Saturday, February 14

साउथ अफ्रीका की घरेलू टी20 लीग SA20 के चौथे सीज़न की शुरुआत 26 दिसंबर 2025 से होगी। SA20 लीग के आयोजकों ने सोमवार को यह जानकारी दी और अगले तीन सीज़न के लिए भी लीग के संभावित शेड्यूल विंडो का ऐलान किया।

इस बार टूर्नामेंट को क्रिसमस वीक में शुरू करने का फैसला इसलिए लिया गया है, क्योंकि साउथ अफ्रीका को 2025-26 सीज़न में घरेलू टेस्ट मैचों की मेज़बानी नहीं करनी है।

क्रिसमस और न्यू ईयर के दौरान दक्षिण अफ्रीका में क्रिकेट का माहौल चरम पर होता है और आयोजकों का मानना है कि इस वक्त SA20 के आयोजन से फैंस की दिलचस्पी और ज़्यादा बढ़ेगी।

इससे पहले तीनों सीज़न जनवरी में शुरू हुए थे, लेकिन इस बार टूर्नामेंट को एक हफ्ता पहले शुरू किया जा रहा है ताकि दूसरे देशों की लीगों से खिलाड़ी छिनने की जंग कुछ हद तक कम की जा सके।

अगले दो सीज़न फिर से जनवरी में होंगे शुरू

SA20 का पांचवां और छठा सीज़न फिर से जनवरी के दूसरे हफ्ते से शुरू होंगे। साल 2027 और 2028 में लीग की शुरुआत 9 जनवरी से मानी जा रही है और ये सीज़न मौजूदा सीज़न से 5-6 दिन ज़्यादा लंबे हो सकते हैं।

क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने पुष्टि की है कि घोषित तारीखें टूर्नामेंट के विंडो को दिखाती हैं, यानी यह फिक्स शेड्यूल नहीं है बल्कि उस अवधि में मैच आयोजित किए जाएंगे।

2025-26 सीज़न में साउथ अफ्रीकी टीम भारत दौरे पर नवंबर-दिसंबर में ऑल-फॉर्मेट सीरीज़ खेलेगी, जिसके बाद वह लौटकर SA20 में भाग लेगी। टूर्नामेंट के बाद जनवरी 26 तक इसका समापन होगा, जिसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज़ होगी।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की उपलब्धता पर पड़ेगा असर

SA20 को 26 दिसंबर से शुरू करने का एक बड़ा असर खिलाड़ियों की उपलब्धता पर भी पड़ेगा। खास तौर पर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी, जो उस समय एशेज सीरीज़ में व्यस्त होंगे।

इस सीज़न में टॉप रन-स्कोरर रहे जो रूट जैसे खिलाड़ी अगले सीज़न की शुरुआत में शायद टीम के लिए उपलब्ध न हों, क्योंकि एशेज 8 जनवरी तक चलेगी।

हालांकि, आयोजकों का मानना है कि इस बदलाव से ILT20 जैसी अन्य लीगों से खिलाड़ियों की टकराव की स्थिति थोड़ी कम होगी। गौरतलब है कि अब तक SA20 और ILT20 लगभग एक ही समय पर होते थे, जिससे कई बड़े खिलाड़ी एक ही समय में दोनों लीगों के बीच उलझे रहते थे।

हालांकि, अब भी ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग और बांग्लादेश प्रीमियर लीग से तारीखें टकराने की संभावना रहेगी, क्योंकि ये दोनों लीग भी दिसंबर के अंत में शुरू होती हैं।

फैंस और खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद होगा नया शेड्यूल

SA20 के कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने कहा कि अगले तीन सालों के लिए शेड्यूल विंडो तय कर देने से लीग के सभी हितधारकों को भविष्य की योजना बनाने में आसानी होगी।

उन्होंने कहा, “हमने देखा है कि छुट्टियों और वीकेंड के दौरान फैंस का रिस्पॉन्स बहुत अच्छा रहता है। SA20 का अगला सीज़न फरवरी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले होगा, इसलिए इस समय को बखूबी भुनाया जा सकता है।”

ग्रीम स्मिथ के मुताबिक 2026-27 सीज़न से शेड्यूल थोड़ा और फैला हुआ रहेगा जिससे टीमों को लॉजिस्टिक और प्लेइंग शेड्यूल में राहत मिलेगी और दर्शकों को भी बेहतर अनुभव मिलेगा।

खिलाड़ियों ने भी जताई सहमति

MI केपटाउन के कोच रॉबिन पीटरसन ने भी मौजूदा सीज़न के अंत में इस बात को स्वीकार किया कि मुकाबलों के बीच थोड़ा और ब्रेक होना चाहिए।

उन्होंने कहा, “अब तक का शेड्यूल बहुत टाइट रहा है। एक दिन मैच, अगले दिन फ्लाइट और फिर अगला दिन फिर से मैच। यह खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ दोनों के लिए मुश्किल भरा रहा है।”

उन्होंने यह भी जोड़ा कि SA20 सिर्फ मैदान पर ही मुश्किल नहीं है, बल्कि टीम मैनेजमेंट, प्लेइंग इलेवन चयन और ब्रेक प्लानिंग जैसे ऑफ-फील्ड पहलुओं पर भी ध्यान देना होता है। ऐसे में आने वाले सीज़नों में ज़्यादा फासले के साथ मैच होने से खिलाड़ियों को आराम मिलेगा और वे बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

कैसे लिया गया फैसला?

SA20 की मीडिया रिलीज़ के अनुसार, लीग और क्रिकेट साउथ अफ्रीका के संयुक्त प्रतिनिधियों की एक वर्किंग ग्रुप ने मिलकर इस विंडो शेड्यूल पर सहमति जताई है। इसका मकसद इंटरनेशनल कैलेंडर के साथ तालमेल बिठाना और SA20 की अहमियत को ग्लोबल टी20 लीगों के बीच बनाए रखना है।

SA20 के अगले तीन सीज़न की संभावित विंडो

SA20 सीजन 4: 26 दिसंबर 2025 से 26 जनवरी 2026

SA20 सीजन 5: 9 जनवरी 2027 से 14 फरवरी 2027

SA20 सीजन 6: 9 जनवरी 2028 से 13 फरवरी 2028

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version