लगातार पांच हार के बाद पंजाब किंग्स की कमजोरियां खुलकर सामने आ गई हैं।
आईपीएल 2026 (IPL 2026) में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) ने जिस अंदाज में सीजन की शुरुआत की थी, उसे देखकर टीम मजबूत दावेदार नजर आ रही थी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम ने शुरुआती मुकाबलों में आक्रामक बल्लेबाजी और बेहतरीन टीम कॉम्बिनेशन के दम पर लगातार जीत हासिल की थी। एक समय ऐसा लग रहा था कि पंजाब किंग्स आसानी से प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।
हालांकि, अब वही टीम लगातार पांच हार के बाद दबाव में नजर आ रही है। मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार ने पंजाब की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। वह अभी भी पॉइंट्स टेबल में टॉप 4 में बनी हुई है, लेकिन लगातार 6 हार ने उनके आत्मविश्वास को काफी प्रभावित किया है। सबसे बड़ी बात है कि अब उनके पास 15 अंकों तक ही पहुंचने का मौका है।
दबाव वाले मौकों पर बिखर रही है पंजाब किंग्स
पंजाब किंग्स के असिस्टेंट कोच ब्रैड हैडिन ने हार के बाद साफ कहा कि टीम दबाव को सही तरीके से संभाल नहीं पा रही है। उनके मुताबिक पंजाब किंग्स ने पिछले कुछ मुकाबलों में बड़े मौकों पर अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट नहीं खेला।
सीजन की शुरुआत में पंजाब की बल्लेबाजी काफी आक्रामक थी। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य टीम को तेज शुरुआत दे रहे थे। वहीं श्रेयस अय्यर लगातार मैच फिनिश कर रहे थे। लेकिन पिछले कुछ मैचों में बल्लेबाजी यूनिट का आत्मविश्वास कमजोर दिखाई दिया है।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी पंजाब की बल्लेबाजी शुरुआत से दबाव में नजर आई। टीम बड़े शॉट लगाने की कोशिश में लगातार विकेट गंवाती रही और बल्लेबाज लंबी साझेदारी नहीं बना सके।
बल्लेबाजी ने पूरी तरह खो दी है लय
पूर्व कीवी तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनेघन ने भी पंजाब की बल्लेबाजी को टीम की सबसे बड़ी कमजोरी बताया। उनके मुताबिक पंजाब किंग्स अब बल्लेबाजी में अपना रास्ता भटक चुकी है।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 265 रनों का विशाल लक्ष्य चेज करने के बाद पंजाब की बल्लेबाजी को लेकर काफी चर्चा हो रही थी। उस मैच में टीम ने लगभग हर गेंदबाज पर हमला किया था और ऐसा लग रहा था कि पंजाब 280 रन तक भी पहुंच सकती है।
लेकिन उसके बाद बल्लेबाजों का इंटेंट धीरे-धीरे कमजोर पड़ता गया। शुरुआती विकेट गिरने के बाद टीम संभलकर खेलने लगी और यही चीज पंजाब की आक्रामक पहचान को नुकसान पहुंचा रही है।
पिछले कुछ मुकाबलों में पंजाब के बल्लेबाज बड़े स्कोर बनाने के बजाय सिर्फ मैच को आगे बढ़ाने की कोशिश करते नजर आए हैं। इसी वजह से टीम लगातार दबाव में आ रही है।
युजवेंद्र चहल का नहीं हो रहा सही इस्तेमाल
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में युजवेंद्र चहल की गेंदबाजी को लेकर भी काफी सवाल उठे। चहल ने अपने शुरुआती तीन ओवरों में काफी किफायती गेंदबाजी की थी और विकेट भी लिया था। इसके बावजूद पंजाब ने उनका आखिरी ओवर काफी देर से कराया।
पूर्व भारतीय बल्लेबाज अभिनव मुकुंद का मानना है कि पंजाब किंग्स लगातार एक ही गलती दोहरा रही है। वह बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ चहल को गेंदबाजी देने से बचती रही है और यही रणनीति उन्हें नुकसान पहुंचा रही है।
मुंबई के खिलाफ भी तिलक वर्मा शुरुआत में चहल के खिलाफ सहज नजर नहीं आ रहे थे। इसके बावजूद पंजाब ने स्पिनर को अटैक पर नहीं लगाया। बाद में जब चहल को 16वें ओवर में गेंद दी गई, तब तक मुंबई के बल्लेबाज सेट हो चुके थे और उन्होंने उस ओवर में बड़े रन बना लिए।
लगातार बदल रही है बॉलिंग रणनीति
पंजाब किंग्स की गेंदबाजी में भी स्थिरता की कमी साफ दिखाई दे रही है। वह हर मैच में अलग गेंदबाजी कॉम्बिनेशन के साथ उतर रही है। कभी लॉकी फर्ग्यूसन खेलते हैं, कभी बार्टलेट तो कभी बेन द्वारशुइस को मौका मिलता है।
ऐसे में कप्तान और टीम मैनेजमेंट के लिए गेंदबाजों का सही इस्तेमाल करना मुश्किल हो रहा है। मुंबई के खिलाफ पंजाब के पास अतिरिक्त गेंदबाज का विकल्प भी नहीं था, जिसकी वजह से कप्तानी और रणनीति दोनों पर असर पड़ा।
इतना ही नहीं, पंजाब के गेंदबाजों ने कई मुकाबलों में अहम मौकों पर कैच छोड़े हैं और डेथ ओवरों में खराब गेंदबाजी की है। यही छोटी गलतियां अब पंजाब को लगातार भारी पड़ रही हैं।
अब पंजाब किंग्स के लिए हर मैच करो या मरो जैसा
लगातार पांच हार के बावजूद पंजाब किंग्स की सबसे बड़ी राहत यह है कि वह अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। शुरुआती मुकाबलों में मिली लगातार जीत अब उनके काम आ रही है।
हालांकि, अब पंजाब के पास अब सिर्फ एक मैच बचा है, जिसे उसे हर हाल में जीतना होगा। अगर बैटिंग यूनिट फिर से शुरुआती लय हासिल कर लेती है और टीम दबाव वाले मौकों पर बेहतर फैसले लेने लगती है, तो पंजाब अभी भी शानदार वापसी कर सकती है।
लेकिन अगर यही गलतियां जारी रहीं, तो शानदार शुरुआत के बावजूद पंजाब किंग्स का IPL 2026 अभियान लीग स्टेज में ही खत्म हो सकता है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

