चलिए जानते हैं कि इस स्क्वाड में किन खिलाड़ियों को जगह दी गई है।

ब्रेंडन टेलर की 4 सालों के बाद हुई वनडे टीम में वापसी

Brendan Taylor
Brendan Taylor

ज़िम्बाब्वे और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज़ की शुरुआत 29 अगस्त से होगी और सभी मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे। इस सीरीज़ के लिए टीम में पूर्व कप्तान ब्रेंडन टेलर की वापसी हो रही है। वो वनडे क्रिकेट में लगभग 4 सालों के बाद वापसी कर रहे हैं।

दरअसल, टेलर के ऊपर एंटी करप्शन कोड के चलते आईसीसी ने 3.5 साल का बैन लगाया था। हालाँकि, वो टेस्ट क्रिकेट में पहले ही वापसी कर चुके हैं। उन्होंने इसी महीने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ एक टेस्ट मैच खेला था, जहाँ उन्होंने 51 रन बनाए थे।

अब वनडे क्रिकेट में भी टीम उनसे वैसे ही प्रदर्शन की उम्मीद करेगी, जैसा वो पहले कर रहे थे। इस दिग्गज बल्लेबाज़ ने वनडे में अपना आखिरी मुकाबला साल 2021 में आयरलैंड के खिलाफ खेला था। वह इस समय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 9900 रन बना चुके हैं और 10 हज़ार रन पूरा करने से मात्र 10 रन पीछे हैं।

रिचर्ड एनगरावा की हुई वापसी

श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज़ के लिए गेंदबाज़ रिचर्ड एनगरावा की वापसी हो रही है। वो चोट की वजह से क्रिकेट से दूर चल रहे थे। लेकिन, उनके स्क्वाड में आने से ज़िम्बाब्वे की टीम को काफ़ी फ़ायदा मिलेगा। वो उनके सबसे बेहतरीन गेंदबाज़ों में से एक हैं। उनकी और ब्लेसिंग मुज़रबानी की जोड़ी लंकाई बल्लेबाज़ों को परेशानी में डाल सकती है।

युवा खिलाड़ियों को मिली टीम में जगह

श्रीलंका वनडे सीरीज़ के लिए ज़िम्बाब्वे की टीम में चार नए खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। जिसमें, क्लाइव मडांडे, टोनी मुनायोंगा, ब्रैड इवांस और अनकैप्ड तेज़ गेंदबाज़ अर्नेस्ट मसुकु शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट में अच्छे परफॉर्मेंस का रिवार्ड दिया गया है।

ज़िम्बाब्वे की टीम को इस होम सीज़न में पहले साउथ अफ्रीका और उसके बाद न्यूज़ीलैंड ने बुरी तरह से धूल चटाई थी, जिसके बाद सिलेक्शन कमेटी की जमकर आलोचना हुई थी कि वो जानबूझकर अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को मौका दे रहे हैं और डोमेस्टिक में परफॉर्म करने वाले प्लेयर्स को नज़रअंदाज़ किया जा रहा है। यही कारण है कि इस सीरीज़ के लिए स्क्वाड में नए खिलाड़ियों को जगह दी गई है।

कोच ने दी खिलाड़ियों को ज़िम्मेदारी लेने की सलाह

टीम के मुख्य कोच जस्टिन सैम्स ने कहा, “हम अभी-अभी रेड बॉल की एक कठिन सीरीज़ से लौटे हैं और अब हमें वनडे क्रिकेट की गति और तेजी के साथ तालमेल बिठाना होगा। श्रीलंका व्हाइट बॉल की एक मज़बूत टीम है और वो किसी भी कमज़ोरी का फ़ायदा उठा सकती है। हमें शुरुआत से ही सतर्कता बरतनी होगी।”

उन्होंने आगे कहा कि हर खिलाड़ी को स्पष्ट रूप से अपनी भूमिका समझनी होगी और अगर ऐसा होता है, तो हम श्रीलंका जैसी टीम के खिलाफ भी कड़ी चुनौती पेश करेंगे।

श्रीलंका के खिलाफ ODI सीरीज के लिए जिम्बाब्वे टीम

क्रेग इरविन (कप्तान), ब्रायन बेनेट, जोनाथन कैंपबेल, बेन करन, ब्रैड इवांस, ट्रेवर ग्वांडु, वेस्ली मढेवेरे, क्लाइव मडांडे, अर्नेस्ट मसुकु, टोनी मुनायोंगा, ब्लेसिंग मुजारबानी, रिचर्ड एनगरावा, न्यूमैन न्यामहुरी, सिकंदर रजा, ब्रेंडन टेलर, शॉन विलियम्स।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

आकाश अवस्थी स्पोर्ट्स डाइजेस्ट हिंदी में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में दो वर्षों का अनुभव रखते हैं। इससे पहले वे इंडिया न्यूज़ और स्पोर्ट्सविकी जैसे प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म्स के साथ भी काम कर चुके हैं। क्रिकेट, कबड्डी और अन्य खेलों की बारीकियों को गहराई से समझना और उन्हें आसान व रोचक अंदाज में पाठकों तक पहुंचाना उनकी खासियत है। खेल जगत के साथ साथ पॉलिटिक्स की हर हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है।

Leave A Reply

Exit mobile version