जॉन सीना के फेयरवेल टूर में अब सिर्फ दो मुकाबले बचे हैं और वह आखिरी बार WWE Survivor Series 2025 में दिखाई देने वाले हैं।
जॉन सीना का फेयरवेल टूर अब अंतिम स्टेज में पहुंच चुका है और उनके पास केवल दो इन-रिंग अपीयरेंस ही बाकी रह गए हैं। अगले चरण में वह WWE Survivor Series PLE में हिस्सा लेंगे, जो उनके करियर का इस इवेंट में आखिरी प्रदर्शन होगा।
यह मौका फैंस के लिए बेहद खास है, क्योंकि सीना ने अपने लंबे करियर में Survivor Series पर कई यादगार पल बनाए हैं और अब आखिरी बार इस मंच पर उतरने जा रहे हैं।
मैडिसन स्क्वायर गार्डन में सीना की भावुक विदाई
17 नवंबर को जॉन सीना ने मैडिसन स्क्वायर गार्डन में अपने अंतिम RAW एपिसोड में हिस्सा लिया और एरीना में प्रवेश करते ही जोरदार स्वागत मिला। वह एक सप्ताह पहले ही WWE इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन बने थे, जिससे उनका ग्रैंड स्लैम पूरा हुआ।
उन्होंने फैंस को भावुक संबोधन दिया, लेकिन तभी डॉमिनिक मिस्टीरियो ने उन्हें बीच में रोक दिया और आरोप लगाया कि सीना को मैनेजमेंट का सपोर्ट मिला है।
सीना ने उसी समय टाइटल डिफेंड करने की पेशकश की लेकिन डॉमिनिक ने इनकार किया और मुकाबला अपने होमटाउन सैन डिएगो में Survivor Series पर रखने की शर्त रखी जिसे सीना ने स्वीकार कर लिया।
क्या डॉमिनिक मिस्टीरियो ही होंगे अंतिम Survivor Series प्रतिद्वंद्वी?
Survivor Series 2025 में जॉन सीना अपना इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप मैच लड़ेंगे और इस इवेंट पर यह उनका आखिरी मुकाबला होगा। कहानी और परिस्थितियां यह संकेत देती हैं कि डॉमिनिक मिस्टीरियो इस मैच के प्रतिद्वंद्वी होंगे।
फैंस इस ऐतिहासिक क्षण के लिए बेहद उत्साहित हैं, क्योंकि यह मुकाबला सीना के करियर के एक और भावनात्मक पड़ाव को चिन्हित करेगा।
सीना का अंतिम मैच दिसंबर में Main Event पर होगा
Survivor Series के बाद जॉन सीना का अंतिम इन-रिंग मैच WWE Saturday Night’s Main Event पर होना तय है। यह मुकाबला 13 दिसंबर को वाशिंगटन डीसी के कैपिटल वन एरीना में होगा।
इस मैच के प्रतिद्वंद्वी का चयन The Last Time is Now टूर्नामेंट के जरिए किया जा रहा है जो अगले कुछ हफ्तों तक RAW और SmackDown पर चलता रहेगा और इसके विजेता को जॉन सीना से मुकाबला करने का सम्मान मिलेगा।
कौन-कौन शामिल हैं इस टूर्नामेंट में?
टूर्नामेंट में कई बड़े सुपरस्टार हिस्सा ले रहे हैं जिनमें Gunther, Bronson Reed, Penta, Finn Balor, Solo Sikoa और Jey Uso जैसे नाम शामिल हैं। इनके अलावा NXT के उभरते सितारे Je’Von Evans भी टूर्नामेंट में भाग ले रहे हैं।
WWE ने सीना के पुराने प्रतिद्वंद्वियों और साथियों को भी इस टूर्नामेंट में लाया है जिनमें Dolph Ziggler और Zack Ryder जैसे नाम शामिल हैं।
फैंस के मन में उठ रहा अंतिम सवाल
जैसे-जैसे WWE में जॉन सीना के करियर का सूरज ढलने को है, फैंस यह जानने को उत्सुक हैं कि उनके आखिरी दो मुकाबलों में उनके सामने कौन होगा। Survivor Series में डॉमिनिक मिस्टीरियो का सामना तय दिखाई दे रहा है, लेकिन अंतिम मैच के प्रतिद्वंद्वी को लेकर उत्सुकता और रोमांच लगातार बढ़ रहा है।
फैंस जानते हैं कि यह एक ऐसे सुपरस्टार की विदाई है जिसने WWE इतिहास को हमेशा के लिए बदल दिया और जिसके जाने के बाद एक बड़ा खालीपन रह जाएगा।
WWE से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

