New Tie-Breaking Rule in PKL 12 League Stage Matches Explained: प्रो कबड्डी लीग (PKL) का 12वां सीजन 29 अगस्त 2025 से शुरू हो चुका है और फैंस का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट का पहला लेग विशाखापट्टनम (वाइजैग) में खेला जा रहा है इसके बाद कबड्डी का यह कारवां जयपुर, चेन्नई और दिल्ली पहुंचेगा, जिससे देशभर के फैंस को अपने शहर में लाइव मैच देखने का मौका मिलेगा।
PKL 2025 का ओपनिंग वीकेंड बेहद ही खास रहा, क्योंकि पहले दिन राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में डबल धमाका देखने को मिला। पहले मुकाबले में तेलुगु टाइटंस का सामना तमिल थलाइवाज से हुआ, जबकि दूसरे मैच में बेंगलुरु बुल्स और पुनेरी पलटन आमने-सामने हुईं।
PKL 12 को और ज्यादा रोमांचक बनाने के लिए लीग स्टेज का फॉर्मेट पहले से बड़ा किया गया है। इस बार कुल 108 लीग मैच खेले जाएंगे और हर टीम को 18 मुकाबले मिलेंगे। इससे खिलाड़ियों के सामने कड़ा टेस्ट होगा और फैंस को लगातार हाई-वोल्टेज कबड्डी एक्शन देखने को मिलेगा।
PKL 12 में क्यों आया नया टाई-ब्रेकिंग रूल?
पिछले सीजन तक लीग स्टेज के मुकाबले अगर बराबरी पर खत्म होते थे, तो दोनों टीमों को अंक साझा करने पड़ते थे। टाई-ब्रेकिंग का नियम सिर्फ प्लेऑफ मैचों में लागू होता था। लेकिन अब लीग स्टेज के हर मुकाबले में नतीजा तय करना जरूरी होगा। इसी वजह से आयोजकों ने नया टाई-ब्रेकिंग सिस्टम लागू किया है, ताकि हर मैच का एक विजेता जरूर निकले और फैंस को ज्यादा रोमांचक पल मिलें।
नया टाई-ब्रेकिंग रूल कैसे काम करेगा?
अगर लीग स्टेज का कोई मैच बराबरी पर खत्म होता है, तो उसके बाद दोनों टीमों के बीच पांच-रेड का शूटआउट खेला जाएगा। इसमें खास नियम बनाए गए हैं:
- दोनों टीमों को 7-7 खिलाड़ी उतारने होंगे और बॉक लाइन को बॉक लाइन कम बोनस लाइन माना जाएगा।
- हर टीम को 5 अलग-अलग रेडर्स चुनने होंगे जो बारी-बारी से रेड करेंगे।
- इस दौरान आउट और रिवाइवल के नियम लागू नहीं होंगे, सिर्फ रेड में मिले अंक गिने जाएंगे।
- अगर पांच रेड के बाद भी स्कोर बराबर रहता है तो गोल्डन रेड का नियम लागू होगा।
गोल्डन रेड से तय होगा विजेता
गोल्डन रेड वह पल होगा जहां पूरा मुकाबला सिर्फ एक रेड पर निर्भर करेगा। इसके लिए सबसे पहले टॉस कराया जाएगा और टॉस जीतने वाली टीम को रेड करने का मौका मिलेगा। अगर इस रेड में भी बराबरी हो जाती है, तो आखिरी फैसला टॉस के जरिए होगा।
क्या फर्क डालेगा नया नियम?
यह नियम प्रो कबड्डी लीग को और ज्यादा प्रतिस्पर्धी बना देगा। अब फैंस को हर मैच में परिणाम देखने को मिलेगा और बराबरी के मौके खत्म हो जाएंगे। खासतौर पर गोल्डन रेड जैसे पलों में दर्शकों को जबरदस्त रोमांच और ड्रामा देखने को मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि इस बदलाव से टूर्नामेंट का मजा कई गुना बढ़ जाएगा और खिलाड़ियों पर हर मैच में जीतने का दबाव रहेगा।
कबड्डी से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

