Saturday, February 14

भारतीय क्रिकेट में बदलाव का दौर जारी है। अब खबर आ रही है कि BCCI श्रेयस अय्यर को भारतीय वनडे टीम का अगला कप्तान बनाने पर विचार कर रही है। वहीं, शुभमन गिल के वर्कलोड को देखते हुए उन्हें इस जिम्मेदारी से फिलहाल दूर रखा गया है। अगर रोहित शर्मा कप्तानी छोड़ते हैं तो अय्यर की ताजपोशी जल्द ही हो सकती है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI श्रेयस अय्यर को 2027 वर्ल्ड कप तक भारतीय क्रिकेट टीम का ODI कप्तान बनाने की योजना पर विचार कर रही है। हालांकि, इसका फैसला रोहित शर्मा के भविष्य और टीम मैनेजमेंट की रणनीति पर निर्भर करेगा।

वनडे क्रिकेट में ऐसा रहा है श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन

श्रेयस अय्यर लंबे समय से भारत के लिए मिडिल ऑर्डर में भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने अब तक 70 वनडे मुकाबलों में 2845 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 48.22 है और इसमें पांच शतक भी शामिल हैं।

हाल ही में अय्यर ने चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने पांच मैचों में 243 रन बनाए थे और भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी लगातार अच्छी पारियां (15, 56, 79, 45 और 48 रन) उनके स्थिर प्रदर्शन की गवाही देती हैं। यही वजह है कि चयन समिति और बोर्ड दोनों उन्हें लंबे समय तक वनडे टीम का नेतृत्व करने के लिए उपयुक्त मानते हैं।

क्या होगा रोहित शर्मा का भविष्य?

रोहित शर्मा इस साल 38 वर्ष के हो गए हैं। वह पहले ही विराट कोहली के साथ मिलकर टेस्ट और टी20 प्रारूप से संन्यास ले चुके हैं। अब चर्चा यह है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अक्टूबर में होने वाली वनडे सीरीज उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला हो सकता है।

BCCI एशिया कप के बाद रोहित और कोहली से चर्चा करेगी। अगर रोहित कप्तानी छोड़ने का फैसला लेते हैं, तो अय्यर ऑस्ट्रेलिया सीरीज से ही कप्तान बन सकते हैं। अगर नहीं, तो यह बदलाव थोड़ा आगे खिसक सकता है।

शुभमन गिल क्यों नहीं हैं विकल्प?

शुभमन गिल का नाम भी पहले सभी प्रारूपों का कप्तान बनाने की चर्चाओं में आया था। उन्हें वनडे में उपकप्तान भी बनाया गया था। लेकिन अब बोर्ड ने उनका वर्कलोड मैनेज करने का फैसला किया है।

गिल फिलहाल टेस्ट टीम के कप्तान हैं और एशिया कप के लिए चुनी गई टी20 टीम में सूर्यकुमार यादव के तहत उपकप्तान की भूमिका निभा रहे हैं। आने वाले महीनों में उनका शेड्यूल काफी व्यस्त है। उन्हें अक्टूबर की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज, उसके तुरंत बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20 सीरीज और फिर साउथ अफ्रीका दौरे पर दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है।

इतने व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए गिल को वनडे टीम का कप्तान बनाने का विचार खारिज कर दिया गया है, ताकि वह बर्नआउट का शिकार न हों और पहले से जिन प्रारूपों में कप्तानी कर रहे हैं, उनमें अपना सर्वश्रेष्ठ दे सकें।

लिस्ट A क्रिकेट में श्रेयस अय्यर की कप्तानी रही है शानदार

श्रेयस अय्यर अपना घरेलू क्रिकेट मुंबई की ओर से खेलते हैं। उनके नाम इस फॉर्मेट में मुंबई के लिए सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 2018 से लेकर अब तक 21 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें उन्हें 15 मैचों में जीत हासिल हुई है और 4 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा, 2 मुकाबले नो रिजल्ट भी रहे हैं।

अय्यर का मुंबई के लिए लिस्ट ए क्रिकेट में बतौर कप्तान जीत का प्रतिशत 71.42 है। यदि 10 से ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाले कप्तानों में सबसे अच्छे विनिंग परसेंटेज पर नजर डालें तो, श्रेयस इस मामले में अजीत अगरकर (91.66%) और अमोल मजूमदार (76.92%) के बाद तीसरे स्थान पर आते हैं।

दूसरी ओर, रोहित शर्मा ने मुंबई के लिए लिस्ट ए क्रिकेट में सिर्फ एक मैच में (2011 में) कप्तानी की है, जिसमें उन्हें जीत हासिल हुई थी। उन्हें आईपीएल में अच्छी कप्तानी और अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में उनके अच्छे प्रदर्शन बदौलत टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया था।

वर्तमान समय में श्रेयस अय्यर अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अच्छे फॉर्म में चल रहे हैं और आईपीएल में भी बतौर कप्तान उनके आंकड़े शानदार हैं। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स को 2020 में पहली बार फाइनल तक का सफ़र तय कराने, 2024 में KKR को उनका तीसरा ख़िताब दिलाने और 2025 को 11 सालों बाद प्लेऑफ़ और फिर फाइनल में पहुंचाने का कारनामा किया है।

ऐसे में यह कहा जा सकता है कि श्रेयस को गेम की अच्छी समझ है और वह कप्तानी करते हुए टीम को सफलता दिला सकते हैं। इसके अलावा, उन्होंने घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कई मैचों में अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई है।

उनके आंकड़ों और प्रदर्शन को देखते हुए यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि वह वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए एक बेहतर कप्तान बन सकते हैं।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version