ऋतुराज गायकवाड़ ने आईपीएल 2026 में अपना पहला अर्धशतक लगाया।
आईपीएल 2026 के 37वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 158 रन बनाए। हालांकि, टीम एक समय 10 ओवरों तक काफी पीछे चल रही थी, लेकिन लगातार खराब फॉर्म में चल रहे कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार कमबैक किया और अर्धशतक लगाकर अपनी टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
पॉवरप्ले में ही टूट गई CSK की कमर
इस मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही, जहां टीम ने पॉवरप्ले में सिर्फ 28 रन बनाकर 3 बड़े विकेट गंवा दिए।
संजू सैमसन 11 रन बनाकर आउट हुए, जबकि उर्विल पटेल और सरफराज खान भी जल्दी पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटकों के बाद टीम पूरी तरह बैकफुट पर चली गई और रन गति भी काफी धीमी हो गई।
कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने संभाली पारी
कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने एक छोर संभाले रखा और 49 गेंदों पर अपने आईपीएल करियर की सबसे धीमा अर्धशतक बनाया। वह 60 गेंदों में 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 74* रन बनाकर अंत तक नाबाद रहे।
उनके अलावा, शिवम दुबे ने 22 रन बनाए, जबकि अंत में जेमी ओवरटन ने 6 गेंदों में 18 रनों की तेज पारी खेलकर स्कोर को थोड़ा सम्मानजनक बनाया। उन्होंने 19वें ओवर में अरशद खान के खिलाफ तीन चौके और एक छक्का लगाकर ये रन बनाए थे। फिर 20वें ओवर में ऋतुराज गायकवाड़ ने मानव सुथार के खिलाफ 15 रन बटोरे और पारी का शानदार अंत किया।
गुजरात के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
गुजरात टाइटंस की तरफ से कगिसो रबाडा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवरों में 25 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके अलावा, अरशद खान ने 2 विकेट, जबकि मोहम्मद सिराज और मानव सुथार ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 1-1 विकेट हासिल किया।
10 ओवरों के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने किया कमबैक
चेन्नई की टीम एक समय 8 ओवर में 37 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी और 10 ओवरों में उनका स्कोर सिर्फ 43 था, जिसके बाद 140-145 तक पहुंचना भी मुश्किल लग रहा था। उसके बाद गायकवाड़ ने रफ्तार बदली और फिर निचले क्रम के बल्लेबाजों के योगदान से सीएसके 158 के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
अब गुजरात टाइटंस के सामने 159 रन का लक्ष्य है और जिस तरह की पिच और परिस्थितियां हैं, इस स्कोर को डिफेंड करना चेन्नई के गेंदबाजों के लिए उतना भी आसान नहीं रहने वाला है। लेकिन यदि गेंदबाजों ने शुरुआत में कुछ विकेट गिरा दिए और दबाव बनाया, तो मैच का रुख CSK की तरफ मुड़ सकता है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

