Patna Pirates vs UP Yoddhas PKL 2025 Match 7 Preview: प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 के सातवें मुकाबले में आज (01 सितम्बर 2025) जब पटना पाइरेट्स और यूपी योद्धाज आमने-सामने होंगे, तो दर्शकों को एक रोमांचक जंग देखने को मिलेगी। यह मुकाबला विशाखापट्टनम (वाइजैग) के विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा।
तीन बार की चैंपियन टीम पाइरेट्स इस बार नए कप्तान और कोच के साथ मैदान में उतरेगी, वहीं लगातार प्लेऑफ तक पहुंचने वाली टीम यूपी योद्धाज अभी अपने पहले खिताब की तलाश में है। दोनों टीमों का इतिहास, खिलाड़ियों की स्टार पावर और रणनीतिक दांव-पेंच इस मुकाबले को शुरुआती चरण का सबसे चर्चित मैच बना रहे हैं।
मैच की जानकारी
मैच: पटना पाइरेट्स बनाम यूपी योद्धाज
टूर्नामेंट: प्रो कबड्डी लीग 2025, मैच 7
तारीख: सोमवार, 1 सितंबर 2025
समय: शाम 7:30 बजे
स्थान: विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब, विशाखापट्टनम (वाइजैग)
लाइव टेलीकास्ट और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार
लाइव स्कोर और अपडेट: prokabaddi.com और प्रो कबड्डी ऑफिशियल ऐप पर उपलब्ध
यह भी पढ़ें: PKL 12: प्रो कबड्डी लीग 2025 फ्री में लाइव कहां और कैसे देखें?
पटना पाइरेट्स
पटना पाइरेट्स प्रो कबड्डी इतिहास की सबसे सफल टीम है। टीम ने सीजन 3, 4 और 5 में लगातार तीन खिताब जीतकर ऐसा कारनामा किया, जो आज तक कोई और टीम नहीं कर पाई। हालांकि, दिग्गज खिलाड़ियों जैसे प्रदीप नरवाल और कोच राम मेहर सिंह के जाने के बाद टीम का प्रदर्शन अस्थिर हो गया।
यह भी पढ़ें: PKL 12 का पूरा शेड्यूल यहाँ देखें
सीजन 6 और 7 में पाइरेट्स ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई, लेकिन इसके बाद टीम ने फिर वापसी की। सीजन 8 में फाइनल तक पहुंची और रनर-अप रही। सीजन 10 में सेमीफाइनल तक पहुंची और पिछले सीजन यानी 11 में एक बार फिर फाइनल खेला लेकिन खिताब जीतने से चूक गई।
इस बार टीम की कमान अंकित जगलान के हाथों में है, जबकि कोच की जिम्मेदारी पूर्व स्टार खिलाड़ी अनूप कुमार के पास है। टीम ने अनुभवी रेडर मनींदर सिंह पर भरोसा जताया है, जो लीग के दूसरे सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट बनाने वाले खिलाड़ी हैं। इनके अनुभव से टीम को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।
यूपी योद्धाज
यूपी योद्धाज ने जबसे प्रो कबड्डी लीग में कदम रखा है, लगातार एक मजबूत टीम के रूप में अपनी पहचान बनाई है। टीम ने अब तक सात सीजन खेले हैं और उनमें से छह बार प्लेऑफ में जगह बनाई है।
सीजन 5 से लेकर सीजन 9 तक लगातार प्लेऑफ में पहुंचने वाली यह टीम कभी भी लीग स्टेज में टॉप-2 पोजिशन हासिल नहीं कर पाई। सीजन 10 में टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी, लेकिन पिछले सीजन यानी 11 में एक बार फिर प्लेऑफ तक पहुंची।
इस टीम की खासियत मजबूत डिफेंस है, जिसमें कप्तान सुमित और आंशू सिंह की जोड़ी सबसे अहम है। रेडिंग में इस बार टीम ने गुमान सिंह पर भरोसा जताया है, जिनके साथ गगन गौड़ा और भवानी राजपूत जैसे युवा चेहरे भी टीम को मजबूती देंगे। सीजन 12 की शुरुआत में ही योद्धाज ने तेलुगु टाइटंस को हराकर शानदार आगाज किया, जिसमें गगन गौड़ा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सबका ध्यान खींचा।
पटना पाइरेट्स बनाम यूपी योद्धाज हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
पटना पाइरेट्स और यूपी योद्धाज के बीच अब तक 17 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से पटना ने 10 बार जीत दर्ज की है, जबकि यूपी 6 बार विजेता रहा है और 1 मैच टाई पर खत्म हुआ है।
पिछले दो सीजनों की बात करें तो 6 मुकाबलों में पटना ने 4 जीत दर्ज की है, जबकि यूपी ने 2 मैच अपने नाम किए हैं। हालांकि, सीजन 11 में योद्धाज ने पटना की 3 मैचों की जीत की लय को तोड़कर अहम जीत हासिल की थी। यही वजह है कि यह मुकाबला बराबरी का माना जा रहा है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग सेवन
पटना पाइरेट्स:
राइट कॉर्नर – सोंबीर
राइट इन – मनींदर सिंह
राइट कवर दीपक सिंह
सेंटर – सुधाकर एम
लेफ्ट कवर – संकेत सावंत
लेफ्ट इन – अयान
लेफ्ट कॉर्नर – अंकित जगलान (कप्तान)
यूपी योद्धाज:
राइट कॉर्नर – हितेश
राइट इन – भवानी राजपूत
राइट कवर – आंशू सिंह
सेंटर – गुमान सिंह
लेफ्ट कवर – महेंद्र सिंह
लेफ्ट इन – गगन गौड़ा
लेफ्ट कॉर्नर – सुमित (कप्तान)
पटना पाइरेट्स बनाम यूपी योद्धाज: ताकत और कमजोरियां
पटना पाइरेट्स की ताकतें
पटना पाइरेट्स का सबसे बड़ा सहारा उनका अनुभव है। मनींदर सिंह जैसे अनुभवी रेडर के पास लीग का लंबा अनुभव है और वे किसी भी मैच का पासा पलटने की क्षमता रखते हैं। इसके अलावा, अंकित जगलान और सोंबीर की डिफेंस जोड़ी विपक्षी रेडर्स को रोकने में दमदार साबित हो सकती है।
अनूप कुमार जैसे दिग्गज खिलाड़ी का कोच बनना भी टीम के लिए बोनस है। अनूप का खेल पढ़ने और रणनीति बनाने का अंदाज टीम को नई दिशा दे सकता है।
पटना पाइरेट्स की कमजोरियां
हालांकि टीम में अनुभव है, लेकिन रेडिंग विभाग पूरी तरह मनींदर सिंह पर निर्भर नज़र आ रहा है। अगर उन्हें जल्दी बाहर कर दिया गया तो बाकी रेडर्स पर दबाव आ सकता है। टीम की बैकअप रेडिंग ताकत उतनी मजबूत नहीं है।
यूपी योद्धाज की ताकतें
यूपी योद्धाज की सबसे बड़ी ताकत उनकी स्थिरता और डिफेंस है। कप्तान सुमित और आंशू सिंह की जोड़ी लीग में सबसे मजबूत मानी जाती है। इसके अलावा गुमान सिंह और गगन गौड़ा जैसे युवा रेडर्स ने पहले ही मैच में बेहतरीन तालमेल दिखाया है। यूपी के पास बैलेंस्ड टीम है, जिसमें रेडिंग और डिफेंस दोनों ही विभाग में अच्छे विकल्प मौजूद हैं।
यूपी योद्धाज की कमजोरियां
यूपी की कमजोरी है उनका बड़े मैचों में दबाव झेलना। प्लेऑफ तक पहुंचने के बावजूद टीम कभी फाइनल नहीं जीत पाई है। इसके अलावा अगर उनके युवा रेडर्स दबाव में आ गए तो टीम की रेडिंग पर असर पड़ सकता है।
कौन जीत सकता है यह मुकाबला?
यह मुकाबला बेहद कड़ा होने वाला है, क्योंकि दोनों टीमों के पास जीत का दम है। पाइरेट्स अनुभव के दम पर मैदान में उतरेंगे, जबकि योद्धाज युवा खिलाड़ियों की ऊर्जा के साथ चुनौती पेश करेंगे। अगर मनींदर सिंह पूरे मैच में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो पटना पाइरेट्स बाजी मार सकती है। वहीं अगर गगन गौड़ा और गुमान सिंह शुरुआती रेड्स में बढ़त दिला देते हैं तो यूपी योद्धाज जीत सकती है।
संभावित नतीजा: यह मैच बहुत नजदीकी रह सकता है, लेकिन मौजूदा फॉर्म और बैलेंस को देखते हुए यूपी योद्धाज को हल्की बढ़त मिलती दिख रही है।
कबड्डी से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







