ऋषभ पंत की 68* रनों की नाबाद पारी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस सीजन अपनी पहली जीत हासिल की।
आईपीएल 2026 के 10वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने सनराइजर्स हैदराबाद को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। हैदराबाद में खेले गए इस मुकाबले में लक्ष्य छोटा जरूर था, लेकिन मैच आखिरी ओवर तक गया और अंत में लखनऊ ने 19.5 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया।
हैदराबाद की शुरुआत रही खराब, फिर क्लासेन और रेड्डी ने संभाला
सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पावरप्ले में ही अपने टॉप ऑर्डर के बड़े विकेट गंवा दिए। ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जल्दी आउट हो गए, जिससे टीम दबाव में आ गई।
इसके बाद हेनरिक क्लासेन और नीतिश कुमार रेड्डी ने शानदार साझेदारी करते हुए पारी को संभाला। क्लासेन ने 41 गेंदों पर 62 रन बनाए, जबकि नितीश रेड्डी ने 33 गेंदों पर 56 रनों की तेज पारी खेली। इन दोनों की वजह से हैदराबाद 156/9 तक पहुंच सका, जो शुरुआत को देखते हुए एक सम्मानजनक स्कोर था।
मोहम्मद शमी ने की घातक गेंदबाजी
लखनऊ की तरफ से मोहम्मद शमी ने नई गेंद से शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवरों के स्पेल में सिर्फ 9 रन देकर 2 विकेट लिए और हैदराबाद के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह से तोड़ दिया। उनके अलावा आवेश खान और प्रिंस यादव ने भी अहम विकेट लेकर हैदराबाद को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका।
रन चेज में पंत और मार्करम ने दिलाई मजबूत शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत अच्छी रही। एडन मार्करम ने 27 गेंदों पर 45 रनों की तेज पारी खेली और टीम को मजबूत शुरुआत दी। हालांकि, मिचेल मार्श जल्दी आउट हो गए, लेकिन कप्तान ऋषभ पंत ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी जारी रखी और टीम को मैच में बनाए रखा।
बीच के ओवरों में लखनऊ ने कुछ जल्दी-जल्दी जरूर विकेट गंवाए, जिससे मैच एक बार फिर बराबरी पर आ गया। आयुष बडोनी और निकोलस पूरन जैसे बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए। इस दौरान हैदराबाद के गेंदबाजों ने अच्छी वापसी की और मैच को आखिरी ओवर तक खींच लिया।
ऋषभ पंत ने खत्म किया मुकाबला
आखिर में कप्तान ऋषभ पंत ने जिम्मेदारी लेते हुए शानदार बल्लेबाजी की और 50 गेंदों पर 68 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्होंने दबाव में शांत रहते हुए टीम को जीत दिलाई। अंतिम ओवरों में अब्दुल समद ने भी उपयोगी योगदान दिया, जिससे लखनऊ ने 19.5 ओवरों में 157 रनों का टारगेट चेज कर लिया।
पिछले मुकाबले में घर पर हार झेलने के बाद अब लखनऊ सुपर जायंट्स ने घर के बाहर इस सीजन अपनी जीत हासिल कर ली है। वहीं दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद को तीन मैचों में दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

