IPL 2026 के GT vs PBKS में ‘खूंखार’ बैटिंग वाली पंजाब किंग्स के सामने गुजरात टाइटंस तैयार है।
IPL 2026, GT vs PBKS Preview: आईपीएल 2026 का 46वां मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच केवल दो अंकों की लड़ाई नहीं है, बल्कि टी20 क्रिकेट की दो अलग-अलग विचारधाराओं का आमना-सामना है। एक तरफ पंजाब किंग्स की ‘न्यू-एज’ पॉवर-हिटिंग है, तो दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस का ‘ओल्ड-स्कूल’ अंदाज।
अर्शदीप सिंह बने पंजाब किंग्स के लिए बने सबसे बड़े सिरदर्द
पंजाब किंग्स के लिए इस समय उनके मुख्य तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की खराब फॉर्म सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है। पिछले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 222 रन जैसे बड़े स्कोर को डिफेंड करने उतरी पंजाब के लिए अर्शदीप ने गेंदबाजी में काफी निराश किया। उन्होंने अपने स्पेल में न केवल दिशाहीन गेंदबाजी की, बल्कि एक ओवर में 11 गेंदें फेंककर मैच विपक्षी टीम की झोली में डाल दिया।
डेथ ओवर्स में अर्शदीप का कंट्रोल खोना और लगातार एक्स्ट्रा रन देना कप्तान श्रेयस अय्यर की टेंशन बढ़ा रहा है। उनकी स्लोअर बॉल और सटीक यॉर्कर इस सीजन में अब तक बेअसर साबित हुई हैं। अगर कल अहमदाबाद में भी अर्शदीप का यही हाल रहा, तो पंजाब की मज़बूत बल्लेबाजी की मेहनत पर फिर से पानी फिर सकता है।
इतिहास की सबसे ‘खूंखार’ बैटिंग यूनिट है पंजाब
हालांकि, पंजाब की गेंदबाजी कमजोर कड़ी है, लेकिन उनकी बल्लेबाजी इस समय आईपीएल इतिहास के सबसे खतरनाक दौर से गुजर रही है। आंकड़ों के लिहाज से यह टूर्नामेंट की अब तक की सबसे आक्रामक बैटिंग लाइन-अप है। टीम का ओवरऑल स्ट्राइक रेट 186 का है, जो किसी भी टीम के लिए एक सपना जैसा है।
हैरान करने वाली बात यह है कि पंजाब का हर बल्लेबाज औसतन हर 8वीं गेंद पर छक्का जड़ रहा है। श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में टीम का मिडिल ऑर्डर ‘छठे गियर’ में बल्लेबाजी कर रहा है। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की जोड़ी पॉवरप्ले में जिस तरह की शुरुआत दे रही है, उसे रोकना किसी भी बॉलिंग अटैक के लिए बड़ी चुनौती होगी।
गुजरात का ‘डेथ ओवर जाल’ और तेवतिया का वार
दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस ने पिछले कुछ मैचों में शानदार वापसी की है। गुजरात की असली ताकत उनकी गेंदबाजी की गहराई है। पिछले मैच में जब रबाडा और सिराज महंगे साबित हो रहे थे, तब राशिद खान और जेसन होल्डर ने मिलकर सात विकेट चटकाए और मैच का रुख पलट दिया। जेसन होल्डर के आने से टीम को वह संतुलन मिला है, जिसकी उन्हें कब से तलाश थी।
बल्लेबाजी में राहुल तेवतिया ने एक बार फिर साबित किया है कि ‘फिनिशर’ के रोल में उनका कोई सानी नहीं है। बिना किसी खास मैच प्रैक्टिस के उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 17 गेंदों में नाबाद 27 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। तेवतिया का पंजाब के खिलाफ पुराना इतिहास रहा है, जो कल फिर से देखने को मिल सकता है।
GT vs PBKS: अहमदाबाद की पिच पर क्या होगा?
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच नंबर 5 पर कल रनों का सैलाब आने की पूरी उम्मीद है। 40 डिग्री की चिलचिलाती गर्मी में यहाँ टॉस की भूमिका अहम होगी। इस पिच पर तेज गेंदबाजों का औसत (17.8) स्पिनरों (28.9) के मुकाबले काफी बेहतर रहा है। ऐसे में मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा की जोड़ी शुरुआत में पंजाब के बल्लेबाजों की परीक्षा लेगी।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

