लगातार मैच मिस कर रहे हार्दिक पांड्या को लेकर मुंबई इंडियंस कैंप से पहली बार खुलकर बयान सामने आया है।
आईपीएल 2026 (IPL 2026) में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) का सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है और इसी बीच कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की गैरमौजूदगी लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। अब मुंबई इंडियंस के स्टार ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश (Corbin Bosch) ने हार्दिक को लेकर बड़ा बयान दिया है।
दरअसल, हार्दिक पांड्या इस सीजन अब तक तीन मुकाबले मिस कर चुके हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में वह बैक स्पाज्म की वजह से नहीं खेले थे। इससे पहले वह दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबलों में भी टीम का हिस्सा नहीं थे।
‘हमने मैदान पर उनकी मौजूदगी मिस की’
पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कॉर्बिन बॉश ने माना कि हार्दिक की गैरमौजूदगी टीम के लिए आसान नहीं रही। उन्होंने कहा कि हार्दिक सिर्फ कप्तान ही नहीं, बल्कि शानदार क्रिकेटर भी हैं और टीम ने मैदान पर उनकी मौजूदगी को काफी मिस किया है।
बॉश ने कहा, “यह काफी मुश्किल रहा है। हार्दिक सिर्फ एक लीडर नहीं, बल्कि बेहतरीन क्रिकेटर भी हैं। मैदान पर हमने उनकी मौजूदगी को मिस किया है।”
हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि टीम को परिस्थितियों के साथ आगे बढ़ना होगा।
सूर्यकुमार यादव संभाल रहे हैं कप्तानी
हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने अब तक तीन मुकाबलों में मुंबई की कमान संभाली है और पंजाब किंग्स के खिलाफ भी वही कप्तानी करते नजर आ सकते हैं।
मुंबई इंडियंस की टीम इस समय पॉइंट्स टेबल में नीचे से दूसरे स्थान पर मौजूद है। टीम पूरे सीजन में लगातार संतुलित प्रदर्शन नहीं कर सकी, जिसका असर उसके नतीजों पर भी देखने को मिला।
क्या रही मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी कमजोरी?
कॉर्बिन बॉश ने टीम के खराब प्रदर्शन पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस इस सीजन एक कम्पलीट गेम नहीं खेल सकी।
उनके मुताबिक, कई मैचों में गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया तो बल्लेबाज फ्लॉप रहे, जबकि कुछ मुकाबलों में बल्लेबाज चले लेकिन गेंदबाजी कमजोर रही।
बॉश ने कहा, “हम इस सीजन पूरा मैच एक साथ अच्छा नहीं खेल पाए। कभी गेंदबाज अच्छा करते थे तो बल्लेबाज संघर्ष करते थे, और कभी बल्लेबाज अच्छा करते थे तो गेंदबाज पीछे रह जाते थे।”
उन्होंने आगे कहा कि टीम उन छोटे लेकिन अहम मौकों को अपने पक्ष में नहीं कर सकी, जिनके लिए मुंबई इंडियंस जानी जाती है। खासकर कैच छोड़ना और दबाव के क्षणों में गलतियां करना टीम पर भारी पड़ा।
हार्दिक पांड्या को लेकर लगातार बढ़ रही हैं चर्चाएं
हार्दिक पांड्या पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर भी लगातार चर्चा में बने हुए हैं। उनकी फिटनेस, लगातार मैच मिस करना और हाल ही में वायरल हुए कुछ वीडियोज के बाद फैंस के बीच अलग-अलग तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट की ओर से फिलहाल उनकी वापसी को लेकर कोई बड़ा अपडेट सामने नहीं आया है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







