सुपरस्टार Rajinikanth ने चेन्नई स्थित अपने आवास पर 2024 में मात्र 18 वर्ष की उम्र में वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का खिताब जीतने वाले Gukesh D के साथ मुलाकात की और उन्हें सबसे युवा चैंपियन बनने पर बधाई दी।
थलाइवा ने वर्ल्ड चेस चैंपियन को पोएस गार्डन स्थित घर में आमंत्रित किया था। इस मुलाक़ात के दौरान गुकेश की माँ डॉ. पद्मा कुमारी और उनके पिता डॉ. रजनीकांत भी साथ थे। जी हाँ! 18 वर्षीय चैंपियन के पिता और सुपरस्टार का नाम मिलता-जुलता है।
गुकेश डी ने रजनीकांत के साथ अपने परिवार की तस्वीरों के साथ लिखा , “सुपरस्टार रजनीकांत सर, आपकी हार्दिक शुभकामनाओं और निमंत्रण, समय बिताने और हमारे साथ अपने ज्ञान को साझा करने के लिए धन्यवाद।”

बता दें कि, तमिलनाडु से ताल्लुक रखने वाले गुकेश डी को हाल ही में गलाट्टा नक्षत्र और गलाट्टा वंडर वुमेन अवार्ड्स 2024 में द प्राइड ऑफ इंडिया-स्पोर्ट्स अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था। इस अवार्ड शो में कई तमिल अभिनेता और बॉलीवुड स्टार मौजूद थे।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो पोस्ट में तमिल सुपरस्टार कार्थी उन्हें अवार्ड देते और वर्ल्ड चेस चैंपियन बनने की बधाई देते हुए दिख रहे हैं। इस शो के बाद गुकेश ने कई अभिनेताओं से मुलाकात की और उनसे बधाई प्राप्त की।
गुकेश ने थलाइवा रजनीकांत से मिलने से पहले तमिल सुपरस्टार शिवाकार्तिकेयन से भी मुलाक़ात की, जिसकी फोटो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। बता दें कि, शिवाकार्तिकेयन की अक्टूबर में रिलीज हुई फिल्म अमारन बॉक्स ऑफिस पर काफी हिट साबित हुई थी और उनके करियर की 25वीं फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो चुकी है, जिसमें जयम रवि भी दिखाई देने वाले हैं।

गौरतलब हो कि, भारत के 18-वर्षीय युवा खिलाड़ी गुकेश डोमाराजू ने 12 दिसम्बर को सिंगापुर में वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन डिंग लिरेन को हराकर इतिहास रच दिया था।
डिंग लिरेन को हराने के बाद 18 वर्षीय गुकेश वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का खिताब जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने गैरी कास्पारोव के सबसे युवा वर्ल्ड चेस चैंपियन बनने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। उनकी यह जीत दिग्गज विश्वनाथन आनंद के बाद भारत का दूसरा वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप खिताब भी है।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरें पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







