CSK और तमिलनाडु के ऑलराउंडर विजय शंकर ने घरेलू क्रिकेट और IPL को अलविदा कह दिया है।
भारतीय टीम और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व ऑलराउंडर विजय शंकर (Vijay Shankar) ने घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास ले लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक 35 वर्षीय खिलाड़ी अब विदेशी फ्रेंचाइजी लीग्स में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
बता दें कि, विजय शंकर ने भारत के लिए साल 2018 और 2019 के बीच लिमिटिड ओवर क्रिकेट खेला था। उन्होंने 12 वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा वह घरेलू क्रिकेट में तमिलनाडु के लिए लंबे समय तक खेले और अपनी टीम को विजय हजारे ट्रॉफी, देवधर ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट जिताने में अहम भूमिका निभाई।
हालांकि, 2025-26 सीजन से पहले उन्होंने त्रिपुरा टीम जॉइन कर ली थी। अपने घरेलू करियर के आखिरी दौर में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने फरवरी 2026 में रणजी ट्रॉफी मुकाबले में गुजरात के खिलाफ नाबाद 151* रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी।
IPL में कई टीमों के लिए खेले विजय शंकर
विजय शंकर ने IPL में साल 2014 से 2025 तक कुल 78 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया। वह 2025 में आखिरी बार चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे, लेकिन IPL 2026 मेगा ऑक्शन में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला था।
विजय शंकर ने घरेलू क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 4253 रन बनाए, जबकि लिस्ट ए क्रिकेट में उनके नाम 2790 रन दर्ज हैं। वहीं टी20 क्रिकेट में उन्होंने 2583 रन बनाए। इसके अलावा, उन्होंने तीनों फॉर्मेट मिलाकर कुल 154 विकेट भी हासिल किए।
‘3D प्लेयर’ वाले विवाद से भी जुड़े रहे विजय शंकर
ऑलराउंडर विजय शंकर वर्ल्ड कप 2019 के दौरान काफी चर्चा में आए थे। उस समय भारतीय टीम में नंबर-4 बल्लेबाज की जगह को लेकर काफी बहस चल रही थी और चयनकर्ताओं ने अनुभवी बल्लेबाज अंबाती रायडू की जगह विजय शंकर को वर्ल्ड कप टीम में चुन लिया था।
उनके सेलेक्शन के बारे में बताते हुए तत्कालीन चीफ सेलेक्टर एमएसके प्रसाद ने कहा था कि विजय शंकर एक “3D प्लेयर” हैं, क्योंकि वह बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों में योगदान दे सकते हैं।
इसके बाद उनका यह बयान काफी वायरल हुआ था और रायडू ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट करके उन्हें ट्रोल भी किया था। इसके साथ ही साथ, इस फैसले से आहत होकर उन्होंने क्रिकेट से संन्यास भी ले लिया था और फिर बाद में वापसी की थी।
वहीं दूसरी ओर,विजय शंकर को भुवनेश्वर कुमार के चोटिल होने के चलते गेंदबाजी करने का भी मौका मिला और उन्होंने पहली ही गेंद पर विकेट लेकर रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि, वह बीच वर्ल्ड कप में चोटिल हो गए थे, जिसके चलते वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।
अब संन्यास लेते समय उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में “Your 3D Cricketer” लिखकर उसी विवाद को याद किया। इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा नोट भी लिखा और अपने करियर के दिनों में उनका साथ और समर्थन करने वालों को धन्यवाद भी किया।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।


