टी20 वर्ल्ड कप को शुरू होने में अब सिर्फ़ दो हफ्ते के आसपास का समय बचा हुआ है। लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम की मुश्किलें कम होती हुई नज़र नहीं आ रही हैं।
एक के बाद एक खिलाड़ी लगातार चोटिल होता जा रहा है और उनका टूर्नामेंट में खेलना मुश्किल लग रहा है। तो चलिए जानते हैं कि ऑस्ट्रेलिया का कौन सा खिलाड़ी चोटिल हो गया है।
नेथन एलिस हुए चोटिल

ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ नेथन एलिस चोट के कारण बिग बैश लीग से बाहर हो गए थे। उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है और वो कब तक पूरी तरह से फिट होंगे, इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है। मीडिया ख़बरों की मानें तो वो टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत में ही फिट हो जाएंगे।
अगर ऐसा नहीं होता है तो ऑस्ट्रेलिया के लिए मुश्किलें बढ़ जाएँगी, क्योंकि उनके कई खिलाड़ी अभी चोटिल चल रहे हैं या फिर चोट से वापसी कर रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस पहले ही टी20 वर्ल्ड कप के शुरुआती मैचों से बाहर हो गए हैं और अब अगर एलिस भी बाहर हो जाते हैं तो टीम के पास गेंदबाज़ी के ऑप्शन भी नहीं बचेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के कई खिलाड़ी चल रहे हैं चोटिल
टिम डेविड और जोश हेज़लवुड भी चोट के बाद वापसी करेंगे। हेज़लवुड ने चोट की वजह से एशेज मिस कर दी थी और उनके बीबीएल में खेलने की ख़बरें आ रही थीं, लेकिन पूरी तरह से फिट न होने की वजह से वो उसमें नहीं खेल पाए थे। हालाँकि उनके टी20 वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह से फिट होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मिचेल स्टार्क के टी20 क्रिकेट से संन्यास के बाद नेथन एलिस की जगह प्लेइंग इलेवन में पक्की हो गई थी, लेकिन चोट ने उनके सामने मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। ऑस्ट्रेलिया की टीम टी20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान का दौरा करेगी, जहाँ दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज़ खेली जाएगी। 29 जनवरी से इस सीरीज़ की शुरुआत होगी।
पाकिस्तान टी20 सीरीज़ में इन खिलाड़ियों को दिया गया आराम
पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज़ के लिए ऑस्ट्रेलिया ने टीम का ऐलान कर दिया है। हालाँकि उस सीरीज़ में ऑस्ट्रेलियाई सेलेक्टर्स ने कुछ खिलाड़ियों को आराम दिया है, जो भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में भाग लेंगे। नेथन एलिस, पैट कमिंस, जोश हेज़लवुड, टिम डेविड और ग्लेन मैक्सवेल को रेस्ट दिया गया है।

