प्रो कबड्डी लीग 2025 का रोमांच अपने अगले मुकाम पर पहुंच रहा है। सीज़न का 20वां मुकाबला दबंग दिल्ली के.सी. और जयपुर पिंक पैंथर्स के बीच खेला जाएगा। दिल्ली लगातार दो जीत दर्ज कर आत्मविश्वास से भरी हुई है, वहीं पैंथर्स अपनी पिछली हार के बाद वापसी करने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेंगे। यह मैच एजेंट आशु मलिक और नितिन कुमार जैसे धाकड़ रेडरों के बीच सीधी टक्कर का गवाह बनेगा।
एजेंट आशु मलिक का दमदार सफर
आशु मलिक ने पिछले कुछ सीज़न से खुद को लीग के सबसे भरोसेमंद रेडरों में शुमार कर लिया है। उन्होंने लगातार दो सीज़न में 250 से ज्यादा रेड प्वाइंट्स जुटाए और PKL 11 में 262 प्वाइंट्स के साथ दूसरे सबसे सफल रेडर रहे।
इस सीज़न की शुरुआत भी उन्होंने धमाकेदार की है। बेंगलुरु बुल्स के खिलाफ उन्होंने 15 प्वाइंट्स जुटाए और पुणेरी पलटन के खिलाफ 10 प्वाइंट्स। लगातार दो सुपर 10 लगाने वाले आशु मलिक पहले ही डू-ऑर-डाई रेड प्वाइंट्स में इस सीज़न के टॉप पर हैं। जयपुर के खिलाफ उनका रिकॉर्ड भी बेहतरीन है, जहां वह 8 मैचों में 62 प्वाइंट्स हासिल कर चुके हैं।
नितिन कुमार हैं जयपुर का नया हथियार
बंगाल वारियर्ज़ में मनदीर सिंह के साथ खेलते हुए अक्सर नितिन कुमार को छुपा हुआ सितारा कहा गया, लेकिन उनके आंकड़े हमेशा मजबूत रहे। PKL 10 और 11 में उन्होंने 287 प्वाइंट्स जुटाए और 14 सुपर 10 पूरे किए।
जयपुर पिंक पैंथर्स के लिए बतौर लीड रेडर नितिन ने शानदार शुरुआत की है। पटना पाइरेट्स के खिलाफ उन्होंने सुपर 10 लगाया और फिर तेलुगु टाइटंस के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन किया। दो मैचों में 26 प्वाइंट्स जुटाकर उन्होंने दिखा दिया कि वह टीम की कमान संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
दबंग दिल्ली के.सी. बनाम जयपुर पिंक पैंथर्स मैच की जानकारी
मैच: दबंग दिल्ली के.सी. बनाम जयपुर पिंक पैंथर्स
टूर्नामेंट: प्रो कबड्डी लीग 2025 – मैच 20
तारीख: रविवार, 7 सितंबर 2025
समय: रात 9 बजे
स्थान: विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब, विशाखापट्टनम
लाइव: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर
इस सीजन दोनों टीमों का प्रदर्शन
दबंग दिल्ली के. सी.
दबंग दिल्ली ने इस सीज़न में अब तक दो मुकाबले खेले हैं और दोनों में जीत दर्ज की है। खासकर पुणेरी पलटन के खिलाफ उनका मैच रोमांचक रहा, जहां गोल्डन रेड में आशु मलिक ने टीम को जीत दिलाई।
डिफेंस में दिल्ली की सबसे बड़ी ताकत है ईरानी दिग्गज फज़ल अत्राचली। 553 टैकल प्वाइंट्स के साथ वह PKL इतिहास के सबसे सफल डिफेंडर हैं। उनके साथ सुरजीत सिंह और सौरभ नंदल जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं, जिनके कारण दिल्ली की डिफेंस लीग की सबसे मजबूत यूनिट्स में गिनी जाती है।
जयपुर पिंक पैंथर्स
जयपुर पिंक पैंथर्स ने पटना पाइरेट्स के खिलाफ जीत से सीज़न की शुरुआत की थी, लेकिन अगला मैच तेलुगु टाइटंस से हार गए। उनकी डिफेंस लगातार समस्या बन रही है। कप्तान नितिन रावल और ईरानी डिफेंडर रेज़ा मिर्बाघेरी अभी तक अपने पिछले सीज़न जैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।
नितिन रावल ने पहले मैच में सिर्फ 1 टैकल प्वाइंट हासिल किया था, हालांकि दूसरे मैच में उन्होंने 3 प्वाइंट्स लेकर सुधार दिखाया। उनके और रेज़ा के आंकड़े दिल्ली के खिलाफ अच्छे रहे हैं और टीम को इस मुकाबले में वही प्रदर्शन दोहराने की जरूरत होगी।
अली सामदी जयपुर की टीम के नए सितारे
ईरानी रेडर अली सामदी के रूप में जयपुर की टीम को इस सीज़न में एक नया सहारा मिला है। पटना पाइरेट्स के खिलाफ उन्होंने 8 प्वाइंट्स जुटाए और अपनी तेज़ी से सभी का ध्यान खींचा। हालांकि, दूसरे मैच में वह कुछ खास नहीं कर पाए, लेकिन उनका रोल नितिन कुमार को सपोर्ट देने में अहम रहने वाला है।
दबंग दिल्ली बनाम जयपुर पिंक पैंथर्स हेड टू हेड रिकॉर्ड
अब तक PKL इतिहास में दोनों टीमों के बीच 24 मुकाबले हुए हैं। इनमें जयपुर पिंक पैंथर्स ने 12 बार जीत दर्ज की है जबकि दिल्ली ने 9 मैच जीते हैं। 3 मुकाबले बराबरी पर खत्म हुए हैं। पिछले सीज़न (PKL 11) में दिल्ली ने दोनों मैच अपने नाम किए थे।
क्या होगी इस मुकाबले की उम्मीद?
यह मैच रेडिंग और डिफेंस दोनों स्तर पर कड़ा होगा। दिल्ली की ताकत उनका अनुभवी डिफेंस और एजेंट आशु मलिक की रेडिंग है, जबकि जयपुर के पास नितिन कुमार और अली सामदी जैसे युवा रेडर हैं।
दिल्ली का आत्मविश्वास लगातार दो जीतों से बढ़ा है, लेकिन जयपुर की टीम बड़े मैचों में उलटफेर करने की काबिलियत रखती है। यह मुकाबला आखिरी पलों तक रोमांचक बना रह सकता है।
दबंग दिल्ली के.सी. बनाम जयपुर पिंक पैंथर्स संभावित प्लेइंग सेवन
दबंग दिल्ली के.सी.
राइट कॉर्नर – सौरभ नंदल
राइट इन – नवीन
राइट कवर – सुरजीत सिंह
सेंटर – आशु मलिक (कप्तान)
लेफ्ट कवर – संदीप
लेफ्ट इन – नीरज नरवाल
लेफ्ट कॉर्नर – फज़ल अत्राचली
जयपुर पिंक पैंथर्स
राइट कॉर्नर – रोनक सिंह
राइट इन – अली सामदी
राइट कवर – आशीष
सेंटर – नितिन कुमार
लेफ्ट कवर – रेज़ा मिर्बाघेरी
लेफ्ट इन – साहिल सतपाल
लेफ्ट कॉर्नर – नितिन रावल (कप्तान)
प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

