बांग्लादेश ने वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर वनडे सीरीज अपने नाम की है।
वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की हालत लगातार खराब होती जा रही है। पहले पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में हार और अब बांग्लादेश के खिलाफ भी वनडे सीरीज में भी शिकस्त का सामना करना पड़ा है।
ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत खत्म होती जा रही है और एक के बाद एक लगातार सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है।
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत रही ख़राब
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन उनकी शुरुआत बहुत खराब रही। पहले ही ओवर की पहली गेंद पर तस्कीन अहमद ने मैथ्यू शॉर्ट को चलता किया और उसके बाद मुस्तफिजुर रहमान ने अगले ही ओवर में कूपर कोनोली और मैट रेन्शॉ को चलता कर दिया। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने शून्य रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे।
ऑस्ट्रेलिया बना पाई सिर्फ 187 रन
जॉस इंग्लिस ने कैमरन ग्रीन के साथ छोटी सी साझेदारी की लेकिन उसके बाद वो भी चलते बने। हालांकि उसके बाद लगातार आउट ऑफ फॉर्म चल रहे मारनस लबूसेन और जेवियर बार्टलेट ने शुरुआत में समय लिया और उसके बाद कुछ बड़े हिट लगाए।
दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक ले गए। लेकिन बारिश की वजह से मैच 42वें ओवर में ही रुक गया। ऑस्ट्रेलियाई टीम 8 विकेट के नुकसान पर 187 रन बना सकी।
नजमुल और सौम्य ने बांग्लादेशी पारी को संभाला
बांग्लादेश की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और पहले ही ओवर में जेवियर बार्टलेट ने तंजीद हसन को आउट कर दिया। पूर्व कैप्टन नजमुल हसन शान्तो और सौम्य सरकार ने सूझ बूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए टीम को संकट से निकाला।
सौम्य ने वापसी में अच्छी पारी खेली। दोनों ने बिना कोई जोखिम उठाए तेजी से रन बनाए। सौम्य ने 42 और नजमुल ने 41 रनों की पारी खेली।
बांग्लादेश ने पहली बार में ऑस्ट्रेलिया को वनडे सीरीज में चटाई धूल
उसके बाद तौहीद हृदोय और कप्तान मेहंदी हसन मिराज ने कुछ विकेट गिरने के बाद संभलकर खेला लेकिन रिक्वायर्ड रन रेट काफी कम था जिसके चलते उनको मुश्किल नहीं आई और बांग्लादेश ने डकवर्थ नियम के तहत 5 विकेटों से मैच जीत लिया।
बांग्लादेश ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया को वनडे सीरीज में हराया है। 3 मैचों की सीरीज में वो 2-0 से आगे है और अब उनकी निगाह क्लीनस्वीप पर टिकी हुई है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

