Women’s ODI World Cup 2025: महीला वनडे विश्व कप 2025 के अपने पहले मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज 30 सितंबर को श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम से मैच खेलने वाली है। इस मैच में भारतीय टीम हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेगी।
अभी हाल ही में भारतीय टीम ने अपने अभ्यास मैच में न्यूजीलैंड टीम को हराया था। जबकि दूसरी तरफ श्रीलंकाई टीम को अपने अभ्यास मैच में बांग्लादेश की टीम के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। आइए इस मैच के प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर भी एक नजर डाल लेते हैं।
भारतीय टीम का पलड़ा रहा है भारी :-

इन दोनों टीमों की अभी तक की भिड़ंत में भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। क्यूंकि वनडे फॉर्मेट में अभी तक इन दोनों टीमों के बीच कुल 35 मैच खेले गए हैं। इनमें से 31 मैच में भारतीय टीम को जीत मिली है। जबकि केवल 3 मैच को ही श्रीलंका की टीम जीत पाई है। जबकि इन दोनों का एक मैच बेनतीजा भी रहा है। इसके अलावा वनडे विश्व कप में भारत ने श्रीलंका को 3 मैचों में हराया है और 1 मैच में टीम इंडिया को हार मिली है।
इस संयोजन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम :-
महिला वनडे विश्व कप 2025 के इस पहले मैच में भारतीय टीम को प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी से अच्छी शुरुआत की उम्मीद रहेगी। क्यूंकि अभी हाल ही में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ समाप्त हुई वनडे सीरीज में इन दोनों ही बल्लेबाजों ने काफी शानदार प्रदर्शन किया था। वहीं इस मैच में गेंदबाजी में रेणुका सिंह ठाकुर के कंधो पर दारोमदार रहेगा

भारत की संभावित एकादश : प्रतिका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देयोल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्नेह राणा, राधा यादव, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे और रेणुका सिंह ठाकुर।
ऐसी हो सकती है श्रीलंकाई टीम :-
इस मैच में श्रीलंका की टीम को अपनी कप्तान चमारी अट्टापट्टू से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। वहीं इस मैच में वह अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगी। जबकि इस टीम में नीलाक्षी डी सिल्वा के प्रदर्शन पर भी नजरें रहेंगी। क्यूंकि उन्होंने अभ्यास मैच में बांग्लादेश टीम के खिलाफ अर्धशतक लगाते हुए अपनी फॉर्म में आने के संकेत दे दिए थे।

श्रीलंका की संभावित एकादश : हासिनी परेरा, विशमी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), पिउमी बदलगे, नीलाक्षी डी सिल्वा, अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), देवमी विहंगा, सुगंधिका कुमारी, मल्की मदारा, और इनोका राणावीरा।
जानिए कब और कहां देखें यह मैच :
भारत और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच आज यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं इस मैच को आज आप सभी भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे से देख सकते हैं। इसके अलावा भारत में इसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर भी होने वाला है।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







