Tuesday, June 16

विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में शानदार फॉर्म में चल रहे 33 वर्षीय अनुभवी बल्लेबाज Karun Nair ने कहा है कि उन्होंने भारत की जर्सी फिर से पहनने की उम्मीद नहीं खोई है।

करुण नायर ने इस विजय हजारे ट्रॉफी सीजन में बल्ले से खूब रन बरसाए हैं। उन्होंने अब तक नौ मैचों की आठ पारियों में 782.0 की औसत से 782 रन बनाए हैं, जिसमें छह शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं। वह सेमीफाइनल मुकाबले तक आठ पारियों में सात बार नॉटआउट रहे हैं।

इतना ही नहीं, करुण नायर की कप्तानी में विदर्भ ने पहली बार विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाई है। फाइनल मुकाबले में उनका सामना मयंक अग्रवाल की कप्तानी वाली कर्नाटक से होगा, जहाँ से नायर ने 2012 में अपना डोमेस्टिक करियर शुरू किया था।

भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जड़ने वाले करुण नायर अपने अच्छे प्रदर्शन के दम पर एक बार फिर से भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने का सपना देख रहे हैं।

Karun Nair
Karun Nair (India Tour Of Zimbabwe 2016)

नायर ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, “मेरा सपना हमेशा देश के लिए खेलना रहा है। इसलिए, हां, यह सपना अभी भी जीवित है। यही कारण है कि हम यह खेल खेलते हैं, अपने देश के लिए खेलने के लिए। इसलिए, एकमात्र लक्ष्य देश के लिए खेलना था।”

करुण ने  हँसते हुए कहा, “मुझे लगता है कि यह मेरी तीसरी वापसी है। और मुझे वही करते रहना होगा जो मैं इस समय कर रहा हूं। मैं जितने भी खेल खेलूं, उनमें जब भी संभव हो रन बनाता रहूं। मैं इससे ज्यादा कुछ नहीं कर सकता। बाकी सब मेरे कंट्रोल में नहीं है। लेकिन जब तक यह (चयन) नहीं हो जाता, यह सिर्फ एक सपना है। यह अभी भी पूरा नहीं हुआ है। लेकिन फिर से, जैसा कि मैंने कहा, मैं एक समय में एक पारी पर ध्यान केंद्रित करना चाहूंगा।”

करुण नायर भारत के लिए दो वनडे और 6 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। उन्होंने 2016 में जिम्बाब्वे दौरे पर अपना वनडे डेब्यू और उसी साल के अंत में मोहाली में इंग्लैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था।

18 जनवरी को हो सकती है इंग्लैंड वनडे सीरीज और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड की घोषणा

भारतीय टीम को अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज और फिर यूएई में चैंपियंस ट्रॉफी खेलना है। इसके लिए टीम इंडिया के स्क्वाड का ऐलान शनिवार, 18 जनवरी को होने की उम्मीद जताई जा रही है।

कई सारे फैंस और पूर्व क्रिकेटर करुण नायर की अच्छी फॉर्म को देखते हुए उन्हें इंग्लैंड वनडे सीरीज में मौका देने की मांग कर रहे हैं। यदि वह उस सीरीज में अपनी वापसी पर अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल स्क्वाड में भी शामिल किया जाए।

विजय हजारे ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला कल यानी 18 जनवरी, शनिवार को दोपहर 1:30 बजे से वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में करुण नायर का लक्ष्य अपनी कप्तानी में विदर्भ को पहली बार चैंपियन बनाना होगा।

यदि नायर फाइनल मुकाबले में अच्छी बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को चैंपियन बना देते हैं, तो उन्हें शायद कल रात घोषित होने वाली टीम में जगह मिल सकती है।

Latest Cricket News in HindiLatest Football News in HindiLatest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरें पाने के लिए हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्रामऔर ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version