विजय हज़ारे ट्रॉफी के 2025-26 सीजन की शुरुआत हो चुकी है। पहले ही राउंड में बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का नज़ारा पेश किया और यह दिन उनके नाम रहा था। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 1993-94 में हुई थी। उसके बाद से यह हर साल खेला जाता है।
हर बार इसमें बल्लेबाज अपना जौहर दिखाते हैं। लेकिन इस बार पहले ही राउंड में खिलाड़ियों ने यह दिखा दिया है कि यह खेल कितना आगे निकल गया है। तो चलिए जानते हैं कि लिस्ट ए क्रिकेट में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा लगाए गए सबसे तेज शतक किन खिलाड़ियों ने लगाए हैं।
विजय हज़ारे ट्रॉफी में टॉप 5 फास्टेस्ट सेंचुरी
5. युसूफ पठान (Yusuf Pathan) – Vs Maharastra (40 Balls)

टीम इंडिया के पूर्व ताबड़तोड़ ऑलराउंडर युसूफ पठान लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने के मामले में पाँचवें नंबर पर आते हैं। उन्होंने 2010 में महाराष्ट्र के खिलाफ यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
महाराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन बनाए थे और उनकी टीम से कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाया था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बड़ौदा की टीम से युसूफ पठान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में शतक लगाया था। उन्होंने 42 गेंदों में 108 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी।
4. वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) – Vs Arunachal Pradesh (36 Balls)

बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भले ही 14 साल के हैं, लेकिन इतनी कम उम्र में ही अपने टैलेंट का लोहा मनवा दिया है। उन्होंने लिस्ट ए में मात्र अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 36 गेंदों में सेंचुरी लगाकर रिकॉर्ड बना दिया था।
वैभव ने अपनी पारी में 16 चौके और 15 छक्के लगाते हुए 94 गेंदों में 190 रनों की धुआंधार पारी खेली थी, जिसकी बदौलत बिहार ने लिस्ट ए का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया था। उनकी टीम ने 574 रन बनाए थे।
3. अनमोलप्रीत सिंह (Anmolpreet Singh) – Vs Arunachal Pradesh (35 Balls)

पंजाब के युवा बल्लेबाज अनमोलप्रीत सिंह ने 2024-25 के विजय हज़ारे ट्रॉफी में कमाल की बल्लेबाजी की थी। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में धमाकेदार शतक जड़ा था।
अरुणाचल की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 164 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। जिसके बाद अनमोल ने 35 गेंदों में शतक जड़ दिया। उन्होंने 45 गेंदों में 12 चौकों और 9 छक्कों की मदद से 115 रन बनाए थे। पंजाब ने यह मुकाबला 13 ओवरों के अंदर ही जीत लिया था।
2. ईशान किशन (Ishan Kishan) – Vs Karnataka (33 Balls)

झारखंड के कप्तान ईशान किशन जब से डोमेस्टिक क्रिकेट में वापस आए हैं, तब से वे लगातार तबाही मचा रहे हैं। फॉर्मेट कोई भी हो, वे लगातार एक ही अंदाज़ में खेलकर रन बना रहे हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताने के बाद अब वे विजय हज़ारे में धमाल मचा रहे हैं।
ईशान ने कर्नाटक के खिलाफ मैच में लोअर ऑर्डर में आकर मात्र 33 गेंदों में शतक लगा दिया। बाएँ हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ने 39 गेंदों में 125 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 15 छक्के शामिल थे।
1. शकिबुल गनी (Sakibul Gani) – Vs Arunachal Pradesh (32 Balls)

बिहार के कप्तान शकिबुल गनी अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने रणजी ट्रॉफी डेब्यू में ही ट्रिपल सेंचुरी लगाकर अपना नाम बनाया था। उसके बाद से उन्होंने रुकने का नाम नहीं लिया है।
अरुणाचल के खिलाफ खेले गए मैच में वैभव सूर्यवंशी के 36 गेंदों में शतक लगाकर हेडलाइन बनाने के कुछ समय बाद उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे तेज शतक लगा दिया था। शकिबुल ने मात्र 32 गेंदों में शतक लगाया था। बिहार के कप्तान ने 40 गेंदों में 10 चौकों और 12 छक्कों की मदद से 120 रन बनाए थे।

