Mandhana-Pratika shatters WODI records in INDW vs NZW Womens World Cup 2025 Match: नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 के 24वें मुकाबले में भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने ऐसा कारनामा कर दिखाया जो भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 212 रनों की शानदार साझेदारी की और कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए।
मंधाना के 109 और प्रतिका के 122 रनों की बदौलत भारत ने बारिश शुरू होने तक 48 ओवरों में सिर्फ दो विकेट खोकर 329 रन बनाए थे। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था, लेकिन भारतीय ओपनर्स ने शुरू से ही आक्रामक अंदाज में खेलते हुए विपक्षी गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। दोनों सलामी बल्लेबाजों की पारियों के चलते कई बड़े रिकॉर्ड्स भी बने, जिसके बारे में नीचे जानकारी दी जा रही है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल की शतकीय पारियों के दौरान बने रिकॉर्ड्स
1. महिला वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी साझेदारी
इस मैच में मंधाना और प्रतिका की 212 रनों की साझेदारी भारतीय महिला टीम की वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप बन गई। इस जोड़ी ने 2022 में मंधाना और हरमनप्रीत कौर द्वारा वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाए गए 184 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
2. 2025 में सर्वाधिक रन बनाने वाली जोड़ी
साल 2025 मंधाना और प्रतिका के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज होगा। दोनों ने मिलकर एक कैलेंडर वर्ष में 1557 रन जोड़ दिए, जो पुरुष या महिला क्रिकेट में अब तक की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे ज्यादा रन सिर्फ 1998 में सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली की जोड़ी (1635 रन) ने बनाए थे।
3. मंधाना और प्रतिका की 23 पारियों में सातवीं शतकीय साझेदारी
मंधाना और प्रतिका ने अपने छोटे से करियर में अभी तक 23 पारियाँ साथ खेली हैं और इनमें 7 शतकीय साझेदारियाँ बना चुकी हैं। यह आंकड़ा उन्हें दुनिया की सबसे सफल ओपनिंग जोड़ियों में शुमार करता है।
इन सात शतकीय साझेदारियों में से पाँच तो सिर्फ 2025 में ही आईं, जो दर्शाता है कि इस साल भारतीय महिला टीम की बल्लेबाजी का असली स्तंभ यही जोड़ी रही है।
4. एक से ज्यादा बार 200 से ज्यादा रनों की साझेदारी करने वाली मात्र चौथी जोड़ी
मंधाना और प्रतिका अब चौथी ऐसी जोड़ी बन गई हैं, जिनके नाम एक से ज्यादा बार 200+ साझेदारियाँ दर्ज हो चुकी हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि मेग लैनिंग–एलिस पेरी (ऑस्ट्रेलिया), टैजमिन ब्रिट्स–लॉरा वुल्फार्ट (दक्षिण अफ्रीका) और टैमी ब्यूमोंट–एमी जोन्स (इंग्लैंड) की जोड़ियों ने हासिल की थी।
5. प्रतिका रावल ने बनाया महिला वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन
सिर्फ एक साल पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने वाली प्रतिका रावल ने विश्व स्तर पर तहलका मचा दिया है। उन्होंने सिर्फ 23 पारियों में ही अपने 1000 रन पूरे कर लिए, जो महिला वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज है। इसके अलावा, रावल ने महज 304 दिनों में यह उपलब्धि हासिल कर ली, जिससे उन्होंने लॉरा वुल्फार्ट के 734 दिनों के रिकॉर्ड को काफी पीछे छोड़ दिया।
6. मंधाना का महिला वनडे क्रिकेट में दूसरा सबसे ज्यादा शतक
स्मृति मंधाना इस समय अपने करियर के शिखर पर हैं। उनके नाम अब 14 वनडे शतक हो चुके हैं, जो सिर्फ मेग लैनिंग (15) से कम हैं।
7. मंधाना का एक साल में रिकॉर्ड 5 शतक
साल 2025 में मंधाना ने अब तक 5 शतक लगाए हैं, जो किसी भी महिला बल्लेबाज द्वारा एक साल में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा हैं। इस साल दक्षिण अफ्रीका की सलामी बल्लेबाज टैजमिन ब्रिट्स ने भी 5 शतक लगाए हैं।
8. मंधाना के नाम अब अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक
मंधाना के नाम अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 17 शतक दर्ज हो चुके हैं, जिससे वह सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में लैनिंग के साथ पहले स्थान पर पहुँच गई हैं। साथ ही, उन्होंने इस साल 31 छक्के लगाए हैं, जो किसी भी महिला बल्लेबाज के लिए एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा का आँकड़ा है।
9. टीम इंडिया की तरफ से एक साल में लगे सबसे ज्यादा 10 शतक
भारतीय महिला टीम के लिए 2025 एक स्वर्णिम साल साबित हो रहा है। टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने इस साल अब तक 10 शतक जड़ दिए हैं, जो किसी भी टीम की ओर से एक साल में सबसे ज्यादा शतक हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







