पैट कमिंस को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से बड़ा कॉन्ट्रैक्ट ऑफर मिला है।
ऑस्ट्रेलिया टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) को लेकर बड़ी रिपोर्ट सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें करीब 12 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 113 करोड़ रुपये का लंबी अवधि वाला कॉन्ट्रैक्ट ऑफर किया है। बताया जा रहा है कि यह डील तीन साल की होगी, जिसमें कमिंस को हर साल करीब 4 मिलियन डॉलर मिलेंगे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया यह सुनिश्चित करना चाहता है कि कमिंस भविष्य में भी राष्ट्रीय टीम के लिए खेलते रहें और टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता दें। हाल ही में ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि एक IPL फ्रेंचाइजी ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट छोड़कर दुनियाभर की टी20 लीग खेलने के लिए लगभग 10 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का ऑफर दिया था।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने क्या कहा?
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के हेड ऑफ क्रिकेट जेम्स ऑलसॉप ने इस मामले पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “बिल्कुल। उन्होंने लंबे समय तक ऑस्ट्रेलिया के लिए सभी फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया है और वे इस सुरक्षा के हकदार हैं। मौजूदा सिस्टम के तहत आप एक सीमा तक ही जा सकते हैं, इसलिए यह हमारी प्राथमिकता है।”
उन्होंने आगे कहा, “यह काफी मुश्किल संतुलन है। हमें पता है कि जिन खिलाड़ियों की सबसे ज्यादा डिमांड है, उन पर मार्केट का दबाव बढ़ रहा है। पैट, जोश हेजलवुड और ट्रैविस हेड जैसे मल्टी-फॉर्मेट खिलाड़ियों की काफी मांग है। इसलिए उन्हें ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के साथ बनाए रखना हमारे लिए बेहद जरूरी है।”
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कमिंस को मिलने वाला यह भुगतान इस बात पर निर्भर नहीं करेगा कि वह कितने मैच खेलते हैं।
पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के बाद क्या बोले कमिंस?
फिलहाल पैट कमिंस आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के बाद टीम के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की।
कमिंस ने कहा, “मुझे लगता है कि पंजाब एक बहुत अच्छी टीम है। मैच से पहले वे नंबर-1 पर थे। बल्लेबाजों ने जिस तरह स्कोर बनाया, वह शानदार था। इसके बाद उस स्कोर को डिफेंड करना भी आसान नहीं था, खासकर ऐसी टीम के खिलाफ, लेकिन मुझे लगा कि हमने काफी क्लिनिकल प्रदर्शन किया।”
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

