कोलकाता में खेला गया वह मैच भारतीय क्रिकेट टीम की सबसे खराब हारों में से एक था। भारत को जीत के लिए सिर्फ 124 रन चाहिए थे, लेकिन टीम 100 रन भी नहीं बना सकी। साल 2025 में अब तक केवल दो बार ऐसा हुआ है जब किसी टीम ने टेस्ट मैच में 100 से कम रन बनाए हों। इस साल के सबसे कम टेस्ट स्कोर की टॉप-7 सूची में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीम दो- दो बार शामिल हैं। सबसे कम टेस्ट स्कोर का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम है।
ये हैं 2025 में सबसे कम टेस्ट स्कोर की लिस्ट
7. वेस्टइंडीज (123)
जनवरी में पाकिस्तान के खिलाफ वेस्टइंडीज की टीम सिर्फ 123 रन पर ऑल आउट हो गई थी। यह टेस्ट मैच वेस्टइंडीज हार गई थी।
6. ऑस्ट्रेलिया (121)
इस सूची में ऑस्ट्रेलिया टीम का नाम भी शामिल है, जो आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर है। जुलाई में ऑस्ट्रेलिया की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ 121 रन पर ऑल आउट हो गई थी। हालांकि, यह टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया ने ही जीता था। इसी मैच में वेस्टइंडीज की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 27 रन पर सिमट गई थी।
5. ज़िम्बाब्वे (117)
पांचवें नंबर पर भी जिम्बाब्वे का नाम है। टीम अगस्त में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में सिर्फ 117 रन पर ऑल आउट हो गई थी। यह मैच भी जिम्बाब्वे हार गई थी।
4. ज़िम्बाब्वे (111)
अप्रैल 2028 में जिम्बाब्वे की टीम बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच में सिर्फ 111 रन पर ऑल आउट हो गई थी। यह टेस्ट मैच बांग्लादेश ने जीत लिया था।
3. इंग्लैंड (110)
इंग्लैंड बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली पारी में सिर्फ 110 रन पर ऑल आउट हो गई थी। हालांकि, दूसरी पारी में इंग्लैंड ने अच्छा खेल दिखाया और यह टेस्ट मैच जीत लिया।
2. भारत (93)
वेस्टइंडीज के बाद भारतीय टीम ही ऐसी टीम रही है, जो इस साल एक टेस्ट पारी में 100 से कम रन बना सकी। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत को जीत के लिए सिर्फ 124 रन बनाने थे, लेकिन पूरी टीम 93 रन पर ही आउट हो गई। इस मैच के बाद पिच को लेकर काफी विवाद हुआ, क्योंकि बल्लेबाजों के लिए रन बनाना बहुत मुश्किल हो रहा था। इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के स्पिन गेंदबाज साइमन हार्मर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए।
1. साल 2025 वेस्टइंडीज की टीम का सबसे कम टेस्ट स्कोर (27)
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम का खेल लगातार खराब होता जा रहा है। हाल के समय में टीम को एक के बाद एक हार झेलनी पड़ी है। इस साल जून- जुलाई में उन्हें अपने ही घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 3-0 से हार मिली। यह हार पहले ही निराशाजनक थी, लेकिन इस दौरान टीम ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी बना दिया। जमैका में खेले गए डे-नाइट टेस्ट मैच में तीसरे दिन वेस्टइंडीज की टीम सिर्फ 27 रन पर ऑल आउट हो गई। यह टेस्ट क्रिकेट का दूसरा सबसे कम स्कोर है और 1955 के बाद का सबसे छोटा स्कोर भी है।
इससे पहले वेस्टइंडीज का सबसे कम स्कोर 47 रन था, जो उन्होंने 2004 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने 6 विकेट लिए। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में 7 बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल पाए। यह स्कोर टेस्ट इतिहास के सबसे कम स्कोर में दूसरे नंबर पर है।

