CSK के खिलाफ बड़ी जीत के बाद रविंद्र जडेजा ने इसे इमोशनल मुकाबला बताया।
आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को पूरी तरह एकतरफा अंदाज में हरा दिया। गुवाहाटी में खेले गए इस मैच में CSK की टीम 19.4 ओवरों में सिर्फ 127 रन पर सिमट गई।
जवाब में राजस्थान ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 12.1 ओवरों में 128 रन बनाकर 8 विकेट से आसान जीत दर्ज कर ली। इस मैच में गेंदबाजी में रविंद्र जडेजा ने 3 ओवरों में 18 रन देकर 2 अहम विकेट लिए और CSK की मिडिल ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया।
“CSK के खिलाफ खेलना इमोशनल मोमेंट रहता है” – जडेजा
यह मुकाबला रविंद्र जडेजा के लिए काफी खास था, क्योंकि उन्होंने पहले राजस्थान रॉयल्स के लिए अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, 2012 सीजन में वह सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुए और 2025 तक इसी टीम का अहम हिस्सा रहे।
हालांकि, 2026 में अब वह एक बार फिर राजस्थान के लिए वापसी कर चुके हैं। इसीलिए, RR की जर्सी में अपनी पुरानी टीम के खिलाफ उतरना उनके लिए एक अलग अनुभव था।
जडेजा ने कहा, “चेन्नई के साथ मैंने इतने साल क्रिकेट खेला है और अब इतने साल बाद राजस्थान के लिए खेल रहा हूँ, तो एक इमोशनल मोमेंट रहता है, खासकर जब आप चेन्नई के खिलाफ खेल रहे हों।”
“राजस्थान मेरे करियर की शुरुआत का अहम हिस्सा है”
जडेजा ने इस मैच के बाद अपने शुरुआती IPL दिनों को भी याद किया। राजस्थान रॉयल्स के साथ उन्होंने 2008 में अपना पहला IPL टाइटल जीता था।
जड्डू ने कहा, “राजस्थान वो टीम है जहाँ मैंने 2008 में अपना पहला IPL टाइटल जीता था। अंडर-19 के बाद मैं सीधा IPL टीम में आया और पहले ही साल हमने टाइटल जीता, तो वो मेरे लिए हमेशा स्पेशल रहेगा।”
“टीम का इंवायर्नमेंट बहुत स्पेशल है”
राजस्थान की इस जीत में टीम का कॉम्बिनेशन पूरी तरह संतुलित दिखा। गेंदबाजों ने CSK को कम स्कोर पर रोका और बल्लेबाजों ने मैच को जल्दी खत्म कर दिया।
अनुभवी ऑलराउंडर ने कहा, “इस टीम का जो इंवायर्नमेंट है, सपोर्ट स्टाफ, प्लेयर, सभी के साथ टाइम स्पेंड करना मेरे लिए बहुत स्पेशल है। खासकर नए लड़के, यंग लड़के, उनके साथ रहकर मैं भी बहुत कुछ सीखता हूँ।”
“सरफराज के लिए प्लान अलग था” – जडेजा
CSK की पारी के दौरान जडेजा ने सरफराज खान के खिलाफ भी स्पष्ट योजना बनाई थी। वह जानते थे कि सरफराज स्वीप शॉट अच्छी तरह खेलते हैं, इसलिए उन्होंने स्टंप लाइन पर गेंदबाजी की और उन्हें LBW आउट करके पवेलियन भेजा।
रविंद्र जडेजा ने बताया, “मुझे पता है कि सरफराज का एक स्ट्रॉन्ग शॉट है, वो स्वीप अच्छा खेलता है। विकेट से थोड़ा ग्रिप और टर्न मिल रहा था, तो मैंने सोचा कि मैं बॉल स्टंप में ही रखूंगा, ताकि यदि बैट्समैन गेंद को मिस करे तो मेरे पास चांसेज हैं कि मैं आउट कर सकूं।”
जडेजा ने प्लान बनाकर शिवम दुबे को किया था आउट
सरफराज के आउट होने के बाद शिवम दुबे क्रीज पर आए और उन्होंने आते ही जडेजा पर दबाव बनाने की कोशिश की। पहली गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने संकेत दे दिया कि CSK अभी भी मुकाबले में है।
लेकिन जडेजा ने तुरंत अपना प्लान बदला। उन्होंने अगली गेंद डॉट कराई और फिर उसकी अगली गेंद को थोड़ा बाहर रखा। दुबे बड़ा शॉट खेलने गए, लेकिन लॉन्ग ऑन पर कैच दे बैठे। यही विकेट मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ, क्योंकि इसके बाद CSK का मिडिल ऑर्डर पूरी तरह बिखर गया।
सर जडेजा ने इस पर बात करते हुए कहा, “स्पिनर्स के खिलाफ बड़े शॉट लगाना उसका (दुबे का) स्ट्रेंथ है, तो मैं सोच रहा था कि अगर मैं स्टंप में डाला तो वो मारने जाएगा। सेम टाइम पर मेरा माइंडसेट यही था कि अगर उस टाइम मुझे विकेट मिला, तो उनका पूरा मिडिल ऑर्डर खत्म हो जाएगा, क्योंकि आगे उतने बड़े बैट्समैन नहीं थे। उसी टाइम मेरा माइंडसेट विकेट लेना था और लकीली उस टाइम पे वो विकेट मिल गया।”
“पहले मैच में बड़ी जीत से कॉन्फिडेंस बढ़ता है” – जडेजा
राजस्थान ने इस मुकाबले में शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और बड़े अंतर से जीत दर्ज की। जडेजा ने माना कि ऐसी जीत टीम के लिए बेहद अहम होती है।
जडेजा ने कहा, “जब आप टूर्नामेंट में पहला ही मैच बड़े मार्जिन से जीतते हो, तो टीम का मोमेंटम और रिदम सेट हो जाता है। साथ ही इंडिविजुअल प्लेयर्स का कॉन्फिडेंस भी हाई होता है।”
“CSK के खिलाफ जीत टीम के लिए बड़ा पॉजिटिव है”
इस जीत के बाद राजस्थान का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और टीम ने सीजन की शानदार शुरुआत की है।
उन्होंने कहा, “CSK के खिलाफ पहला ही मैच इतने बड़े मार्जिन से जीतना हमारे लिए बहुत पॉजिटिव है। इससे आने वाले मैचों में टीम का एटमॉस्फेयर, एनर्जी और स्पिरिट और भी बेहतर होगी।”
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

