भारत में घरेलू क्रिकेट की शुरुआत होने जा रही है। दुनिया के सबसे पुराने घरेलू टूर्नामेंट में से एक रणजी ट्रॉफी का आगाज 15 अक्टूबर से होगा। जिसके लिए सभी टीमें जोरों-शोरों से तैयारी करने में लगी हुई हैं। कई स्टेट्स ने तो अपनी टीम का ऐलान कर दिया है, जबकि कुछ बाकी हैं। रणजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन ने दिल्ली की स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इस सीजन में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
आयुष बडोनी को कप्तान तो यश धूल को बनाया गया उपकप्तान

आयुष बडोनी दिल्ली की रणजी टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। वह पिछले कुछ समय से घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसका रिवॉर्ड उन्हें कप्तान बनाकर दिया गया है। उनसे न केवल खुद के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है, बल्कि वह अपनी कप्तानी में टीम को आगे ले जाएंगे, ऐसी भी आशा रखी जा रही है। दिल्ली की टीम एक दशक से रणजी ट्रॉफी के फाइनल में नहीं गई है।
वहीं, युवा बल्लेबाज यश धूल को न केवल टीम में शामिल किया गया है, बल्कि उन्हें उपकप्तान भी बनाया गया है। करियर-थ्रेटनिंग बीमारी के बाद इस युवा खिलाड़ी ने काफी शानदार वापसी की है, जिसके चलते उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। हाल ही में उन्हें ईरानी कप और दिलीप ट्रॉफी में भी जगह दी गई थी।
दूसरे राउंड में ऋषभ पंत के भी खेलने की उम्मीद
डीडीसीए सचिव अशोक शर्मा ने कहा कि चयनकर्ताओं ने 24 खिलाड़ियों को इसलिए चुना है, क्योंकि उन्हें लगता है कि इससे हर मैच में चयन के लिए एक बड़ा पूल उपलब्ध रहता है। उन्होंने कहा, “जब हम दिल्ली में घरेलू मैच खेलेंगे, तो हम इसे घटाकर 15 कर देंगे।” रणजी ट्रॉफी में इस बार ऋषभ पंत को भी खेलने का मौका दिया जा सकता है। क्योंकि सेलेक्टर्स और टीम मैनेजमेंट ने साफ कर दिया है कि जो भी खिलाड़ी टीम में वापसी करेगा, उसे घरेलू क्रिकेट खेलना पड़ेगा।
ऋषभ पंत को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में चोट लगी थी, जिसके बाद से वह अभी तक टीम से बाहर चल रहे हैं। वह क्रिस वोक्स की गेंद को रिवर्स मारने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन असफल रहे थे और चोटिल होकर बाहर हो गए थे। अब वह वापसी के लिए रणजी में उतरेंगे ताकि उनकी फिटनेस चेक कर सकें।
घरेलू क्रिकेट में फिर से वापसी करेंगे नितीश
पिछले साल उन्होंने दिल्ली का हाथ छोड़ दिया था और उत्तर प्रदेश की टीम से खेल रहे थे, लेकिन इस बार वह फिर से वापसी कर रहे हैं। नितीश राणा की वापसी पर शर्मा ने कहा कि वह एक अनुभवी खिलाड़ी हैं और सेलेक्टर्स उन्हें परखना चाहते थे।
उनके पास अपार अनुभव है, जो दिल्ली टीम के काम आ सकता है। उन्होंने 54 प्रथम श्रेणी मैचों में 2,954 रन बनाए हैं, जिनमें सात शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने 78 लिस्ट ए मैचों में 2,281 रन बनाए हैं, जिनमें तीन शतक शामिल हैं।
दिल्ली की टीम का स्क्वाड:
आयुष बडोनी (कप्तान), यश धुल (उप-कप्तान), अर्पित राणा, सनत सांगवान, अनुज रावत (विकेटकीपर), सुमित माथुर, शिवम शर्मा, रौनक वाघेला, नवदीप सैनी, सिमरजीत सिंह, मनी ग्रेवाल, सिद्धांत शर्मा, ध्रुव कौशिक, प्रणव राजवंशी (विकेटकीपर), नीतीश राणा, हिम्मत सिंह, आयुष दोसेजा, राहुल डागर, रितिक शौकीन, प्रियांश आर्य, तेजस्वी (विकेटकीपर), वैभव कांडपाल, रोहन राणा, आर्यन राणा (फिटनेस)






