Novak Djokovic Beats Taylor Fritz to Reach US Open 2025 Semi-final: यूएस ओपन 2025 में पुरुष सिंगल्स के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में सर्बिया के दिग्गज नोवाक जोकोविच ने एक बार फिर अपने अनुभव और जुझारूपन का सबूत दिया।
टेलर फ्रिट्ज ने उन्हें कड़ी टक्कर दी, लेकिन जोकोविच ने चार सेटों में जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। यह जीत उनके करियर की 53वीं ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल एंट्री रही, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।
जोकोविच की जीत का सफर
जोकोविच ने फ्रिट्ज को 6-3, 7-5, 3-6, 6-4 से हराया। यह मैच तीन घंटे 24 मिनट तक चला और इसमें कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले। शुरुआती सेट में जोकोविच ने अपना दबदबा दिखाया और 6-3 से बढ़त बना ली। दूसरे सेट में फ्रिट्ज ने उन्हें कड़ी चुनौती दी और कई मौके भी बनाए, लेकिन जोकोविच ने दबाव में धैर्य दिखाया।
हालांकि, तीसरे सेट में फ्रिट्ज ने शानदार वापसी करते हुए 6-3 से जीत दर्ज की। इसके अलावा, चौथे सेट में भी मुकाबला रोमांचक रहा, लेकिन आखिरकार अनुभव ने जीत दिलाई।
फ्रिट्ज का मिस्ड मौका
इस मैच का अहम पहलू फ्रिट्ज की ब्रेक प्वाइंट कन्वर्ज़न रही। उन्होंने 13 ब्रेक प्वाइंट हासिल किए, लेकिन सिर्फ 2 को ही गेम जीतने में बदल पाए। पहले दो सेटों में उन्होंने कई मौके गंवाए, जिससे जोकोविच को बढ़त बनाए रखने का मौका मिला।
खासतौर, पर दूसरे सेट में जब फ्रिट्ज ने ब्रेक किया था, तभी अगले गेम में डबल फॉल्ट ने उन्हें नुकसान पहुंचा दिया। यही गलती उन्हें पूरे मुकाबले में भारी पड़ी।
जोकोविच का अनुभव और धैर्य
जोकोविच ने बाद में स्वीकार किया कि यह मुकाबला किसी भी तरफ जा सकता था। उन्होंने कहा कि “कई मौकों पर किस्मत ने मेरा साथ दिया और मैंने अहम ब्रेक प्वाइंट बचाए।”
उन्होंने यह भी माना कि तीसरे सेट में फ्रिट्ज बेहतर खिलाड़ी थे और लगातार आक्रामक खेल रहे थे। लेकिन जब-जब मुश्किल समय आया, जोकोविच ने बड़े खिलाड़ियों वाली क्लच परफॉर्मेंस दिखाई।
तीसरे और चौथे सेट के दौरान न्यूयॉर्क की भीड़ भी उनके लिए चुनौती बनी। दर्शकों ने कई बार उनके मिस सर्विस पर शोर मचाया। जोकोविच ने चेयर अंपायर से भी शिकायत की कि माहौल नियंत्रित रखा जाए। हालांकि, उन्होंने अपना ध्यान खेल पर केंद्रित रखा और अंत में फ्रिट्ज की गलतियों का फायदा उठाते हुए जीत दर्ज की।
नोवाक जोकोविच ने दर्ज की ऐतिहासिक उपलब्धि
इस जीत के साथ ही जोकोविच ने यूएस ओपन के इतिहास में 14वीं बार सेमीफाइनल में जगह बनाई और इस मामले में वह जिमी कॉनर्स की बराबरी पर पहुंच गए। उन्होंने अब तक चार बार (2011, 2015, 2018 और 2023) यूएस ओपन खिताब जीता है। इसके अलावा यह सातवीं बार है, जब उन्होंने एक ही सीजन में चारों ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचने का कारनामा किया है।
सेमीफाइनल में अल्काराज से होगी हाई-वोल्टेज भिड़ंत
अब सेमीफाइनल में जोकोविच का सामना स्पेन के युवा स्टार कार्लोस अल्काराज से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक आठ मुकाबले हुए हैं, जिसमें जोकोविच 5-3 से आगे हैं। खास बात यह है कि पिछले दो मुकाबलों में उन्होंने अल्काराज को हराया है। लेकिन यूएस ओपन में दोनों पहली बार आमने-सामने होंगे, इसलिए यह टक्कर बेहद खास मानी जा रही है। अल्काराज की युवा ऊर्जा और जोकोविच का अनुभव इस सेमीफाइनल को टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण बना देगा।
मैच के बाद जोकोविच ने बेटी के साथ मनाया का जश्न
फ्रिट्ज पर जीत दर्ज करने के बाद जोकोविच ने कोर्ट पर अपनी बेटी तारा के जन्मदिन पर ‘सोड़ा पॉप’ के-पॉप डांस मूव्स दिखाए। यह उनके परिवार के लिए एक खास समर्पण था, जिसने दर्शकों से भी खूब तालियां बटोरीं।
नोवाक जोकोविच ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों उन्हें आधुनिक टेनिस का सबसे बड़ा खिलाड़ी माना जाता है। दबाव में भी संयम और निर्णायक क्षणों में सटीक शॉट्स ही उन्हें खास बनाते हैं। अब सबकी निगाहें अल्काराज के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल पर टिकी होंगी, जहां नई पीढ़ी और अनुभव का टकराव देखने लायक होगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
प्रश्न 1. नोवाक जोकोविच ने यूएस ओपन 2025 में टेलर फ्रिट्ज को किस स्कोर से हराया?
उत्तर: जोकोविच ने यूएस ओपन 2025 के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में फ्रिट्ज को 6-3, 7-5, 3-6, 6-4 से हराया।
प्रश्न 2. इस जीत के बाद जोकोविच ने कौन सा रिकॉर्ड बराबर किया?
उत्तर: उन्होंने जिमी कॉनर्स के साथ यूएस ओपन में सबसे ज्यादा (14) सेमीफाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड साझा किया।
प्रश्न 3. जोकोविच और फ्रिट्ज के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड क्या है?
उत्तर: जोकोविच अब तक फ्रिट्ज को हर मुकाबले में हरा चुके हैं और यूएस ओपन 2025 में जीतने के बाद उनका रिकॉर्ड 11-0 हो गया है।
प्रश्न 4. सेमीफाइनल में जोकोविच का सामना किस खिलाड़ी से होगा?
उत्तर: यूएस ओपन 2025 के सेमीफाइनल में जोकोविच का मुकाबला स्पेन के कार्लोस अल्काराज से होगा।
प्रश्न 5. जोकोविच ने अब तक कितनी बार यूएस ओपन का खिताब जीता है?
उत्तर: जोकोविच ने अब तक चार बार (2011, 2015, 2018 और 2023) में यूएस ओपन का खिताब जीता है।
टेनिस से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







