मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में हर सीजन के साथ मुकाबले रोमांचक होते जा रहे हैं। इस लीग में जहां गेंदबाज़ों की धार देखने को मिलती है, वहीं बल्लेबाज़ों ने भी कई बार बड़े लक्ष्य को हासिल कर अपनी टीम को जीत दिलाई है। खासकर पिछले तीन सालों में ऐसे कई मौक़े आए हैं जब टीमों ने असंभव से दिखने वाले लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार जीत दर्ज की है।
MLC 2025 में एक से बढ़कर एक मुकाबले खेले गए हैं और इस सीजन फैंस को इस टूर्नामेंट के इतिहास का पहला 200+ रन चेज भी देखने को मिला। इसके अलावा, अब तक के टॉप 2 रन चेज भी इसी सीजन हुए। हालांकि, मेजर लीग क्रिकेट इतिहास में अब तक सिर्फ पांच बार ही 180 रनों से ज्यादा का टारगेट चेज हुआ है, जिसमें से तीन 2025 में और दो रन चेज 2023 में हुए हैं। अब आइए नज़र डालते हैं MLC के इतिहास में अब तक के टॉप 5 सबसे बड़े सफल रन चेज़ पर।
ये हैं मेजर लीग क्रिकेट इतिहास में अब तक के टॉप 5 सबसे बड़े सफल रन चेज़
5. MI न्यूयॉर्क – 184/3 (टारगेट: 184) बनाम ऑर्कस, 2023
MLC 2023 के फाइनल मुकाबले में MI न्यूयॉर्क ने ऑर्कस के खिलाफ 184 रनों के टारगेट को बड़ी आसानी से मात्र 16 ओवरों में ही चेज़ कर लिया और पहला खिताब भी जीता। इस मैच में सिएटल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए क्विंटन डी कॉक की 91 रनों की पारी के चलते 9 विकेट खोकर 183 रन बनाए थे और न्यूयॉर्क के सामने 184 रनों का लक्ष्य रखा था।
184 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूयॉर्क की ओर से निकोलस पूरन ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों पर 10 चौकों और 13 छक्कों की मदद से 137* रनों की नाबाद पारी खेलकर जीत दिलाई थी। उनकी इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था।
4. सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स – 188/7 (टारगेट: 184) बनाम MI न्यूयॉर्क, 2025
2025 के सीजन में सैन यूनिकॉर्न्स ने MI न्यूयॉर्क के खिलाफ 184 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की थी। इस मुकाबले में न्यूयॉर्क ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 182 रन बनाए थे, जिसमें क्विंटन डी कॉक ने सबसे ज्यादा 38 गेंदों पर 63 रन बनाए थे और अंत में किरोन पोलॉर्ड ने 16 गेंदों पर 30 रन बनाए थे।
183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सैन फ्रांसिस्को की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और वह 42 के स्कोर पर 4 विकेट गंवाकर इस रन चेज में काफी पीछे भी रह गए। हालांकि, इसके बाद हसन खान ने 17 गेंदों पर 41 और अंत में ऑस्ट्रेलियाई बॉलिंग ऑलराउंडर जेवियर बार्टलेट ने 25 गेंदों पर 59* रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिला दी, जिसकी शायद किसी को उम्मीद नहीं थी।
3. सिएटल ऑर्कस – 195/8 (टारगेट: 195) बनाम MI न्यूयॉर्क, 2023
2023 के सीजन में सिएटल ऑर्कस ने शानदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए न्यूयॉर्क के खिलाफ 195 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया था, जो 2025 से पहले तक MLC इतिहास का सबसे बड़ा रन भी था। इस मुकाबले में MI न्यूयॉर्क ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 194 रन बनाए थे, जिसमें निकोलस पूरन की 34 गेंदों पर 68 रनों की तेजतर्रार पारी शामिल थी।
हालांकि, सिएटल की टीम इस रन चेज में मुश्किल में फंस गई थी, लेकिन हेनरिक क्लासेन ने 44 गेंदों पर 9 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 110 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी थी और प्लेयर ऑफ द मैच बने थे। उनके अलावा नौमान अनवर ने भी 30 गेंदों पर 51 रनों की पारी खेली थी, जबकि सिएटल के अन्य बल्लेबाज 10 से ज्यादा रन नहीं बना सके थे।
2. सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स – 202/3 (टारगेट: 199) बनाम टेक्सास सुपर किंग्स, 2025
MLC 2025 के 10वें मुकाबले में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने मेजर लीग क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे सफल रन चेज किया। डलास में खेले गए इस मैच में टेक्सास ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान फाफ डु प्लेसी की 51 गेंदों पर 100 रनों की बेहतरीन पारी की बदौलत 198/5 का स्कोर बनाया और सैन फ्रांसिस्को के सामने 199 रनों का लक्ष्य रखा।
199 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी सैन फ्रांसिस्को की टीम के सलामी बल्लेबाजों ने शुरूआती 10 ओवरों में ही मुकाबले को एकतरफा कर दिया और 138 रन जोड़ डाले। कप्तान मैथ्यू शॉर्ट (29 गेंदों पर 61 रन) और फिन ऐलन (35 गेंदों पर 78 रन) ने इस मैच में 74 गेंदों में 169 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की, जिसकी बदौलत सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने मात्र 16.1 ओवरों में ही 7 विकेट से जीत हासिल कर ली। इस सीजन अपना पहला मैच खेल रहे शॉर्ट को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
1. MI न्यूयॉर्क – 203/3 (टारगेट: 201) बनाम सिएटल ऑर्कस, 2025
MLC के इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज़ 18 जून 2025 को ऑकलैंड में देखने को मिला, जब MI न्यूयॉर्क टीम ने सिएटल ऑर्कस के खिलाफ 201 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 3 विकेट खोकर 203 रन बना डाले। इस मुकाबले में ऑर्कस ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवरों में 200 रन बनाए थे और न्यूयॉर्क को 201 रनों का लक्ष्य दिया था।
जवाब में उतरी न्यूयॉर्क ने मात्र 19 ओवरों में ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया और 7 विकेट से जीत दर्ज की। इस रोमांचक जीत में मोनांक पटेल का सबसे बड़ा योगदान रहा, जिन्होंने 50 गेंदों पर 93 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। इस मैच की बदौलत न्यूयॉर्क टीम का नाम MLC इतिहास में सबसे बड़े सफल रन चेज़ का रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया।
[नोट: ये आँकड़े 21 जून 2025 भारतीय समयानुसार 09:45 तक अपडेटेड हैं।]
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

