फिन ऐलन और जैकब बेथेल ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मैचों में तेजतर्रार शतक लगाया।
टी20 क्रिकेट में तेज बल्लेबाजी हमेशा से ही इस फॉर्मेट की सबसे बड़ी पहचान रही है। खासकर टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में जब कोई बल्लेबाज बेहद कम गेंदों में शतक लगाता है, तो वह पारी लंबे समय तक चर्चा में रहती है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबलों में फिन ऐलन और जैकब बेथेल ने तेजतर्रार शतक लगाकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कई शानदार शतक देखने को मिले हैं, लेकिन कुछ बल्लेबाजों ने अपनी विस्फोटक पारियों से खास रिकॉर्ड बनाए हैं। यहां हम टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
ये हैं टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
1. फिन ऐलन – 33 गेंद
न्यूजीलैंड के आक्रामक बल्लेबाज फिन ऐलन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों पर शतक जड़कर इतिहास रच दिया।
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 169 रन बनाए थे। जवाब में उतरी न्यूजीलैंड ने सिर्फ 12.5 ओवरों में 170 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया।
ऐलन ने इस मैच में 33 गेंदों पर 100* रनों की तूफानी पारी खेली और न्यूजीलैंड को 9 विकेट से शानदार जीत दिलाकर टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
2. जैकब बेथेल – 42 गेंद
इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जैकब बेथेल ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में 42 गेंदों पर शतक जड़ा। मुंबई में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड की टीम भारत द्वारा दिए गए 254 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य को चेज कर रही थी।
हालांकि, इस मैच में उनकी टीम लगभग जीत के दहलीज पर पहुंच चुकी थी, लेकिन उन्हें 7 रनों के करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में बेथेल 48 गेंदों पर 105 रन बनाकर रनआउट हो गए थे।
3. क्रिस गेल – 47 गेंद
वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल ने टी20 वर्ल्ड कप 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों पर शतक लगाया था। लंबे समय तक यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक रहा।
इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 182 रन बनाए थे। जवाब में उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 18.1 ओवरों में 183 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। गेल ने इस मैच में 48 गेंदों पर नाबाद 100 रन की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को 6 विकेट से जीत दिलाई।
4. क्रिस गेल – 50 गेंद
क्रिस गेल ने टी20 वर्ल्ड कप 2007 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 50 गेंदों पर शतक लगाया था। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का पहला शतक भी था। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 205 रन बनाए थे। गेल ने 57 गेंदों पर 117 रन की शानदार पारी खेली थी।
हालांकि, जवाब में उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने 17.4 ओवरों में सिर्फ 2 विकेट खोकर 206 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया और वेस्टइंडीज को हार का सामना करना पड़ा।
5. हैरी ब्रूक – 50 गेंद
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ 50 गेंदों पर शतक जड़ा था। ब्रूक ने इस मैच में 51 गेंदों पर 100 रन की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को 2 विकेट से रोमांचक जीत दिलाई।
इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 164 रन बनाए थे। जवाब में उतरी इंग्लैंड की टीम ने आखिरी ओवर में 165 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

