Thursday, June 4

IPL 2026 में चोट और अनुपलब्धता की वजह से सभी टीमों को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है।

IPL 2026 में इस बार सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि टीम कॉम्बिनेशन के मामले में भी काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। सीजन के 50 मुकाबले पूरे होने तक लगभग हर टीम किसी ना किसी बड़े खिलाड़ी की चोट, फिटनेस समस्या या अनुपलब्धता से परेशान रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, जिन खिलाड़ियों ने अब तक टूर्नामेंट मिस किया है या बीच में बाहर हुए हैं, उनकी कुल कीमत करीब 57.6 करोड़ रुपये है। दिलचस्प बात यह है कि यह रकम आईपीएल 2026 ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स के सबसे बड़े पर्स 64.30 करोड़ रुपये के काफी करीब है।

चेन्नई, मुंबई और कोलकाता जैसी टीमों को लगा बड़ा झटका

चेन्नई सुपर किंग्स को इस सीजन सबसे ज्यादा चोटों का सामना करना पड़ा है। टीम पहले ही खलील अहमद, नाथन एलिस और युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे जैसे खिलाड़ियों को खो चुकी है। हाल ही में रामकृष्ण घोष भी चोट के चलते पूरे सीजन से बाहर हो गए।

कोलकाता नाइट राइडर्स की बात करें तो टीम को हर्षित राणा और मथीशा पथिराना की गैरमौजूदगी का बड़ा नुकसान हुआ। हर्षित राणा घुटने की सर्जरी के कारण बाहर हुए, जबकि पथिराना फिटनेस समस्या की वजह से अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। खास बात यह है कि पथिराना अकेले 18 करोड़ रुपये के खिलाड़ी हैं।

मुंबई इंडियंस भी इस संकट से बच नहीं पाई। रोहित शर्मा चोट की वजह से कई मुकाबले नहीं खेल सके, जबकि मिचेल सैंटनर कंधे की चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। इसके अलावा विल जैक्स भी कुछ मैचों के बाद टीम से जुड़े।

विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता भी बनी बड़ी समस्या

आईपीएल 2026 में कई विदेशी खिलाड़ी देर से जुड़े या बीच में बाहर हो गए। दिल्ली कैपिटल्स के लिए मिचेल स्टार्क शुरुआती मुकाबलों में उपलब्ध नहीं थे, जबकि जोश हेजलवुड भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए कुछ शुरुआती मैच मिस कर चुके हैं। वहीं, कैमरून ग्रीन की गेंदबाजी पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण रोक लगाई हुई है।

इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट ने टेस्ट क्रिकेट पर फोकस करने के लिए टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था। दूसरी तरफ बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन भारत और बांग्लादेश के राजनीतिक तनाव के चलते उन्हें रिलीज करना पड़ा।

IPL 2026 में अब तक बाहर या अनुपलब्ध रहने वाले बड़े खिलाड़ी

आईपीएल 2026 में अब तक 19 खिलाड़ी चोटिल होने के चलते या अन्य कारणों से उपलब्ध नहीं हैं। इन सभी खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट और उनकी कीमतें नीचे दी गई है।

  1. मथीशा पथिराना – 18 करोड़ रुपये
  2. मुस्तफिजुर रहमान – 9.2 करोड़ रुपये
  3. खलील अहमद – 4.8 करोड़ रुपये
  4. हर्षित राणा – 4 करोड़ रुपये
  5. जैक एडवर्ड्स – 3 करोड़ रुपये
  6. सैम करन – 2.4 करोड़ रुपये
  7. नाथन एलिस – 2 करोड़ रुपये
  8. वानिंदु हसरंगा – 2 करोड़ रुपये
  9. टॉम बैंटन – 2 करोड़ रुपये
  10. मिचेल सैंटनर – 2 करोड़ रुपये
  11. बेन डकेट – 2 करोड़ रुपये
  12. मैथ्यू शॉर्ट – 1.5 करोड़ रुपये
  13. डेविड पेन – 1.5 करोड़ रुपये
  14. आकाश दीप – 1 करोड़ रुपये
  15. ब्रायडन कार्स – 1 करोड़ रुपये
  16. अथर्व अंकोलेकर – 30 लाख रुपये
  17. पृथ्वीराज यारा – 30 लाख रुपये
  18. आयुष म्हात्रे – 30 लाख रुपये
  19. रामकृष्ण घोष – 30 लाख रुपये

प्लेऑफ रेस में चोटें बन सकती हैं सबसे बड़ा फैक्टर

आईपीएल 2026 अब अपने अंतिम स्टेज में पहुंच चुका है और प्लेऑफ की रेस काफी रोमांचक बनी हुई है। ऐसे में स्टार खिलाड़ियों की चोट और अनुपलब्धता आने वाले मुकाबलों में कई टीमों की किस्मत बदल सकती है।

हालाँकि, इस सीजन कुछ टीमों ने बैकअप खिलाड़ियों के दम पर वापसी की है, जबकि कुछ फ्रेंचाइजी अभी तक सही कॉम्बिनेशन तलाशने में लगी हुई हैं।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version