ऑस्ट्रेलिया की धाकड़ ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर को वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 के लिए गुजरात जायंट्स का कप्तान बनाया गया है। वीमेंस प्रीमियर लीग का अगला सीजन 9 जनवरी 2026 से नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में शुरू होगा। गुजरात की टीम के लिए अब तक यह लीग काफी अच्छी नहीं गई है, जिसके चलते उन्होंने अब लीडरशिप में बदलाव किया है।
गुजरात जायंट्स ने बनाया एश्ले गार्डनर को कप्तान

गुजरात जायंट्स ने साल 2026 में होने वाली वीमेंस प्रीमियर लीग के लिए ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर को कप्तान बना दिया है। यह पहली बार नहीं है जब उन्हें यह जिम्मेदारी मिली हो। वह WPL 2025 में भी गुजरात जायंट्स की कप्तान रह चुकी हैं, जब उन्होंने बेथ मूनी की जगह टीम की कमान संभाली थी।
अपने पहले कप्तानी सीजन में गार्डनर ने टीम को 9 में से 4 मैच जिताए और गुजरात जायंट्स को टॉप-3 में पहुंचाकर नॉकआउट तक ले गईं। हालांकि एलिमिनेटर मुकाबले में टीम को मुंबई इंडियंस से 11 रन से हार झेलनी पड़ी और फाइनल का सपना अधूरा रह गया।
WPL की सबसे महंगी खिलाड़ियों में से एक हैं गार्डनर
28 साल की एश्ले गार्डनर पिछले तीन सीजन से गुजरात जायंट्स का हिस्सा हैं। WPL 2026 के ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें 3.50 करोड़ रुपये में रिटेन किया था, जिससे वह आने वाले सीजन की सबसे महंगी खिलाड़ियों में शामिल हो गईं। अब तक वह गुजरात के लिए वीमेंस प्रीमियर लीग में 25 मैच खेल चुकी हैं।
एश्ले गार्डनर को कप्तान बनाने की आधिकारिक घोषणा फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर की। पोस्ट में लिखा गया कि अनुभव उनके खेल में है और आत्मविश्वास उनकी आवाज में, एश्ले गार्डनर एक बार फिर कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व करेंगी।
शानदार रहा है गार्डनर का करियर
गुजरात जायंट्स के लिए गार्डनर का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। उन्होंने 25 मैचों में 567 रन बनाने के साथ 25 विकेट भी लिए हैं। अगर उनके टी20 करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 282 मैच खेले हैं, जिनमें अलग-अलग टीमों के लिए खेलते हुए 5091 रन, 242 विकेट और 102 कैच अपने नाम किए हैं। गार्डनर का करियर शानदार हैं लेकिन उनका टी20 इंटरनेशनल में एवरेज मात्र 24.75 का ही हैं।
वीमेंस बीबीएल में मचा रही हैं धमाल
गार्डनर आखिरी बार 11 दिसंबर 2025 को वीमेंस बिग बैश लीग में सिडनी सिक्सर्स के लिए खेलती दिखी थीं। इस टूर्नामेंट में वह सिडनी सिक्सर्स की कप्तान भी थीं। उन्होंने 10 मैचों में 143 रन बनाए और 19 विकेट हासिल किए। इस सीजन वह संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं, लेकिन उनकी टीम फाइनल तक नहीं पहुंच सकी। चैलेंजर मुकाबले में सिडनी सिक्सर्स को पर्थ स्कॉर्चर्स से 11 रन से हार का सामना करना पड़ा।

