Neeraj Chopra: भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा अब ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक टूर्नामेंट जीतने के बाद भी खुश नहीं दिखे हैं। इस बार गोल्डन स्पाइक टूर्नामेंट में कुल 9 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। यहां पर नीरज ने 85.29 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा यह वही टूर्नामेंट हैं जिसको नीरज के कोच और विश्व रिकॉर्ड होल्डर जेन जेलेज्नी ने अपने करियर में नौ बार जीता था। क्यूंकि उन्होंने साल 1986 से 2006 के बीच ये खिताब जीते थे।
इस जीत के बाद नीरज ने क्या कहा :-
भारत के स्टार एथलीट नीरज ने जीत के बाद कहा कि, “मैं अपने इस प्रदर्शन से खुश नहीं हूं। लेकिन फिर भी इस बात की खुशी है कि मैंने यह खिताब जीता। इसके अलावा मैं बचपन में यह टूर्नामेंट देखा करता था।

उस समय मैंने जेलेज्नी और उसेन बोल्ट जैसे दिग्गजों को गोल्डन स्पाइक जीतते देखा और मुझे लगता था कि मैं भी एक दिन जीतूंगा। मेरा वह सपना आज सच हो गया है। वहीं मुझे पता है कि चेक गणराज्य में भालाफेंक काफी लोकप्रिय है। तभी तो यहां दर्शकों से हमें अपार समर्थन मिला। इसके अलावा काश कि मैं यहां और अच्छा प्रदर्शन कर पाता।”
गोल्डन स्पाइक में नीरज का प्रदर्शन :-
भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने इस टूर्नामेंट में फाउल के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 83.45 मीटर का थ्रो किया। इस थ्रो के बाद वह तीसरे स्थान पर थे। जबकि अपने तीसरे दौर में 85.29 मीटर के थ्रो के साथ वह शीर्ष पर पहुंच गए। इसके बाद उनके अगले दो थ्रो 82.17 मीटर और 81.01 मीटर के रहे थे। जबकि उनका आखिरी थ्रो फाउल रहा। इसके अलावा पिछले दो सत्र में वह यहां फिटनेस कारणों से खेल नहीं पाए थे।

इस समय नीरज चोपड़ा 27 वर्ष के हैं। वहीं इससे पहले इस सत्र में मई में दोहा डायमंड लीग में 90 मीटर की बाधा पार करके नीरज चोपड़ा ने दूसरा स्थान हासिल करते हुए रजत पदक जीता था। इसके बाद फिर नीरज ने पेरिस डायमंड लीग का खिताब जीता था। इसके अलावा साल 2018 में नीरज यहां आईएएएफ कांटिनेंटल कप में एशिया प्रशांत टीम का हिस्सा थे। तब वह यहां पर 80.24 मीटर के थ्रो के साथ छठे स्थान पर रहे थे। इसके बाद अब वह बंगलूरू में पांच जुलाई को नीरज चोपड़ा क्लासिक टूर्नामेंट में भाग लेंगे। इसमें पीटर्स और रोहलेर भी खेलते दिखाई देंगे।
इस समय काफी अच्छी लय में चल रहे हैं नीरज :-
भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा इस सीजन काफी शानदार लय में दिखाई दे रहे हैं। क्यूंकि उन्होंने अभी हाल ही में पेरिस डायमंड लीग जीता था। इसके अलावा उन्होंने पिछले महीने दोहा डायमंड लीग में दूसरे स्थान पर रहते हुए 90 मीटर का आंकड़ा भी पार किया था।

तब उनका 90.23 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो रहा था। इसके बाद अब उन्होंने गोल्डन स्पाइक टूर्नामेंट जीतकर अपनी लय बरकरार रखी है। वहीं नीरज शुरुआत से ही इस टूर्नामेंट को जीतने के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

