Sunday, March 22

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत में अब सिर्फ एक हफ्ता ही बचा है। 28 मार्च से टूर्नामेंट का 19वां सीजन शुरू होने जा रहा है और सभी टीमें इसकी तैयारियों में जुट चुकी हैं। इसी बीच सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने कप्तान को लेकर बड़ा फैसला लिया है।

चोटिल कमिंस की जगह ईशान किशन को बनाया गया कप्तान

सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के लिए चोटिल पैट कमिंस की जगह कप्तान का ऐलान किया है। उन्होंने कमिंस की अनुपस्थिति में ईशान किशन को टीम का कप्तान बनाया है।

ऐसे में कमिंस जब तक पूरी तरह फिट नहीं हो जाते, तब तक ईशान किशन टीम की कमान संभालेंगे। वहीं, अभिषेक शर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। हैदराबाद ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इस बात की जानकारी दी।

ईशान बनेंगे एसआरएच के 11वें कप्तान

ईशान किशन पिछले सीजन में ही टीम से जुड़े थे। आईपीएल 2025 के ऑक्शन में हैदराबाद ने उन्हें 11.40 करोड़ रुपये में खरीदा था। एक ही सीजन के बाद उन्हें कप्तानी सौंप दी गई है। वह एसआरएच के 11वें कप्तान होंगे और टीम की कप्तानी करने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बनेंगे।

2013- कुमार संगकारा, कैमरन व्हाइट (Kumar Sanagakara, Cameron White)

अगर टीम के कप्तानों के इतिहास की बात करें तो SRH ने 2013 में IPL में डेब्यू किया था। पहले सीजन में कुमार संगकारा और कैमरन व्हाइट ने कप्तानी संभाली थी। हालांकि टीम को कुछ खास सफलता नहीं मिली थी, इसलिए उन्होंने अगले सीजन कप्तान बदलने का फैसला किया था।

2014- शिखर धवन, डैरेन सैमी (Shikhar Dhawan, Darren Sammy)

साल 2014 में शिखर धवन ने भी टीम की कमान संभाली। इसी साल डैरेन सैमी ने कुछ मैचों में कप्तानी की। हालांकि टीम के प्रदर्शन में कुछ सुधार नहीं आया, जिसके चलते उन्होंने फिर से कप्तानी बदलने का फैसला किया।

2015-21- डेविड वॉर्नर (David Warner)

टीम को सबसे ज्यादा सफलता डेविड वॉर्नर की कप्तानी में मिली। वॉर्नर को 2015 में टीम का कप्तान बनाया गया और उसी साल टीम के प्रदर्शन में सुधार आया। इसके बाद अगले ही साल उनकी कप्तानी में टीम ने आईपीएल जीत लिया। टीम की सफलता को देखते हुए उन्हें ही कप्तान के रूप में रखा गया। 2021 तक उन्होंने कमान संभाली और उनकी कप्तानी में 2015 को छोड़कर हर बार टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने में सफल रही। इसके अलावा मनीष पांडेय ने IPL 2021 में एक मैच में कप्तानी की थी।

2018-22- केन विलियमसन (Kane Williamson)

2018 में बॉल टैंपरिंग की वजह से वॉर्नर के ऊपर एक साल का बैन लगाया गया और ऐसे मुश्किल समय में केन विलियमसन को कप्तान बनाया गया। उसी सीजन केन ने न सिर्फ बल्ले से बल्कि अपनी कप्तानी के दम पर टीम को फाइनल तक पहुंचाया। लेकिन वॉर्नर की वापसी के बाद उनसे कप्तानी ले ली गई। हालांकि 2022 में फिर से विलियमसन को कप्तान बनाया गया, लेकिन टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। इस दौरान भुवनेश्वर कुमार ने भी कुछ मैचों में कप्तानी की।

2023- एडन मार्क्रम (Aiden Markram)

आईपीएल 2023 में एडन मार्क्रम को कप्तान बनाया गया। उन्होंने SA20 में हैदराबाद की फ्रेंचाइजी को चैंपियन बनाया था, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया। लेकिन आईपीएल में उनकी कप्तानी में टीम का बुरा हाल हुआ।

2024*- पैट कमिंस (Pat Cummins)

2023 में भारत को पहले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और उसके बाद वर्ल्ड कप जीतने का सपना तोड़ने वाले पैट कमिंस को हैदराबाद ने 2024 से अपना कप्तान नियुक्त किया। उनकी कप्तानी में टीम ने काफी आक्रामक ब्रांड की क्रिकेट खेलनी शुरू की और उस सीजन फाइनल तक पहुंची। हालांकि अगले सीजन वे प्लेऑफ में क्वालिफाई नहीं कर पाए।

2026- ईशान किशन (Ishan Kishan)

2026 आईपीएल शुरू होने से पहले उनके नियमित कप्तान चोट के चलते शुरुआती मुकाबलों में नहीं खेलने वाले हैं। इसलिए उनकी जगह पर ईशान किशन को कप्तान बनाया गया है।

अब तक SRH के कप्तान

No कप्तान देश साल/सीजन मैच
1 कुमार संगकारा श्रीलंका 2013 9
2 कैमरन व्हाइट ऑस्ट्रेलिया 2013 8
3 शिखर धवन भारत 2013–2014 16
4 डैरेन सैमी वेस्टइंडीज 2014 4
5 डेविड वॉर्नर ऑस्ट्रेलिया 2015–2021 67
6 केन विलियमसन न्यूजीलैंड 2018–2022 42
7 भुवनेश्वर कुमार भारत 2019–2023 7
8 मनीष पांडे भारत 2021 1
9 एडन मार्क्रम साउथ अफ्रीका 2023 14
10 पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया 2024* 14+
11 ईशान किशन भारत 2026

आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

आकाश अवस्थी स्पोर्ट्स डाइजेस्ट हिंदी में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में दो वर्षों का अनुभव रखते हैं। इससे पहले वे इंडिया न्यूज़ और स्पोर्ट्सविकी जैसे प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म्स के साथ भी काम कर चुके हैं। क्रिकेट, कबड्डी और अन्य खेलों की बारीकियों को गहराई से समझना और उन्हें आसान व रोचक अंदाज में पाठकों तक पहुंचाना उनकी खासियत है। खेल जगत के साथ साथ पॉलिटिक्स की हर हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है।

Leave A Reply

Exit mobile version