DC vs PBKS मैच में केएल राहुल की 152* रनों की पारी की बदौलत दिल्ली ने 264/2 का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में मेजबान दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए पूरी तरह से मैच पर कब्जा जमा लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और पंजाब किंग्स के गेंदबाजों को बिल्कुल भी सेट होने का मौका नहीं दिया।
पारी शुरुआत में पाथुम निसांका (11 रन) जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद केएल राहुल और नीतिश राणा ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर ऐसी साझेदारी की जिसने मैच को एकतरफा बना दिया। इसके अलावा आखिरी 5 ओवरों में टीम ने 75 रन बनाए, जिससे यह मैच दिल्ली कैपिटल्स के पकड़ में आ गया।
केएल राहुल ने खेली 152* रनों ऐतिहासिक पारी
केएल राहुल ने इस मुकाबले में 67 गेंदों पर 16 चौकों और 9 छक्कों की मदद से नाबाद 152* रन बनाए। इसी के साथ वह आईपीएल इतिहास में 150 से ज्यादा रनों की पारी खेलने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए, जबकि ओवरऑल लिस्ट में वह क्रिस गेल (175 रन) और ब्रेंडन मैक्कुलम (158* रन) के बाद तीसरे स्थान पर आ गए।
राहुल ने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर 47 गेंदों में शतक तक पहुंचे। इसके बाद भी उन्होंने रन गति कम नहीं होने दी और आखिरी ओवरों में लगातार बड़े शॉट खेलते हुए टीम को 250 के पार पहुंचाया।
नीतिश राणा के साथ रिकॉर्ड साझेदारी
नीतिश राणा ने भी इस मैच में 44 गेंदों में 91 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। राहुल और राणा के बीच दूसरे विकेट के लिए 220 रनों की साझेदारी हुई, जो आईपीएल इतिहास में किसी भी विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।
इससे पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली और एबी डी विलियर्स के नाम है, जिन्होंने 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 229 रन जोड़े थे।
पंजाब किंग्स के गेंदबाज रहे पूरी तरह फ्लॉप
पंजाब किंग्स की गेंदबाजी इस मुकाबले में पूरी तरह बिखरी हुई नजर आई। अर्शदीप सिंह और जेवियर बार्टलेट को एक-एक विकेट जरूर मिला, लेकिन दोनों ने काफी रन खर्च किए।
बार्टलेट ने अपने 4 ओवर में 69 रन दिए, जबकि अर्शदीप ने 49 रन लुटाए। युजवेंद्र चहल जैसे अनुभवी गेंदबाज भी असर नहीं छोड़ पाए और 4 ओवर में 42 रन दे बैठे। मिडिल ओवर्स से लेकर डेथ ओवर्स तक कोई भी गेंदबाज दिल्ली की रन गति को रोक नहीं सका।
दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया अपना सबसे बड़ा स्कोर
दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 264/2 का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जो उनका आईपीएल इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा टोटल है। इससे पहले उनका सबसे बड़ा टोटल 257/4 था, जो उन्होंने आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली में ही बनाया था।
अब पंजाब किंग्स के सामने इस मुकाबले को जीतने के लिए 265 रनों का बड़ा लक्ष्य है, जिसे चेज करना काफी मुश्किल है। यदि वह यह रन चेज करने में कामयाब होते हैं, तो यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज होगा।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

