Thursday, March 12

खेल जगत में बीते कुछ समय से कई दुखद मामले सामने आए हैं, जब मैदान पर खेलते हुए खिलाड़ियों की अचानक जान चली गई। इसी कड़ी में भारतीय घरेलू क्रिकेट से एक और बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है।

मिजोरम की ओर से खेलने वाले पूर्व घरेलू क्रिकेटर लालरेमरुआता का 8 जनवरी को एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान निधन हो गया।

पूर्व रणजी खिलाड़ी लालरेमरुआता का मैच खेलते समय हुए निधन

Mizoram Ranji Player Died In-Ground Of Medical Emergency
Mizoram Ranji Player Died In-Ground Of Medical Emergency

लालरेमरुआता उस समय वेंघनुई रेडर्स CC की तरफ से खेल रहे थे, जब खालिद मेमोरियल सेकेंड डिवीजन स्क्रीनिंग टूर्नामेंट में वेंघनुई रेडर्स CC और चॉन्पुई ILMOV CC के बीच मुकाबला चल रहा था।

मैच के दौरान उन्हें अचानक मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ा और वह मैदान पर ही गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर से पूरे मिजोरम क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

मिजोरम की टीम से खेला था रणजी ट्रॉफी

घरेलू क्रिकेट में लालरेमरुआता को मिजोरम की टीम से दो रणजी ट्रॉफी मुकाबले खेलने का मौका मिला था। उन्होंने अपना आखिरी रणजी मैच साल 2022 में नागालैंड के खिलाफ खेला था।

इसके अलावा उन्होंने मिजोरम के लिए सात टी20 मुकाबले भी खेले, जिनमें उनके बल्ले से 87 रन निकले। टी20 क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 44 रन था। वहीं फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने दो मैचों की चार पारियों में कुल 17 रन बनाए थे।

मिजोरम ने खिलाड़ी के सम्मान में रद्द किए मुकाबले

38 साल की उम्र में उनके निधन से मिजोरम क्रिकेट को बड़ा झटका लगा है। मिजोरम राज्य क्रिकेट संघ ने उनके सम्मान में अपने सभी निर्धारित मैचों को रद्द करने का फैसला लिया है।

क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी लालरेमरुआता मिजोरम क्रिकेट संघ से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे और सीनियर टूर्नामेंट की कमेटी के सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

मिजोरम क्रिकेट बोर्ड ने जताया लालरेमरुआता के निधन पर दुःख

मिजोरम क्रिकेट संघ ने अपने आधिकारिक बयान में लालरेमरुआता के निधन पर गहरा दुख जताया है। संघ ने मिजोरम क्रिकेट के लिए उनके योगदान को याद करते हुए उनके परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। उनके अचानक चले जाने से राज्य क्रिकेट को जो क्षति पहुंची है, उसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

आकाश अवस्थी स्पोर्ट्स डाइजेस्ट हिंदी में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में दो वर्षों का अनुभव रखते हैं। इससे पहले वे इंडिया न्यूज़ और स्पोर्ट्सविकी जैसे प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म्स के साथ भी काम कर चुके हैं। क्रिकेट, कबड्डी और अन्य खेलों की बारीकियों को गहराई से समझना और उन्हें आसान व रोचक अंदाज में पाठकों तक पहुंचाना उनकी खासियत है। खेल जगत के साथ साथ पॉलिटिक्स की हर हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है।

Leave A Reply

Exit mobile version