टीम इंडिया और मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अपनी छुट्टियां खत्म करने के बाद फिर से ट्रेनिंग में जुट गए हैं। पूर्व भारतीय कप्तान ने अपनी आईपीएल टीम मुंबई इंडियंस के कैंप को जॉइन कर लिया है। उनके कैंप जॉइन करते ही मुंबई इंडियंस फैंस में उत्साह बढ़ गया है। तो चलिए जानते हैं कि कैसी चल रही है रोहित की प्रैक्टिस?
रोहित शर्मा ने जॉइन किया मुंबई इंडियंस कैंप
मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा टीम के साथ जुड़ गए हैं और उन्होंने प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है। अब आईपीएल को शुरू होने में लगभग 10 दिनों का समय शेष रह गया है और ऐसे में सभी टीमें जोरों-शोरों से तैयारी में जुटी हुई हैं। रोहित हाल ही में छुट्टियां मनाकर वापस आए हैं और अब एमआई के साथ इस सीजन के लिए जुड़ गए हैं।
हार्दिक नहीं जुड़े अभी कैंप के साथ
हालांकि अभी कई खिलाड़ी टीम के साथ नहीं जुड़े हैं। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टीम इंडिया को लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। वह इस समय अभी छुट्टियां मना रहे हैं और उनके जल्द ही कैंप के साथ जुड़ने की खबरें आ रही हैं। यही नहीं, बाकी खिलाड़ी भी आने वाले दिनों में टीम के साथ जुड़ते जाएंगे।
2011 में मुंबई से जुड़े थे रोहित
रोहित शर्मा को 2011 में मुंबई इंडियंस ने खरीदा था और उसी साल उन्होंने मुंबई के लिए अपना आईपीएल में डेब्यू किया था। 2013 में उन्हें एमआई का कप्तान भी बना दिया गया था।
रोहित ने मुंबई को बतौर कप्तान पहले ही सीजन में चैंपियन बना दिया था। उसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उनकी कप्तानी में टीम ने 5 बार खिताब अपने नाम किया। हिटमैन ने 11 सीजन तक मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाली। लेकिन 2024 में उनसे बिना बताए कप्तानी छीन ली गई और उनकी जगह पर हार्दिक पांड्या को कप्तान बना दिया गया।
ऐसा है रोहित शर्मा का आईपीएल में प्रदर्शन
रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के लिए इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। वह आईपीएल में 6000 से ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-4 बल्लेबाजों में से हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन साल 2013 के सीजन में आया था, जब उन्होंने बल्ले से कमाल का प्रदर्शन करते हुए 538 रन पूरे टूर्नामेंट में बनाए थे और एमआई को चैंपियन बनाया था।







