MLS 2024: Philadelphia Union midfielder Cavan Sullivan becomes youngest player of Major League Soccer
हाल ही में युवा मिडफील्डर कैवन सुलिवन ने मेजर सॉकर लीग 2024 में अपना डेब्यू किया और इसी के साथ वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने पेन्सिलवेनिया के सुबारू पार्क में न्यू इंग्लैंड रिवोल्यूशन के खिलाफ 85वें मिनट में फिलाडेल्फिया यूनियन के लिए सब्स्टीट्यूट प्लेयर के रूप में अपना डेब्यू किया। इस मुकाबले में उनकी टीम ने 5-1 से जीत भी दर्ज की।
युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी कैवन के 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद मैनचेस्टर सिटी में जाने की संभावना भी जताई जा रही है। उन्होंने पिछले कुछ सालों में फुटबॉल के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान कायम की है, जिसके चलते उन्हें पेन्सिल्वेनिया में खेले गए मुकाबले में डेब्यू करने का मौका मिला। यह उनके लिए बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार अवसर है।
MLS 2024: कैवन सुलिवन ने तोड़ा फ्रेडी अडू का 20 सालों पुराना रिकॉर्ड

युवा सुलिवन ने 14 वर्ष 293 दिन की उम्र में मेजर लीग सॉकर में डेब्यू किया। इसी के साथ उन्होंने फ्रेडी अडू का 20 सालों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। फ्रेडी ने साल 2004 में 14 वर्ष और 306 दिन की उम्र में डीसी यूनाइटेड के लिए डेब्यू किया था। इतना ही नहीं, सुलिवान अब किसी सेनियर लेवल टीम गेम में सबसे कम उम्र का उत्तर अमेरिकी खिलाड़ी भी बन गए हैं।
35 वर्षीय फ्रेडी अडू ने युवा सुलिवन के द्वारा उनका 20 सालों पुराना रिकॉर्ड तोड़े जाने पर उन्हें बधाई भी दी। उन्होंने कहा, “कैवन सुलिवन को आज के रिकार्ड तोड़ने वाले पदार्पण के लिए बहुत-बहुत बधाई। यह एक बहुत ही कठिन रिकॉर्ड है और इस बच्चे ने इसे तोड़ दिया। बहुत बढ़िया और शुभकामनाएं मेरे दोस्त।”
सुलिवन ने मई में फिलाडेल्फिया यूनियन के साथ किया था करार

28 सितम्बर 2009 में पेन्सिल्वेनिया जन्मे कैवन सुलिवन ने मई में फिलाडेल्फिया यूनियन के साथ करार किया था। वह मेजर लीग सॉकर इतिहास में सबसे महंगे घरेलू खिलाड़ी भी थे। इस करार के अनुसार वह 18 वर्ष की उम्र पूरा करने के बाद मैनचेस्टर सिटी की ओर से भी खेलते दिखेंगे।
करार के समय उन्होंने कहा था कि,“[फिलाडेल्फिया] यूनियन और [मैनचेस्टर सिटी] ग्रुप के बीच हुए कोलाबोरेशन ने मुझे काफी प्रभावित किया। मैं हमेशा मैनचेस्टर सिटी को देखता हूं। वे हर बच्चे की ड्रीम टीम की तरह हैं। फिलाडेल्फिया और मैनचेस्टर सिटी का एक साथ आना और किसी बात पर सहमत होना – मैंने अपने परिवार और अपने एजेंटों के साथ बैठकर फैसला किया कि यह सबसे अच्छी योजना है।”
यह भी बता दें कि, उनके भाई क्विन सुलिवन भी मेजर लीग सॉकर में फिलाडेल्फिया यूनियन के लिए खेलते हैं, जिनकी उम्र 20 वर्ष है। उन्होंने न्यू इंग्लैंड रिवोल्यूशन के खिलाफ खेले गए उस मुकाबले में एक गोल भी किया था, जिसमें सुलिवान ने अपना डेब्यू किया।
अपने भाई के गोल के बारे में पूछे जाने पर सुलिवन ने कहा, “यह बेहद ही शानदार था। उसका गोल बहुत बढ़िया था, इस मैच का शानदार अंत हुआ। मुझे लगता है कि उसके (क्विन) और मेरे सब्स्टीट्यूट प्लेयर के रूप में आने का कॉम्बिनेशन पूरी तरह से अराजकतापूर्ण था। ईमानदारी से कहूँ तो, यह सबसे तेज़ आवाज़ों में से एक थी जो मैंने कभी सुनी है। मुझे ऐसा लग रहा था जैसे स्टेडियम में बिजली सी दौड़ रही थी।”

सुलिवन ने अपने डेब्यू के बारे में बात करते हुए कहा, “यह तो बस शुरुआत है। मैं यह करके बहुत खुश हूं, लेकिन ईमानदारी से कहूं तो यह तो पहला काम है जो पूरा हो गया। मैं जानता हूं कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप कहां खत्म करते हैं, न कि इस बात पर कि आप कहां से शुरू करते हैं।”

