Laver Cup 2024: Grigor Dimitrov came as Rafael Nadal replacement in Team Europe
राफेल नडाल (Rafael Nadal) के लेवर कप 2024 (Laver Cup 2024) से हटने की घोषणा करने के बाद बुल्गारिया के टेनिस स्टार ग्रिगोर दिमित्रोव (Grigor Dimitrov) टीम यूरोप में उनकी जगह लेंगे। यह चैंपियनशिप जर्मनी की राजधानी बर्लिन में 20 सितंबर से 22 सितंबर, 2024 तक खेला जाएगा। बता दें कि, लेवर कप एक इनडोर हार्ड-कोर्ट टूर्नामेंट है, जो टीम यूरोप और टीम वर्ल्ड के बीच खेला जाता है।
नडाल ने गुरूवार को सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर लेवर कप 2024 (Laver Cup 2024) में हिस्सा ना लेने की पुष्टि की थी, जिसके चलते ग्रिगोर दिमित्रोव (Grigor Dimitrov) को यह मौक़ा मिला है। उन्होंने अपने पोस्ट पर कई भावनात्मक बातें भी लिखीं हैं, क्योंकि वह इससे पहले टीम यूरोप के लिए लेवर कप खेल चुके हैं।

राफेल नडाल ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा:
मुझे यह बताते हुए बहुत निराशा हो रही है कि मैं अगले सप्ताह बर्लिन में होने वाले लेवर कप में भाग नहीं ले पाऊँगा। यह एक टीम प्रतियोगिता है और टीम यूरोप का वास्तव में समर्थन करने के लिए, मुझे उनके लिए सबसे अच्छा करने की ज़रूरत है और इस समय ऐसे अन्य खिलाड़ी भी हैं जो टीम को जीत दिलाने में मदद कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि लेवर कप में खेलने की उनकी कई भावनात्मक यादें हैं और और वह दूर से ही टीम यूरोप का उत्साहवर्धन करेंगे।
नडाल ने कहा:
लेवर कप खेलने की मेरी कई बेहतरीन, भावनात्मक यादें हैं और मैं अपने साथियों और कप्तान के रूप में अपने अंतिम वर्ष में ब्योर्न के साथ होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा था। मैं टीम यूरोप को शुभकामनाएं देता हूं और दूर से ही उनका उत्साहवर्धन करूंगा।

हालांकि, स्पेनिश खिलाड़ी ने न तो लेवर कप 2024 से हटने का कारण बताया और न ही प्रतिस्पर्धी टेनिस में वापसी के बारे में कुछ बताया। नडाल ने अंतिम बार पेरिस ओलंपिक 2024 में प्रोफेशनल टेनिस खेला था था, जहां वह अपने दूसरे दौर के मैच में गोल्ड मेडल विजेता विजेता नोवाक जोकोविच से हार गए थे।
बता दें कि 22 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले राफेल नडाल ने मौजूदा सत्र में चार में से तीन ग्रैंड स्लैम चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले सके हैं। उन्होंने इस साल सिर्फ फ्रेंच ओपन 2024 में खेला था, जिसमें उन्हें पहले राउंड में ही एलेक्जेंडर ज़ेवरेव से हारना पड़ा।

38 वर्षीय बाएं हाथ के खिलाड़ी को इस सीजन में केवल एक ही टूर्नामेंट खेलना है। नडाल के 16 से 19 अक्टूबर तक रियाद में होने वाले सिक्स किंग्स स्लैम में खेलने की उम्मीद है। हालाँकि, यह टूर्नामेंट एटीपी टूर पर नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय सर्किट पर एक प्रदर्शनी टूर्नामेंट है। बता दें कि नडाल सऊदी टेनिस महासंघ के एम्बेसडर हैं और संभवतः वे रियाद में सिक्स किंग्स स्लैम में खेलेंगे या उसमें भाग लेंगे।







