फिल साल्ट और रजत पाटीदार की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर RCB ने वानखेड़े में 240 रन बनाए।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े में खेले जा रहे इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 240 रन बना दिए। इस पिच पर यह स्कोर सिर्फ बड़ा नहीं, बल्कि मैच पर पूरा दबाव बनाने वाला है।
इस मुकाबले की शुरुआत से ही RCB ने यह साफ कर दिया था कि वह इस मैच में अटैकिंग क्रिकेट खेलने वाले हैं और पॉवरप्ले में ही मुंबई के गेंदबाजों को बैकफुट पर डाल दिया।
ओपनर्स ने पॉवरप्ले में ही किया मैच का टोन सेट
फिल साल्ट और विराट कोहली की ओपनिंग जोड़ी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। दोनों ने बिना समय गंवाए बाउंड्री निकालनी शुरू कर दी और सिर्फ 6 ओवरों में टीम का स्कोर 71/0 तक पहुंचा दिया।
साल्ट ने खास तौर पर अटैक किया और सिर्फ 25 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। उनकी बल्लेबाजी में लगातार प्रेशर दिखा और मुंबई के गेंदबाज लाइन-लेंथ खोजते रह गए।
कोहली ने संभाली जिम्मेदारी, साल्ट ने खुलकर किया प्रहार
इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ओपनर और अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने दूसरी तरफ एंकर की भूमिका निभाई और 38 गेंदों पर 50 रनों की पारी खेली। उन्होंने स्ट्राइक रोटेट करते हुए साल्ट को अटैक करने का मौका दिया।
साल्ट ने 36 गेंदों पर 78 रन बनाकर मैच को पूरी तरह RCB के पक्ष में झुका दिया। उनकी पारी में 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे और वह 10वें ओवर तक मैच का सबसे बड़ा अंतर बन चुके थे।
पाटीदार ने आते ही खेली आक्रामक पारी
11वें ओवर में जैसे ही साल्ट आउट हुए, कप्तान रजत पाटीदार ने आते ही मैच की रफ्तार और बढ़ा दी। उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों पर 53 रन ठोक दिए और मुंबई के गेंदबाजों को पूरी तरह तोड़ दिया। पाटीदार की पारी ने बीच के ओवरों को RCB के लिए गोल्डन फेज बना दिया, जहां टीम ने तेजी से रन जोड़े और मैच से पूरी तरह कंट्रोल नहीं छोड़ा।
आखिरी ओवरों में टिम डेविड ने 16 गेंदों पर 34 रन बनाकर फिनिशिंग का काम किया। हालांकि जितेश शर्मा बड़ा स्कोर नहीं बना सके, लेकिन टीम की रन गति पर कोई असर नहीं पड़ा। RCB ने आखिरी 5 ओवरों में 53 रन जोड़े और स्कोर को 240 तक पहुंचा दिया, जो इस पिच पर एक बेहद मजबूत टोटल है।
पूरी तरह दबाव में दिखे मुंबई के गेंदबाज
मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी इस मैच में पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई। जसप्रीत बुमराह ही थोड़े कंट्रोल में दिखे, लेकिन बाकी सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए। तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने 50 रन दिए, शार्दुल ठाकुर ने सिर्फ 2 ओवरों में 32 रन लुटा दिए, जबकि स्पिनर मयंक मार्कंडे को 2 ओवरों में 40 रन पड़े।
अब मैच किस तरफ झुका है
वानखेड़े की पिच पर 241 का टारगेट भले चेज किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए मुंबई इंडियंस के बलेबाजों को भी शुरुआत से ही अटैक करना होगा। हालांकि, RCB इस समय मैच में आगे है और अगर उनके गेंदबाज सही लाइन लेंथ पर गेंदबाजी करते हैं, तो यह स्कोर मैच जिताने के लिए काफी साबित हो सकता है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

