क्रुणाल पांड्या आईपीएल में 1500+ रन और 100+ विकेट का डबल हासिल करने वाले छठे खिलाड़ी बने हैं।
आईपीएल में ऑलराउंडर्स का रोल हमेशा बेहद अहम रहा है। कई खिलाड़ियों ने इस लीग में बल्ले और गेंद दोनों से अपनी टीम को मैच जिताए हैं, लेकिन हर खिलाड़ी इतने लंबे समय तक दोनों विभाग में लगातार असर नहीं डाल पाता।
इतने बड़े टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भी खिलाड़ी के लिए 1500 से ज्यादा रन बनाना और 100 से ज्यादा विकेट लेना सिर्फ आंकड़ा नहीं, बल्कि उसकी निरंतरता और मैच पर पकड़ दोनों को दिखाता है। हाल ही में क्रुणाल पांड्या ने आईपीएल 2026 में अपना 100वां विकेट पूरा करते हुए इस खास क्लब में जगह बना ली है। इसी के बाद यहाँ हम आपको आईपीएल इतिहास में 1500+ रन और 100+ विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट बताने जा रहे हैं।
ये हैं आईपीएल इतिहास में 1500+ रन और 100+ विकेट लेने वाले ऑलराउंडर
6. क्रुणाल पांड्या – 1749 रन और 100 विकेट*
क्रुणाल पांड्या ने हाल ही में आईपीएल 2026 के रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मुकाबले में अपने आईपीएल करियर का 100वां विकेट हासिल किया। इसके साथ ही वह 1500 से ज्यादा रन और 100 विकेट का डबल पूरा करने वाले छठे खिलाड़ी बन गए।
उन्होंने अब तक आईपीएल में 147 मैच खेले हैं, जिसमें 21.59 की औसत से 1749 रन बनाए हैं और 31.41 की औसत से 100 विकेट भी अपने नाम किए हैं।
5. अक्षर पटेल – 1919 रन और 131 विकेट
अक्षर पटेल आईपीएल के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडर्स में से एक हैं। वह गेंदबाजी में लगातार टीम को कंट्रोल देते हैं और जरूरत पड़ने पर बल्ले से भी अहम रन जोड़ते हैं।
अक्षर ने 166 मैचों में 21.32 की औसत से 1919 रन बनाए हैं और 31.73 की औसत से 131 विकेट लिए हैं, जो उनकी निरंतरता को साफ दिखाता है।
4. सुनील नरेन – 1816 रन और 195 विकेट
सुनील नरेन आईपीएल के सबसे खतरनाक स्पिन ऑलराउंडर्स में गिने जाते हैं। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से कई मैचों में विपक्षी टीम को पूरी तरह बांधकर रखा है और बल्लेबाजी में भी तेज रन बनाकर मैच का रुख बदला है।
नरेन ने 192 मैचों में 17.63 की औसत से 1816 रन बनाए हैं और 25.77 की औसत से 195 विकेट लिए हैं, जो उन्हें इस सूची में खास बनाता है।
3. ड्वेन ब्रावो – 1560 रन और 183 विकेट
ड्वेन ब्रावो आईपीएल इतिहास के सबसे सफल ऑलराउंडर्स में से एक रहे हैं। उन्होंने कई सीजन तक अपनी डेथ गेंदबाजी और उपयोगी बल्लेबाजी से टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला है।
ब्रावो ने 161 मैचों में 22.61 की औसत से 1560 रन बनाए हैं और 23.83 की औसत से 183 विकेट लिए हैं। अब वह आईपीएल से संन्यास ले चुके हैं और कोलकाता नाइट राइडर्स के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं।
2. आंद्रे रसेल – 2651 रन और 123 विकेट
आंद्रे रसेल आईपीएल के सबसे आक्रामक ऑलराउंडर्स में से एक रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी मैच का पासा पलटने की ताकत रखती थी और गेंदबाजी में भी वह अहम मौके पर विकेट निकालते थे।
रसेल ने 139 मैचों में 28.2 की औसत से 2651 रन बनाए हैं और 23.28 की औसत से 123 विकेट लिए हैं। अब वह भी आईपीएल से संन्यास ले चुके हैं और कोलकाता नाइट राइडर्स के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं।
1. रविंद्र जडेजा – 3336 रन और 173 विकेट
रविंद्र जडेजा आईपीएल इतिहास के सबसे संतुलित ऑलराउंडर माने जाते हैं। उन्होंने हर सीजन में बल्ले, गेंद और फील्डिंग तीनों से टीम के लिए योगदान दिया है।
जडेजा ने 259 मैचों में 28.27 की औसत से 3336 रन बनाए हैं और 30.32 की औसत से 173 विकेट लिए हैं, जो उन्हें इस सूची में सबसे ऊपर रखता है।
(Note: यहाँ दिए गए सभी आँकड़े 15 अप्रैल को खेले जा रहे RCB vs LSG मुकाबले में क्रुणाल पांड्या के 100 विकेट पूरा करने तक अपडेटेड हैं।)
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

