क्रिकेट से जुड़ी एक बहुत ही खास और दुर्लभ चीज अब नीलामी में रखी जाएगी। ऑस्ट्रेलिया के महान खिलाड़ी सर डॉन ब्रैडमैन की टेस्ट कैप, जिसे “बैगी ग्रीन” कहा जाता है, अगले महीने नीलाम होगी। यह नीलामी एक ऑस्ट्रेलियाई कंपनी के जरिए होगी। बोली की शुरुआत सिर्फ 1 डॉलर से होगी और नीलामी 26 जनवरी 2026 को खत्म होगी।
टेस्ट क्रिकेट के दिगज्ज़ डॉन ब्रैडमैन
डॉन ब्रैडमैन का जन्म 27 अगस्त 1908 को न्यू साउथ वेल्स में हुआ था। उन्होंने 1928 में टेस्ट क्रिकेट खेलना शुरू किया। उन्होंने 52 टेस्ट मैचों में 6996 रन बनाए और उनका औसत करीब 100 रहा, जो बहुत ही खास है। उनके नाम 29 शतक और 13 अर्धशतक दर्ज हैं। साल 2001 में उनके निधन के बाद भी उन्हें क्रिकेट के सबसे महान खिलाड़ियों में गिना जाता है।
भारत के खिलाफ सीरीज में पहनी गई थी यह कैप
कहा जा रहा है कि ब्रैडमैन ने यह बैगी ग्रीन कैप 1947-48 की टेस्ट सीरीज में पहनी थी। उसी समय भारतीय टीम पहली बार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई थी। उस यादगार सीरीज में ब्रैडमैन ने छह पारियों में 715 रन बनाए थे, जो आज भी एक बड़ा रिकॉर्ड है।
परिवार के पास रही 75 साल रही कैप
डॉन ब्रैडमैन ने यह टेस्ट कैप अपने एक साथी खिलाड़ी को तोहफे में दी थी। इसके बाद यह कैप उसी परिवार के पास सुरक्षित रही। करीब 75 साल तक इसे न तो नीलामी में रखा गया और न ही लोगों को दिखाया गया। इसी वजह से इसे क्रिकेट इतिहास की बहुत कीमती और भावनाओं से जुड़ी धरोहर माना जा रहा है।
नीलामी कंपनी के एक अधिकारी ने कहा कि यह क्रिकेट इतिहास की एक बेहद खास चीज है, जिसे खुद ब्रैडमैन ने दिया था। इतने सालों तक एक ही परिवार के पास रहना और ब्रैडमैन से सीधा जुड़ा होना इसे और भी खास बनाता है।
नीलामी को लेकर फैंस में काफी उत्साह
इस नीलामी में दुनिया भर के निजी संग्रहकर्ता, म्यूजियम, संस्थान और क्रिकेट के प्रशंसक हिस्सा ले सकते हैं। इससे पहले सबसे महंगी बैगी ग्रीन कैप का रिकॉर्ड शेन वॉर्न के नाम था। उनकी टेस्ट कैप 2019-20 में राहत कार्य के लिए 10 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से भी ज्यादा कीमत में बिकी थी।

