केएल राहुल अब आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
आईपीएल में हमेशा से बड़े स्कोर देखने को मिलते रहे हैं, लेकिन जब बात भारतीय बल्लेबाजों की आती है तो कुछ पारियां ऐसी हैं जो इतिहास में दर्ज हो गई हैं। इन पारियों में आक्रामक बल्लेबाजी, दबाव में प्रदर्शन और मैच का पूरा रुख बदल देने की ताकत साफ दिखाई देती है। हालांकि, लगभग 19 सालों के इतिहास में अब तक सिर्फ एक ही बल्लेबाज 150 से ज्यादा रनों की पारी खेल पाया है।
हाल ही में केएल राहुल ने आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ 152* रनों की ऐतिहासिक पारी खेली, जो आईपीएल इतिहास में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी रही। उन्होंने इस मामले में अभिषेक शर्मा के 141 रनों की पारी का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। इसी कड़ी में यहां हम आईपीएल इतिहास में भारतीय बल्लेबाजों द्वारा खेली गई टॉप 5 सबसे बड़ी पारियों पर एक नजर डालने जा रहे हैं।
ये हैं आईपीएल इतिहास में भारतीय बल्लेबाजों द्वारा खेली गई टॉप 5 सबसे बड़ी पारियां
1. केएल राहुल – 152* रन बनाम पंजाब किंग्स, 2026
केएल राहुल ने आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से ओपनिंग करते हुए दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ 67 गेंदों में 152* रनों की बड़ी और नाबाद पारी खेलकर इतिहास रच दिया। इसके साथ वह आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए।
केएल ने अपनी इस बेहतरीन पारी में 226.86 के स्ट्राइक रेट से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 16 चौके और 9 छक्के लगाए। उनकी इस ऐतिहासिक पारी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब के खिलाफ 264/2 का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जो इस टीम का आईपीएल में सबसे बड़ा टोटल भी बना।
2. अभिषेक शर्मा – 141 रन बनाम पंजाब किंग्स, 2025
सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा ने 2025 में पंजाब किंग्स के खिलाफ रन चेज में 55 गेंदों में 141 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। यह उस समय किसी भी भारतीय की आईपीएल में सबसे बड़ी पारी थी, जो अब दूसरे स्थान पर खिसक चुकी है।
अभिषेक ने अपनी इस विस्फोटक पारी में 256.36 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 14 चौके और 10 छक्के लगाए थे। उनकी इस आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने 18.3 ओवरों में सिर्फ 2 विकेट खोकर 247 रन बनाते हुए 246 रनों का बड़ा लक्ष्य हासिल कर लिया था।
3. अभिषेक शर्मा – 135* रन बनाम दिल्ली कैपिटल्स, 2026
अभिषेक शर्मा ने आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 68 गेंदों में 135* रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 242/2 का बड़ा स्कोर बनाया और बाद में 47 रनों से जीत दर्ज की।
4. केएल राहुल – 132* रन बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, 2020
केएल राहुल ने 2020 में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 69 गेंदों में 132* रनों की नाबाद पारी खेली थी। उन्होंने अपनी इस पारी में 14 चौके और 7 छक्के लगाए थे और अपनी क्लास से मैच को एकतरफा कर दिया था। इस मैच में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 206/3 का स्कोर बनाया था और 97 रनों से बड़ी जीत हासिल की थी।
5. शुभमन गिल – 129 रन बनाम मुंबई इंडियंस, 2023
गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल ने 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 60 गेंदों में 129 रन बनाए थे, जिसमें 7 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। इस पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 233/3 का स्कोर बनाया था और 62 रनों से मुकाबला अपने नाम किया था।
(Note: यहां दिए गए सभी आंकड़े आईपीएल 2026 में 25 अप्रैल को खेले गए दिल्ली कैपिटल्स बनाम पंजाब किंग्स मुकाबले तक अपडेटेड हैं।)
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







