भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हाल ही में साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार वर्ल्ड कप जीता है। इस जीत के बाद वीमेंस क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ी है, बल्कि उन्हें देश भर में सम्मानित भी किया जा रहा है। इसके चलते अब युवा इस खेल को सीरियस भी लेना शुरू कर चुके हैं और वर्ल्ड कप जिताने वाले खिलाड़ियों को अपना रोल मॉडल मान रहे हैं। इसी क्रम में अब वीमेंस क्रिकेट की ब्रांड वैल्यू में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। तो चलिए जानते हैं किस खिलाड़ी को कितना फायदा हुआ है।
वीमेंस क्रिकेटर की ब्रांड वैल्यू में हुआ इज़ाफ़ा

दरअसल पहले क्रिकेट का मतलब सिर्फ मेंस क्रिकेट से होता था और उन्हें ही रोल मॉडल माना जाता था और ब्रांड्स भी उनके साथ डील साइन करना ज्यादा पसंद करते थे। हालांकि इस जीत ने उस भ्रम को तोड़ा है और अब वीमेंस क्रिकेटर्स की ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ती जा रही है। पहले जिन टॉप खिलाड़ियों को 30 लाख रुपये मिलते थे, अब उसमें 10% से ज्यादा का इज़ाफ़ा देखने को मिल रहा है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में इतिहास रचा गया था और अब उनका नाम हमेशा के लिए भारतीय क्रिकेट में अमर हो गया है। हरमनप्रीत कौर पहले एक ऐड करने के लगभग 30 लाख रुपये लेती थीं। हालांकि अब यह फीस बढ़कर 1.5 से 3 करोड़ हो गई है। वह इस समय 8 से ज्यादा ब्रांड्स के साथ करार कर चुकी हैं और उनकी सालाना कमाई 4 करोड़ के आसपास है।
एक पोस्ट के 2–2.50 करोड़ चार्ज करती हैं स्मृति मंधाना
वहीं टीम इंडिया की उपकप्तान और स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ब्रांड इंडोर्समेंट के मामले में भी टॉप पर आती हैं। इस वर्ल्ड कप में उनके शानदार प्रदर्शन के चलते इसमें उछाल देखने को मिला है और अब वह एक ऐड के लिए 2–2.50 करोड़ तक ले रही हैं। उनका करार इस समय 16 ब्रांड्स के साथ है, जिससे उनकी कमाई 7 करोड़ के आसपास होती है।
टीम इंडिया की दिग्गज ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने इस वर्ल्ड कप में अपने ऑलराउंड खेल से टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। यही वजह है कि वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनी थीं। उनकी भी कमाई में अब इज़ाफ़ा देखने को मिल रहा है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में अपने करियर की ही नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट इतिहास की बेस्ट पारियों में से एक खेलने वाली जेमिमा ने भी अपनी इंडोर्समेंट फीस बढ़ा दी है। अब वह एक ऐड के 60 लाख से 1.5 करोड़ के बीच चार्ज करती हैं।
सबसे हाईएस्ट पेड एथलीट हैं विराट कोहली
वहीं अगर मेंस क्रिकेट की बात की जाए, तो टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली ब्रांड इंडोर्समेंट के मामले में सबसे हाईएस्ट पेड एथलीट हैं। वह एक ऐड का 5 से 8 करोड़ चार्ज करते हैं। जबकि दूसरे नंबर पर भारत के पूर्व और सबसे सफल कप्तान एमएस धोनी हैं। वह एक ऐड का 4 से 6 करोड़ लेते हैं। वहीं क्रिकेट के भगवान कहलाने वाले सचिन तेंदुलकर 3 से 8 करोड़ लेते हैं।







