जानिए 48 टीमों के बड़े टूर्नामेंट फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मेसी की अर्जेंटीना और रोनाल्डो की पुर्तगाल को किस ग्रुप में रखे गए हैं।
फुटबॉल दुनिया के सबसे बड़े टूर्नामेंट FIFA World Cup 2026 के लिए अब आधिकारिक रूप से ग्रुप का ऐलान कर दिया गया है। पूरी दुनिया में करोड़ों फैंस लंबे समय से इस ड्रॉ का इंतजार कर रहे थे, क्योंकि इस बार वर्ल्ड कप में पहली बार कुल 48 टीमें हिस्सा लेने जा रही हैं।
इतने बड़े टूर्नामेंट के कारण उत्साह और भी ज्यादा बढ़ गया है और हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि उनकी पसंदीदा टीमें किस ग्रुप में मौजूद हैं। यह मेगा इवेंट यूएसए, कनाडा और मैक्सिको में खेला जाएगा।
11 जून 2026 को होगा टूर्नामेंट का आगाज
ड्रॉ समारोह बेहद भव्य रहा जिसमें हॉलीवुड और खेल जगत की कई दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं। टॉम ब्रैडी, शैक्विल ओ नील, आरोन जज और वेन ग्रेट्जकी जैसे बड़े नाम टीमों के ग्रुप रिवील के दौरान मंच पर मौजूद थे।
फीफा के अनुसार टूर्नामेंट की शुरुआत 11 जून 2026 से होगी और फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को न्यू जर्सी के मेट लाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा। दुनिया का सबसे बड़ा फुटबॉल महाकुंभ एक महीने से ज्यादा समय तक रोमांचक पलों का एक नया इतिहास रचने वाला है।
अब तक 42 टीमों ने क्वालीफाई किया, 6 टीमें बाकी
फीफा ने बताया कि वर्ल्ड कप के लिए अभी तक 42 देशों ने अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि 6 टीमें अभी भी क्वालीफाई होने की दौड़ में हैं। इनमें से 2 टीमें इंटरकॉन्टिनेंटल प्लेऑफ के जरिए टूर्नामेंट में प्रवेश करेंगी।
जॉर्डन, केप वर्डे, कुराकाओ और उज्बेकिस्तान जैसे देश पहली बार वर्ल्ड कप खेलते हुए दिखाई देंगे, जिससे इस बार का टूर्नामेंट और भी खास होने वाला है।
रोनाल्डो की पुर्तगाल ग्रुप K में और मेसी की अर्जेंटीना ग्रुप J में
इस बार फैंस की सबसे ज्यादा नजरें मेसी और रोनाल्डो पर रहने वाली हैं। ड्रॉ के अनुसार अर्जेंटीना को ग्रुप J में रखा गया है, जबकि पुर्तगाल को ग्रुप K में जगह मिली है।
फ्रांस और नॉर्वे जैसे दिग्गज खिलाड़ियों वाली टीमें किलियन एम्बाप्पे और एर्लिंग हालैंड के नेतृत्व में ग्रुप I में आमने सामने होंगी। इससे अगले साल टूर्नामेंट में कुछ बड़े खिलाड़ियों की दिलचस्प भिड़ंत देखने को मिलने की उम्मीद है।
FIFA World Cup 2026 के सभी ग्रुप
नीचे फीफा द्वारा घोषित सभी 12 ग्रुप दिए गए हैं। इनमें हर एक ग्रुप में 4 टीमें शामिल हैं।
- ग्रुप A: मैक्सिको, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, एक टीम क्वालीफाई होकर आएगी
- ग्रुप B: कनाडा, कतर, स्विट्जरलैंड, एक टीम क्वालीफाई होकर आएगी
- ग्रुप C: ब्राजील, मोरक्को, हैती, स्कॉटलैंड
- ग्रुप D: संयुक्त राज्य अमेरिका, पैराग्वे, ऑस्ट्रेलिया, एक टीम क्वालीफाई होकर आएगी
- ग्रुप E: जर्मनी, कुराओ, आइवरी कोस्ट, इक्वाडोर
- ग्रुप F: नीदरलैंड, जापान, ट्यूनीशिया, एक टीम क्वालीफाई होकर आएगी
- ग्रुप G: बेल्जियम, मिस्र, ईरान, न्यूजीलैंड
- ग्रुप H: स्पेन, केप वर्डे, सऊदी अरब, उरुग्वे
- ग्रुप I: फ्रांस, सेनेगल, फीफा प्लेऑफ 2, नॉर्वे
- ग्रुप J: अर्जेंटीना, अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया, जॉर्डन
- ग्रुप K: पुर्तगाल, फीफा प्लेऑफ 1, उज्बेकिस्तान, कोलंबिया
- ग्रुप L: इंग्लैंड, क्रोएशिया, घाना, पनामा
कौन बनेगा 2026 का चैंपियन?
48 टीमों वाले इस नए प्रारूप में प्रतियोगिता पहले से कहीं ज्यादा कठिन और रोमांचक होने वाली है। मेसी की अर्जेंटीना अपने खिताब की रक्षा करने उतरेगी जबकि रोनाल्डो की पुर्तगाल भी आखिरी बार उनके नेतृत्व में खिताबी दावेदारी ठोंक सकती है।
फ्रांस, इंग्लैंड, ब्राजील और स्पेन जैसी मजबूत टीमें हमेशा की तरह प्रबल दावेदार रहेंगी, लेकिन नई टीमों की एंट्री से हर मुकाबला एक नई कहानी लिख सकता है।
FIFA World Cup 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

