आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस अब तक 7 में से 5 मुकाबले हार चुकी है।
आईपीएल 2026 में खराब फॉर्म और खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही मुंबई इंडियंस (MI) ने एक बड़ा मास्टरस्ट्रोक खेला है। दरअसल, स्टार कीवी ऑलराउंडर मिचेल सेंटनर कंधे की गंभीर चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, जिनकी जगह मुंबई ने दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी स्पिनर और ‘हनुमान भक्त’ केशव महाराज को अपनी टीम में शामिल किया है। महाराज की एंट्री से मुंबई के स्पिन विभाग को वह मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिसकी इस समय उन्हें सख्त जरूरत है।
कैसे लगी थी मिचेल सेंटनर को चोट?
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कार्तिक शर्मा का एक अविश्वसनीय कैच लपकते समय सेंटनर का कंधा जमीन से जोर से टकरा गया था। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था और उस मैच में शार्दुल ठाकुर कंकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में उनकी जगह ली थी।
हालांकि, मिचेल सेंटनर के शुरुआती उपचार के बाद मेडिकल टीम ने विस्तृत जांच की, जिसमें पता चला कि उनकी चोट गंभीर है और उन्हें रिकवरी के लिए लंबे समय तक मैदान से दूर रहना होगा। सेंटनर का बाहर होना मुंबई के लिए एक बड़ा झटका है, लेकिन महाराज के जुड़ने से अब वह थोड़ी राहत की सांस ले सकते हैं।
केशव महाराज हैं भगवान हनुमान के बड़े भक्त
केशव महाराज क्रिकेट के साथ-साथ अपनी गहरी धार्मिक आस्था के लिए भी सुर्खियों में रहते हैं। वह भगवान हनुमान के बहुत बड़े भक्त हैं और अक्सर उनके बल्ले पर ‘ॐ’ का स्टिकर देखा जाता है। मैच के दौरान विकेट लेने के बाद उनके समर्पित भाव फैंस का दिल जीत लेते हैं।
मुंबई इंडियंस के सोशल मीडिया पर इस खबर के आते ही फैंस के बीच ‘जय बजरंगबली’ के नारे गूंजने लगे हैं और माना जा रहा है कि महाराज की मौजूदगी टीम के ड्रेसिंग रूम में सकारात्मक ऊर्जा लाएगी।
केशव महाराज का भारत में प्रदर्शन और IPL रिकॉर्ड
केशव महाराज ने भारत की पिचों पर अब तक कुल 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 46 ओवरों में 8.82 की इकॉनमी से 406 रन खर्च किए हैं और 31.23 की औसत एवं 21.20 की स्ट्राइक रेट से 13 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/24 रहा है।
वहीं आईपीएल की बात करें तो केशव महाराज ने अब तक सिर्फ 2 ही मुकाबले खेले हैं, लेकिन उनका रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली है। उन्होंने साल 2024 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से गुजरात टाइटंस के खिलाफ जयपुर में अपना आईपीएल डेब्यू किया था। महाराज ने अपने छोटे से आईपीएल करियर में शानदार गेंदबाजी करते हुए 19.5 की औसत और 18.0 की स्ट्राइक रेट से 2 विकेट झटके, जबकि उनकी इकोनॉमी महज 6.5 की रही।
मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अब जीतना होगा हर मैच
आईपीएल 2026 के 39 मैचों के बाद मुंबई इंडियंस फिलहाल अंक तालिका में 9वें स्थान पर है और उनके लिए प्लेऑफ की राह काफी कठिन हो चुकी है। उन्होंने अब तक 7 में से 5 मुकाबले गंवाए हैं और उनके खाते में सिर्फ 4 अंक हैं, जबकि नेट रन रेट -0.73 है।
मुंबई को अपना अगला मुकाबला 29 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में ही खेलना है, जो उनके लिए काफी अहम है। मुंबई को प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए अगले 7 मैचों में से कम से कम 6 मैच जीतने होंगे, जिससे उनके 16 अंक हो जाएंगे। यह स्कोर आमतौर पर क्वालिफिकेशन के लिए सुरक्षित माना जाता है।
इसके अलावा, अगर मुंबई अगले 7 में से 5 मैच जीतती है, तो उनके 14 अंक होंगे। ऐसी स्थिति में टीम को न केवल दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा, बल्कि अपना नेट रन रेट भी काफी सुधारना होगा। आईपीएल इतिहास में अक्सर देखा गया है कि 14 अंकों पर फैसला नेट रन रेट से ही होता है। अब देखना होगा कि क्या केशव महाराज की फिरकी मुंबई को इस मुश्किल भंवर से निकाल पाती है या नहीं।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

