ब्राजील अब तक FIFA वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे सफल टीम है।
FIFA World Cup फुटबॉल की दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट माना जाता है। हर चार साल में होने वाले इस टूर्नामेंट का इंतजार दुनिया भर के करोड़ों फुटबॉल फैंस करते हैं। वर्ल्ड कप जीतना किसी भी देश के लिए सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जाता है क्योंकि यहां दुनिया की सबसे मजबूत टीमें हिस्सा लेती हैं।
पिछले कई दशकों में कुछ टीमों ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए फुटबॉल की दुनिया पर अपना दबदबा बनाया है। ब्राजील, जर्मनी, इटली और अर्जेंटीना जैसी टीमों ने कई बार ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा है। इन टीमों ने सिर्फ खिताब ही नहीं जीते बल्कि अपने खेल से फुटबॉल को नई पहचान भी दी। आइए जानते हैं फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीमों के बारे में।
ये हैं FIFA वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीमें
1. ब्राजील (Brazil) – 5 खिताब
ब्राजील फीफा वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे सफल टीम है। इस टीम ने अब तक 5 बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती है। उन्होंने 1958, 1962, 1970, 1994 और 2002 में यह खिताब अपने नाम किया था।
ब्राजील की टीम हमेशा से आक्रामक फुटबॉल, शानदार स्किल और बेहतरीन खिलाड़ियों के लिए जानी जाती रही है। फुटबॉल इतिहास के कई महान खिलाड़ी जैसे पेले, रोनाल्डो, रोनाल्डिन्हो, काका और नेमार इसी देश से निकले हैं। ब्राजील की टीम ने 22 बार वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया है और यह हर वर्ल्ड कप में खेलने वाली इकलौती टीम भी है।
1970 की ब्राजील टीम को फुटबॉल इतिहास की सबसे महान टीमों में गिना जाता है। वहीं 2002 वर्ल्ड कप में रोनाल्डो के शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम ने अपना पांचवां खिताब जीता था।
2. जर्मनी (Germany) – 4 खिताब
जर्मनी फीफा वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक है। उन्होंने 1954, 1974, 1990 और 2014 में वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती थी।
जर्मनी की टीम हमेशा से अनुशासित खेल और मजबूत मानसिकता के लिए जानी जाती है। बड़े मैचों में दबाव झेलने की उनकी क्षमता उन्हें बाकी टीमों से अलग बनाती है। जर्मनी ने कई बार वर्ल्ड कप फाइनल खेला है और लगातार बड़े टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है।
2014 फीफा वर्ल्ड कप में जर्मनी ने अर्जेंटीना को हराकर अपना चौथा खिताब जीता था। उसी टूर्नामेंट में जर्मनी ने ब्राजील को 7-1 से हराकर फुटबॉल इतिहास के सबसे चर्चित मुकाबलों में से एक जीत दर्ज की थी।
3. इटली (Italy) – 4 खिताब
इटली ने भी फीफा वर्ल्ड कप में 4 बार ट्रॉफी जीती है। इस टीम ने 1934, 1938, 1982 और 2006 में खिताब अपने नाम किया था। इटली की पहचान हमेशा से मजबूत डिफेंस और अनुशासित फुटबॉल के लिए रही है। टीम ने कई बड़े टूर्नामेंट में अपनी रणनीति और डिफेंसिव खेल के दम पर विरोधी टीमों को परेशान किया है।
इटली ने 2006 के फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में फ्रांस को पेनल्टी शूटआउट में हराकर चौथी बार ट्रॉफी जीती थी। उस जीत में फैबियो कैनावारो और जियानलुइगी बफॉन जैसे खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही थी।
4. अर्जेंटीना (Argentina) – 3 खिताब
अर्जेंटीना की टीम दुनिया की सबसे पॉपुलर फुटबॉल टीमों में गिनी जाती है। इस टीम ने अब तक 3 बार फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती है। उन्होंने 1978, 1986 और 2022 में खिताब अपने नाम किया।
डिएगो माराडोना और लियोनेल मेसी जैसे महान खिलाड़ियों ने इस टीम को नई पहचान दिलाई। 1986 वर्ल्ड कप में माराडोना का प्रदर्शन आज भी फुटबॉल इतिहास के सबसे शानदार प्रदर्शनों में गिना जाता है।
2022 फीफा वर्ल्ड कप में लियोनेल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने फ्रांस को हराकर तीसरी बार ट्रॉफी जीती थी। उस फाइनल को वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे रोमांचक फाइनल में गिना जाता है।
5. फ्रांस (France) – 2 खिताब
फ्रांस ने फीफा वर्ल्ड कप में 2 बार ट्रॉफी जीती है। उन्होंने 1998 और 2018 में यह उपलब्धि हासिल की। इस टीम ने 1998 के वर्ल्ड कप में फ्रांस ने घरेलू मैदान पर पहली बार खिताब जीता था। उस टीम में जिनेदिन जिदान सबसे बड़े स्टार खिलाड़ी थे।
वहीं वर्ल्ड कप 2018 में किलियन एम्बाप्पे, एंटोनी ग्रिजमैन और पॉल पोग्बा जैसे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पिछले कुछ सालों में फ्रांस लगातार दुनिया की सबसे मजबूत फुटबॉल टीमों में शामिल रही है और 2022 के वर्ल्ड कप की उपविजेता भी रही।
6. उरुग्वे (Uruguay) – 2 खिताब
उरुग्वे भी अब तक दो बार फीफा वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुकी है। इस टीम ने 1930 में खेले गए पहले फीफा वर्ल्ड कप में ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद 1950 वर्ल्ड कप में टीम ने मेजबान ब्राजील को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।
उस मुकाबले को फुटबॉल इतिहास के सबसे बड़े अपसेट्स में गिना जाता है। ब्राजील के घरेलू मैदान पर मिली वह जीत आज भी उरुग्वे फुटबॉल इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
7. इंग्लैंड (England) – 1 खिताब
इंग्लैंड ने अब तक सिर्फ एक बार फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती है। उसने 1966 में घरेलू मैदान पर जर्मनी को हराकर यह खिताब अपने नाम किया था। उस जीत के बाद इंग्लैंड आज तक दूसरा वर्ल्ड कप खिताब नहीं जीत पाया है, लेकिन टीम लगातार मजबूत दावेदारों में गिनी जाती रही है।
8. स्पेन (Spain) – 1 खिताब
स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप में एक बार ट्रॉफी जीती है। उसने वर्ल्ड कप 2010 में नीदरलैंड को हराकर पहली बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। आंद्रेस इनिएस्ता ने फाइनल में ऐतिहासिक गोल करके स्पेन को इतिहास का पहला वर्ल्ड कप खिताब दिलाया था।
उस दौर में स्पेन की टीम दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में गिनी जाती थी। इस टीम का पासिंग गेम और बॉल कंट्रोल पूरी दुनिया में काफी मशहूर हुआ था।
(NOTE: यहाँ दिए गए सभी आंकड़े 25 मई 2026 तक अपडेटेड हैं।)
FIFA World Cup 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

