चेस के वर्ल्ड नंबर 1 Magnus Carlsen ने हाल ही में एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने उनके फैंस को हैरान कर दिया है। पांच बार के वर्ल्ड चैंपियन और पिछले एक दशक से चेस की दुनिया पर राज कर रहे मैग्नस कार्लसन ने माना कि एक ऐसा प्रतिद्वंदी है, जिसे वह आज तक कभी नहीं हरा सके हैं। हैरान करने वाली बात ये है कि उनका ये प्रतिद्वंदी कोई इंसान नहीं, बल्कि उनका खुद का स्मार्टफोन है।
अपने फोन को क्यों नहीं हरा पाते मैग्नस कार्लसन?
मैग्नस कार्लसन ने एक इंटरव्यू के दौरान मजाकिया अंदाज में कहा, “मुझे अपने फोन के खिलाफ कोई मौका नहीं मिलता।”
दरअसल, वह स्मार्टफोन में मौजूद चेस इंजन की बात कर रहे थे। ये इंजन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए काम करते हैं, जो इंसानों से कई गुना तेज और सटीक चालें चलने की क्षमता रखते हैं।
कार्लसन ने बताया इंजन ने कैसे बदला चेस का खेल
मैग्नस कार्लसन ने बताया कि पहले चेस इंजन सिर्फ खिलाड़ियों की तैयारी के लिए होते थे, लेकिन अब ये ग्रैंडमास्टर्स से भी ज्यादा ताकतवर हो गए हैं।
उन्होंने कहा, “ये इंजन हमारी तैयारी के लिए जरूरी हैं, लेकिन प्रैक्टिस में ये हमें हमारी औकात दिखा देते हैं।”
Stockfish और Leela Chess Zero जैसे AI आधारित चेस इंजन हर सेकंड में लाखों चालों की गणना कर सकते हैं और सही से सही चाल निकाल सकते हैं।
क्या Magnus Carlsen ने कभी कंप्यूटर को हराया है?
मैग्नस कार्लसन ने बताया कि उन्होंने एक बार कमजोर चेस इंजन को हराया था। उन्होंने कहा, “मैंने खेल की स्थिति को जितना हो सके, बंद कर दिया ताकि इंजन गणना न कर सके। मैंने बिना किसी टैक्टिक्स या भागदौड़ के चालों को धीमा कर दिया और खेल को रणनीतिक बना दिया।”
हालांकि, उन्होंने साफ किया कि यह तरीका सिर्फ कमजोर इंजनों पर काम करता है। उन्होंने कहा, “अब के इंजन सिर्फ गणना ही नहीं करते, बल्कि वे समझते भी हैं।”
कार्लसन का यह बयान सिर्फ एक मजाकिया किस्सा नहीं है, बल्कि यह AI के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। आज के समय में चेस इंजन इंसानों को मात देने के लिए बनाए गए हैं, लेकिन इंसान की क्रिएटिविटी और नई रणनीति बनाने की क्षमता का कोई मुकाबला नहीं है।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरें पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







