भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज Rishabh Pant ने 2024 के बाद अपनी धमाकेदार वापसी से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था। करीब 14 महीने के लंबे संघर्ष के बाद पंत ने मैदान पर लौटकर दिखा दिया कि असली योद्धा किसे कहते हैं। अब उन्हें उनकी इस वापसी के लिए दुनिया के सबसे बड़े स्पोर्ट्स अवार्ड्स में से एक Laureus World Sports Award 2025 के लिए ‘Comeback of The Year‘ कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया है।
बता दें कि, ऋषभ पंत ने साल 2022 में हुए भयावह कार दुर्घटना के बाद 2024 में धमाकेदार अंदाज में वापसी की और भारतीय टीम के साथ टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन भी बने। उनकी वापसी ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था, क्योंकि सभी को ऐसा लगा था कि वह कम से कम उस साल तो मैदान पर नहीं दिख सकेंगे।
भयानक एक्सीडेंट के बाद की थी Rishabh Pant ने वापसी
30 दिसंबर 2022 को ऋषभ पंत का दिल्ली से रुड़की जाते वक्त कार एक्सीडेंट हो गया था। इस हादसे में उनकी कार जलकर राख हो गई थी। इस एक्सीडेंट के बाद पंत को घुटने के लिगामेंट की चोट, कलाई और टखने की चोट और सिर पर गहरे कट आए थे। डॉक्टरों ने कहा था कि उन्हें मैदान पर लौटने में लंबा वक्त लग सकता है, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
पंत ने आईपीएल 2024 में मात्र 14 महीनों में वापसी करके सबको हैरान कर दिया। डॉक्टर्स ने कहा था कि, वह लगभग 18 महीनों तक क्रिकेट की प्रैक्टिस करने में भी सक्षम नहीं होंगे, लेकिन उन्होंने सभी को गलत साबित कर दिया।
गौरतलब हो कि, ऋषभ ने आईपीएल 2024 में 23 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के लिए वापसी की और मुल्लांपुर में खेले गए उस मैच में कप्तानी की जिम्मेदारी भी संभाली। हालाँकि, वह उस मैच में कुछ ख़ास कमाल नहीं कर सके और 13 गेंदों में 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उस मैच में उनकी टीम को हार का भी सामना करना पड़ा था।
इन खिलाड़ियों को मिला Laureus Comeback of The Year Award 2025 के लिए नॉमिनेशन
दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित स्पोर्ट्स अवार्ड्स में से एक Laureus World Sports Award 2025 के लिए Comeback of The Year कैटेगरी में कुल 6 खिलाड़ियों को नॉमिनेट किया गया है। नीचे हम आपको उन खिलाड़ियों की सूची बताने जा रहे हैं।
- रेबेका आंद्राडे (ब्राजील) – जिम्नास्टिक्स
- केलेब ड्रेसेल (अमेरिका) – स्विमिंग
- लारा गुट-बेहरामी (स्विट्जरलैंड) – अल्पाइन स्कीइंग
- मार्क मार्केज़ (स्पेन) – मोटर साइकिलिंग
- ऋषभ पंत (भारत) – क्रिकेट
- एरियाने टिटमस (ऑस्ट्रेलिया) – स्विमिंग
सचिन तेंदुलकर भी Laureus World Sports Award में पा चुके हैं सम्मान
भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को 2020 में Laureus Sporting Moment Award (2000-2020) से सम्मानित किया गया था। यह पुरस्कार 2011 वर्ल्ड कप जीत के बाद उनके साथियों द्वारा उन्हें कंधों पर उठाकर पूरे मैदान का चक्कर लगाने के यादगार पल के लिए दिया गया था।
बता दें कि, वर्ल्ड कप 2011 में भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था, जो महान सचिन तेंदुलकर का आखिरी आईसीसी टूर्नामेंट भी था। इस खिताबी जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने उन्हें कंधे पर उठाकर मैदान का चक्कर लगाया था, जो क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार पलों में से एक रहा है।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

