बांग्लादेश के खिलाफ पहले वनडे में हार के बाद मोहम्मद आमिर ने पाकिस्तान टीम को एसोसिएट लेवल की टीम बनने की चेतावनी दी।
बांग्लादेश के खिलाफ पहले वनडे में शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम की जमकर आलोचना हो रही है। पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) ने भी टीम के प्रदर्शन पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि मौजूदा प्रदर्शन जारी रहा तो पाकिस्तान की टीम एसोसिएट लेवल तक गिर सकती है।
मीरपुर में खेले गए पहले वनडे में पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ एकतरफा हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले के बाद आमिर ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए टीम की कमजोरियों की ओर इशारा किया।
पाकिस्तान के प्रदर्शन पर मोहम्मद आमिर की कड़ी टिप्पणी
मैच के बाद मोहम्मद आमिर ने पाकिस्तान टीम के हालिया प्रदर्शन पर चिंता जताई। उनका मानना है कि जिस तरह से टीम लगातार कमजोर प्रदर्शन कर रही है, उससे भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मोहम्मद आमिर ने कहा, “हम अब बांग्लादेश जैसी टीमों से भी हारने लगे हैं। मुझे चिंता है कि कहीं हम एसोसिएट लेवल की टीम न बन जाएं।”
बाबर आजम की कमी पर भी दिया बयान
मोहम्मद आमिर ने यह भी कहा कि टीम में अनुभवी खिलाड़ियों की कमी साफ दिखाई दे रही है। उनके अनुसार युवा खिलाड़ियों को मौका देना जरूरी है, लेकिन टीम में अनुभव का होना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने कहा, “आप सिर्फ सीनियर खिलाड़ियों को बाहर करके केवल युवाओं के साथ टीम नहीं चला सकते। टीम में अनुभव और मार्गदर्शन भी जरूरी होता है।”
दरअसल, पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) को बांग्लादेश दौरे के लिए वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया था। आमिर का मानना है कि बाबर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी युवा खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद होती।
वनडे क्रिकेट में शानदार है बाबर आजम का रिकॉर्ड
हालांकि, हाल के समय में बाबर आजम का फॉर्म उतना अच्छा नहीं रहा है, लेकिन वनडे क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड बेहद मजबूत है। बाबर ने अब तक 137 वनडे पारियों में 6501 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 53.72 का रहा है। उन्होंने वनडे क्रिकेट में 20 शतक और 37 अर्धशतक भी लगाए हैं, जबकि उनका बेस्ट स्कोर 158 है।
पहले वनडे में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को दी करारी शिकस्त
मीरपुर में खेले गए पहले वनडे में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। हालाँकि, उनकी शुरुआत अच्छी रही और उन्होंने 10वें ओवर की अंतिम गेंद पर 41 के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया, लेकिन इसके बाद टीम लगातार विकेट खोते चली गई।
हाल ऐसा हो गया कि अगले 41 रनों के अंदर यानी 82 के स्कोर तक पाकिस्तान ने 9 विकेट गिरा दिए। फहीम अशरफ ने 47 गेंदों पर 37 रन बनाकर टीम को थोड़ा संभालने की कोशिश की, लेकिन 114 के टोटल स्कोर पर वह भी विकेट गँवा बैठे और पूरी टीम ऑलआउट हो गई।
बांग्लादेश की ओर से नाहिद राणा (Nahid Rana) ने शानदार गेंदबाजी करते हुए शुरूआती पांच विकेट लिए। वहीं, मेहदी हसन मिराज ने तीन विकेट अपने नाम किए।
तंजीद हसन ने रन चेज में खेली मैच जिताने वाली तेज पारी
115 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने शानदार बल्लेबाजी की। तंजीद हसन तमीम ने 42 गेंदों में 67* रनों की तेजतर्रार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाए और सिर्फ 15.1 ओवरों में ही अपनी टीम को जीत दिला दी। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

