Monday, March 23

आईसीसी हॉल ऑफ फेमर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल के लिए ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग XI चुनी है। उनका मानना है कि इस एकमात्र फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम कुछ बड़े फैसले ले सकती है, जिनमें सबसे अहम मार्नस लैबुशेन को ओपनिंग कराना शामिल है।

यह मुकाबला 11 जून से लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा, जहां ऑस्ट्रेलिया का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। कोच एंड्रू मैकडोनाल्ड पहले ही संकेत दे चुके हैं कि फाइनल से पहले लंदन में टीम के इकट्ठा होने के बाद ही फाइनल इलेवन का चयन किया जाएगा।

पोंटिंग ने दी लैबुशेन को ओपनर और ग्रीन को तीसरे नंबर पर भेजने की सलाह

पोंटिंग ने ICC रिव्यू शो में बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें लगता है कि ऑस्ट्रेलिया इस फाइनल में एक बड़ा बदलाव करते हुए मार्नस लैबुशेन को उस्मान ख्वाजा के साथ ओपनिंग के लिए भेज सकता है। उन्होंने कहा कि इसके बाद कैमरन ग्रीन को तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी का मौका मिल सकता है, जबकि स्टीव स्मिथ चौथे नंबर पर रहेंगे।

इस तरह, मिडिल ऑर्डर में ट्रैविस हेड, ब्यू वेब्सटर, एलेक्स कैरी और फिर ऑलराउंडर खिलाड़ी टीम में होंगे। गेंदबाज़ी विभाग में पोंटिंग ने पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, नाथन लायन और जोश हैजलवुड को शामिल किया है।

हैजलवुड और बोलैंड के बीच चयन मुश्किल

रिकी पोंटिंग का मानना है कि हैजलवुड और स्कॉट बोलैंड में से किसी एक को चुनना काफी मुश्किल फैसला होगा, लेकिन अगर हैजलवुड फिट रहते हैं, तो उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। पोंटिंग के अनुसार, बोलैंड हर बार मौका मिलने पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट फिट हैजलवुड को वापस प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकता है।

लैबुशेन पर भरोसा या सैम कॉन्स्टस को मौका?

पोंटिंग ने यह भी माना कि मार्नस लैबुशेन की हालिया फॉर्म चिंता का विषय रही है। 2022 के अंत के बाद से उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में केवल एक शतक लगाया है और हाल में काउंटी क्रिकेट में ग्लैमरगन के लिए भी उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता लैबुशेन पर भरोसा जताते हुए उन्हें इस अहम मुकाबले में मौका दे सकते हैं, जैसा उन्होंने पिछली बार डेविड वॉर्नर के मामले में किया था। पोंटिंग के मुताबिक, टीम एक जैसे खिलाड़ियों के साथ इस साइकिल को पूरा करना चाहती है, इसलिए लैबुशेन को मौका मिल सकता है।

हालांकि, पोंटिंग ने साफ तौर पर कहा कि यह उनकी निजी राय है और यह ज़रूरी नहीं कि चयनकर्ता भी उन्हीं खिलाड़ियों को अंतिम एकादश में जगह दें। उन्होंने माना कि अगला कुछ हफ्ते इस बात पर रोशनी डालेंगे कि ऑस्ट्रेलिया आखिर किस रणनीति के साथ मैदान में उतरता है।

ऑस्ट्रेलिया ने पिछले साल भारत को हराकर WTC 2023 का खिताब जीता था और अब उनकी नजर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने पर है।

WTC Final 2025 के लिए पोंटिंग द्वारा चुनी गई ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग XI

उस्मान ख्वाजा, मार्नस लैबुशेन, कैमरन ग्रीन, स्टीव स्मिथ, ट्रैविस हेड, ब्यू वेबस्टर, एलेक्स केरी, पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, नाथन लायन, जोश हैजलवुड।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version